मथुरा। टीएफसी वृंदावन के कॉन्फ्रेंस हॉल में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत आयोजित परीक्षाओं एवं आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् शामिल हुए।
बैठक के दौरान मंत्री ने सभी शिक्षण संस्थानों को नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए महाविद्यालयों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
राज्य मंत्री ने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया। “नारी वंदन अभियान” के अंतर्गत छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रत्येक कॉलेज परिसर में स्वच्छ शौचालय, सुव्यवस्थित कॉमन रूम तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बी.एस.ए. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा, राजकीय महाविद्यालय वृंदावन के प्राचार्य डॉ. विनय चौधरी, डॉ. गोविंद चावला, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. एस.के. राय, डॉ. रवीश शर्मा, डॉ. वी.पी. राय, डॉ. बी.के. गोस्वामी, फतेह कृष्ण, डॉ. यू.के. त्रिपाठी, शाहरुख उस्मानी एवं अमित कुमार सहित कई शिक्षाविद् उपस्थित रहे।
