Web News

www.upwebnews.com

मेडल जीतकर लौटे तरुण व दिव्यांशु का जोरदार स्वागत, ग्रामीणों ने जताया हर्ष

March 9, 2026

मेडल जीतकर लौटे तरुण व दिव्यांशु का जोरदार स्वागत, ग्रामीणों ने जताया हर्ष

 गांव पहुंचने पर तरुण व दिव्यांशु का स्वागत करते ग्रामीण।
​चौमुहाँ (मथुरा)। वाराणसी में संपन्न हुई अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने वाले पहलवान तरुण सिसोदिया और दिव्यांशु सिसोदिया का गाँव पहुँचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। फूलों की मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ दोनों युवा खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया।
​वाराणसी में 17 से 19 फरवरी तक आयोजित इस चैंपियनशिप में तरुण सिसोदिया ने 41 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) और दिव्यांशु सिसोदिया ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक (ब्रोंज मेडल) जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
​ जिला कुश्ती संघ मथुरा के महासचिव जनार्दन सिंह पहलवान, अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली पहलवान आने वाले समय में जिले और प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम भी विश्व पटल पर ऊँचा करेंगे। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
​खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से गिर्राज सिंह, सुरेश मेंबर, बिहारी लाल उर्फ पूरन सिंह, कालू पहलवान, जगन्नाथ सिसोदिया, पुष्पेंद्र पहलवान, भप्पा सिसोदिया, पंडित चिंतामणि शर्मा, कुलदीप सिसोदिया और रतन सिंह आदि ने दोनों पहलवानों को अपना आशीर्वाद और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

March 8, 2026

मथुरा साइबर थाना की बड़ी कार्रवाई, लाखों की ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

मथुरा। थाना साइबर क्राइम मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जन-धन खातों के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक बैंक पासबुक, सात एटीएम कार्ड, एक क्यूआर कार्ड तथा दो चेकबुक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:30 बजे थाना क्षेत्र हाईवे स्थित बैकुंठ विहार कॉलोनी से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नीरज (24) निवासी श्रीनाथपुरम थाना हाईवे, मुकुल सिंह (25) निवासी जिला भरतपुर (राजस्थान), विक्रांत कुमार (23) निवासी जिला डीग (राजस्थान), पुष्पेंद्र सिंह उर्फ भूरा (24) निवासी आजाद नगर कोतवाली मथुरा तथा अनिकेत (23) निवासी जनकपुरी कोतवाली मथुरा शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी नीरज बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कृष्णा नगर शाखा में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। वह बंद पड़े जन-धन खातों में मोबाइल नंबर बदलकर नए एटीएम कार्ड जारी कर देता था। इसके बाद इन खातों की एटीएम, चेकबुक और अन्य एक्सेस अपने साथियों को उपलब्ध करा देता था।
इसके बाद आरोपी इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि मंगवाकर निकाल लेते थे। खातों की व्यवस्था कराने के बदले प्रत्येक खाते पर करीब 25 हजार रुपये कमीशन लिया जाता था। गिरोह के तार राजस्थान और जयपुर तक जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम:
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक रफत मजीद, निरीक्षक अमित चौहान, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक शरद त्यागी, उपनिरीक्षक कपिल कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, अनूप कुमार, अभिनव यादव, अजेन्द्र सिंह तथा तकनीकी टीम के विवेक कुमार, गोविंद सिंह, अर्जुन सिंह और विजय सिंह शामिल रहे।

पुलिस मुठभेड़ में हत्या का वांछित भोला गिरफ्तार

थाना नौहझील पुलिस एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही
मथुरा। थाना नौहझील पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना नौहझील में दर्ज हत्या के मुकदमे (मु.अ.सं. 074/26 धारा 103(1) बीएनएस) में वांछित अभियुक्त भोला उर्फ हर्ष (22) पुत्र जोगेंद्र उर्फ ज्ञानी निवासी गांव सुहागपुर को 7 मार्च 2026 की रात करीब 9:40 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के किमी 69.5 के अंडरपास के नीचे से मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया गया।
इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर अवैध तमंचों से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी नौहझील भेजा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 3 मार्च 2026 को गांव सुहागपुर में अपनी बहन के प्रेमी की दिनदहाड़े तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी ने अवैध तमंचों के साथ फोटो खींचकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड किए थे और गांव में हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, सात जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस तथा एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर UP 85 AV 5345) बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नौहझील में हत्या समेत अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने पर भव्य श्याम फाग महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मथुरा। शहर में श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य श्याम फाग महोत्सव एवं श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस संकीर्तन में श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाटिका, मसानी बाईपास लिंक रोड स्थित परिसर में किया गया। सुबह 10 बजे बाबा श्याम का अभिषेक पूजन किया गया, जबकि रात 8 बजे से भव्य श्याम संकीर्तन शुरू हुआ, जो रात्रि लगभग 2 बजे तक चलता रहा। महोत्सव में बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
संस्था के महंत पंडित भवानी गिरी ने बताया कि कार्यक्रम में फाग और भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे श्रद्धालु श्याम भक्ति में डूब गए।
भजन संध्या में दिल्ली से आईं प्रसिद्ध भजन प्रवाहक भावना स्वरांजली ने अपने मधुर भजनों से समा बांध दिया। वहीं नेहा शर्मा, सिद्धांत राज तथा अंकित लवानिया सहित अन्य भजन गायकों ने भी सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम के कीर्तन का आनंद लिया। देर रात तक भक्त भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में महंत भवानी गिरी के साथ प्रियंक मल्होत्रा, अंकुर गोयल, शिवम गर्ग, अंशुल गोयल, लवकेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, शुभम पिपलिया, मनोज अग्रवाल (धूपबत्ती वाले) तथा उमेश भदौरिया सहित अनेक श्याम भक्त उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित,
मथुरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बलदेव , मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी सुगंधा जैन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी उपस्थित लोगों ने देखा।
इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने बाल विकास विभाग की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की महिलाएं गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिला रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं घर और बाहर दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में इसी तरह आगे बढ़ती रहें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बुद्धि मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अन्य महिलाओं के सशक्तिकरण में सबसे अहम भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित या शोषित महिला की मदद के लिए महिलाओं को सबसे पहले आगे आना चाहिए तथा परिवार की बालिकाओं को जीवन में संतुलन और गरिमा बनाए रखने के लिए शिक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी मथुरा ग्रामीण श्रीमती शशि मिश्रा, सुपरवाइजर श्रीमती मनीषा कौशल तथा फरह परियोजना की सुपरवाइजर पूनम कुंतल को पोषण पुनर्वास केंद्र में सर्वाधिक बच्चों को भर्ती कराने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभाग में बेहतर कार्य करने वाली चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं—प्रमिला (आंगनबाड़ी केंद्र सुभाष नगर, शहर परियोजना), मीना शर्मा (आंगनबाड़ी केंद्र पलसों, परियोजना गोवर्धन), मुंदरा देवी (आंगनबाड़ी केंद्र नगला काशी, ग्रामीण परियोजना) तथा जयश्री (आंगनबाड़ी केंद्र बरसाना, परियोजना नंदगांव) को भी सम्मानित किया गया। इन सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने केंद्रों के लाभार्थियों को राशन का वितरण शत-प्रतिशत एफआरएस (चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक) के माध्यम से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग में नवचयनित दो सुपरवाइजर— विमल राज एवं  प्रवेश फौजदार को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी कार्यकर्ताओं और महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सेवायोजन एवं प्रोबेशन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »