Web News

www.upwebnews.com

अस्कुंडा घाट पर चला सख्त स्वच्छता अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

May 3, 2026

अस्कुंडा घाट पर चला सख्त स्वच्छता अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की अधिकृत संस्था नेचर ग्रीन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में द्वारकाधीश मंदिर के निकट स्थित अस्कुंडा घाट पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा हटाया गया और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
टीम ने घाट के आसपास स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, खासकर खाने-पीने की दुकानों को अपने प्रतिष्ठानों पर कूड़ेदान रखने और उसका नियमित उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने या नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर नेचर ग्रीन के ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक वाजपेयी, आईईसी मैनेजर सुजीत सिंह, जोनल गिरीश सहित आईईसी टीम के सदस्य—कान्हा, बुलबुल, काजल, वंदना, हेमा, भावना, दामिनी, रूपा—तथा प्रोजेक्ट मथुरा से विपुल जी और उनकी टीम मौजूद रही।
अभियान का संदेश स्पष्ट रहा—“स्वच्छ घाट – स्वच्छ बाजार – स्वच्छ मथुरा।”

May 2, 2026

मथुरा में सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत

मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के रेलवे फाटक पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 52 वर्षीय रतनदेई (निवासी खेरागढ़, आगरा) की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार  मृतका अपने बेटे और नातिन के साथ हरियाणा जा रही थीं, तभी रेलवे फाटक के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रतनदेई ट्रॉली के टायर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

April 28, 2026

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने राया मंडी के गेहूं क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं, पारदर्शी व समयबद्ध खरीद के दिए निर्देश
मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सोमवार को राया मंडी में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तौल व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया और साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में 28 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है। सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जबकि मंडी में 2300 से 2400 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीद हो रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक क्रय केंद्रों पर ही अपना गेहूं बेचें, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के 24 घंटे के भीतर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में कर दिया जाता है। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों की उपज समय पर और उचित मूल्य पर खरीदी जाए तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मंत्री संदीप सिंह की प्रेस वार्ता, विपक्ष पर साधा निशाना

महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार, विरोध करने वालों को चुनाव में मिलेगा जवाब
मथुरा, 26 अप्रैल 2026।  प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग  संदीप सिंह ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान (यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय) में नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 और महिला जन-आक्रोश के संबंध में प्रेस वार्ता की।
उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल 2026 को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है और अपनी महिला-विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी उनका स्वाभाविक अधिकार है, कोई उपकार नहीं।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जो दल इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा बने हैं, उन्हें आने वाले चुनावों में महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन से किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा, बल्कि संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कोटा के भीतर धर्म आधारित आरक्षण की मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, एमएलसी ठाकुर ओम प्रकाश सिंह और महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मगोर्रा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

मथुरा। थाना मगोर्रा क्षेत्र में हुए चर्चित भोहरेलाल हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हत्या की साजिश मृतक के अपने ही परिवार ने रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके तीन बेटों और एक पड़ोसी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि भोहरेलाल शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर आकर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। लंबे समय से चल रही इस घरेलू हिंसा से परिवार बेहद परेशान था। घटना वाले दिन भी वह अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार, जब भोहरेलाल अपनी पत्नी को पीट रहा था, तभी उसके तीनों बेटों ने बीच-बचाव किया। इस दौरान हुई हाथापाई में उसके गले में पड़ी साफी (अंगोछा) कस गई, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घबराए परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। उन्होंने पड़ोसी की मदद से शव को गांव के पास स्थित तालाब किनारे फेंक दिया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस को शुरुआत से ही परिवार के बयान पर संदेह था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मगोर्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहुल, रोहित, सौरभ (तीनों पुत्र), मृतक की पत्नी और पड़ोसी बृजेश को सोन चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और घरेलू कलह के गंभीर परिणामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

« Newer PostsOlder Posts »