Web News

www.upwebnews.com

बेटी की शादी से पहले पिता की दर्दनाक मौत, बंदरों के हमले से छत से गिरा युवक

April 28, 2026

बेटी की शादी से पहले पिता की दर्दनाक मौत, बंदरों के हमले से छत से गिरा युवक

फरह के पीगरी गांव में हादसा, शादी की खुशियां मातम में बदलीं; ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
फरह (मथुरा)। शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बंदरों के हमले में एक पिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना थाना फरह क्षेत्र के पीगरी गांव की है, जहां अमर सिंह (पुत्र श्यामलाल) की छत से गिरने के बाद मौत हो गई।
रविवार सुबह अमर सिंह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के तहत घर की छत पर गेहूं सुखाने गए थे। इसी दौरान बंदरों के एक झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर वह संतुलन खो बैठे और छत से नीचे गिर गए।
गंभीर सिर की चोट लगने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अमर सिंह की बेटी पूजा की शादी 10 मई को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटी के हाथ पीले होने से पहले ही पिता की अर्थी उठने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। कई बार वन विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने घटना के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
 परिवारीजन ने कहा
“घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। बंदरों का आतंक लंबे समय से है, कई बार शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हमारे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।”

April 25, 2026

नमामि गंगे योजना के तहत एसटीपी परियोजनाओं का मण्डल आयुक्त ने किया निरीक्षण

मथुरा, 24 अप्रैल 2026। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत मथुरा जनपद में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं का शुक्रवार को मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप ने निरीक्षण किया। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त उमेशमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी सी. पी. सिंह, जलनिगम ग्रामीण के परियोजना प्रबंधक रविन्द्र प्रताप सिंह एवं उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले आयुक्त ने वृन्दावन स्थित एसटीपी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यह 13 एमएलडी क्षमता का प्लांट है, जिसमें नगर के 13 में से 11 नालों को पहले ही टैप किया जा चुका है। शेष दो नालों—चैतन्य बिहार (सुनरख) एवं कालीदह क्षेत्र—के लिए एसटीपी का निर्माण पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में तीन माह का ट्रायल चल रहा है। इस परियोजना का संचालन एवं अनुरक्षण आगामी 15 वर्षों तक कार्यदायी संस्था द्वारा किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए पिलर व प्लिंथ में पाई गई खामियों (हनीकॉम्बिंग) को सुधारने, भवन की फिनिशिंग व रंगाई कार्य पूरा करने तथा फर्श व सीढ़ियों पर लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स में गैप को ठीक कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद छाता स्थित एसटीपी का निरीक्षण किया गया। यहां 14 नालों को टैप कर 6 एमएलडी क्षमता का प्लांट प्रस्तावित है, जिसकी वर्तमान प्रगति लगभग 13 प्रतिशत है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि परियोजना सुनसान क्षेत्र में होने के कारण एक अभियंता की स्थायी तैनाती की जाए तथा उपजिलाधिकारी छाता साप्ताहिक निरीक्षण सुनिश्चित करें। साथ ही यमुना नदी की बाढ़ से सुरक्षा हेतु रिटेनिंग वॉल का निर्माण कर दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अंत में कोसी कलां स्थित 12 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निरीक्षण किया गया, जिसकी भौतिक प्रगति लगभग 42.65 प्रतिशत बताई गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी भूमिगत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं तथा जुलाई 2026 तक परियोजना को पूरा कर ट्रायल शुरू किया जाए।
आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सभी एसटीपी से प्राप्त शोधित जल का उपयोग वनों की सिंचाई, कुंड/तालाबों को भरने और अन्य उपयोगों में सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।

April 23, 2026

जॉर्डिया के पहलवान फेडरिला को चित कर अंकित ने जीती ढाई लाख की कुश्ती

मथुरा। गांव सिहोरा में भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता द्वारा आयोजित भव्य दंगल में देश-विदेश से आए पहलवानों ने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य मुकाबले में स्थानीय पहलवान अंकित ने जॉर्डिया के पहलवान फेडरिला को रोमांचक मुकाबले में चित कर ढाई लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की इनामी कुश्ती अपने नाम कर ली।
दंगल में हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजकों के अनुसार 1.10 लाख, 21 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये की अन्य कुश्तियां भी कराई गईं, जिनमें पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के प्रदेश अध्यक्ष भूरा पहलवान ने सभी अतिथियों एवं पहलवानों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और खेलों को बढ़ावा मिलता है

थाना बरसाना का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

बरसाना (मथुरा)। जनपद मथुरा के थाना बरसाना का वार्षिक निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा की गई तथा “यक्ष” ऐप पर अपराधियों का सत्यापन अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाना परिसर में खड़े लावारिस एवं अन्य वाहनों को नियमानुसार नीलाम करने, थाने में मरम्मत एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटर एवं अन्य सूचीबद्ध अपराधियों की सघन निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विवेचना कक्ष, थाना कार्यालय एवं मालखाने का भी जायजा लिया गया। अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा सभी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लाडली जी मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिक्रमण हटवाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन अश्विनी कुमार सहित बरसाना पुलिस टीम मौजूद रही।

April 20, 2026

सोमनाथ साह बने लोजपा (रामविलास) मथुरा के जिलाध्यक्ष, चेता सिंह को आगरा मंडल की जिम्मेदारी

मथुरा। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में संगठनात्मक बदलाव के तहत सोमनाथ साह को मथुरा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
वहीं, मथुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष चेता सिंह को पदोन्नति देते हुए आगरा मंडल का महासचिव बनाया गया है और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी के अनुसार, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इस क्रम में अरुण भारती को प्रदेश प्रभारी तथा शांभवी चौधरी को प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सोमनाथ साह ने कहा कि पार्टी अपनी विचारधारा और उपलब्धियों के दम पर मथुरा की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी और आगामी चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम सामने आएंगे।
« Newer PostsOlder Posts »