मथुरा। सावन शिवरात्रि पर मथुरा-वृंदावन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर और वृंदावन के श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास, दर्शन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, सफाई, प्रकाश, यातायात और पार्किंग की व्यवस्थाएं परखी। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर खोया-पाया केंद्र तक की व्यवस्था
सावन शिवरात्रि पर भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे और महिला पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि सावन शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण में दर्शन कराए जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
शिव मंदिरों के निरीक्षण के बाद डीएम और एसएसपी ने वृंदावन के प्राचीन श्री राधा गोपाल मंदिर तथा ब्रह्मकुंड स्थित ठाकुर श्री श्री राधा कृष्ण चन्द्रमाजू महाराज मंदिर का भी निरीक्षण किया।
