Web News

www.upwebnews.com

शादी वाले दिन दूल्हे के पिता की गला रेतकर हत्या, जेवर-नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने का आरोप

November 21, 2026

शादी वाले दिन दूल्हे के पिता की गला रेतकर हत्या, जेवर-नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने का आरोप

दूल्हे ने अपने जीजा पर लगाया हत्या का आरोप, नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
मथुरा। गोवर्धन में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में आए दूल्हे के 65 वर्षीय पिता ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे ने अपने जीजा पर हत्या करने और दुल्हन के सोने के जेवरात व नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने का आरोप लगाया है।
घटना गोवर्धन के डीग रोड स्थित नई सब्जी मंडी के पास की है। 20 नवंबर को अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव बसई से बारात आई थी। शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान दूल्हे के पिता ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होते ही समारोह में चीख-पुकार मच गई।
दूल्हे अरविंद ने अपने जीजा सुखबीर निवासी गांव नगरिया, अलीगढ़ पर हत्या का आरोप लगाया है। अरविंद के मुताबिक, आरोपी से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने शादी के दिन खून बहाने की धमकी भी दी थी। वारदात के बाद दुल्हन के सोने के आभूषण और नकदी से भरा बैग भी गायब मिला।
पुलिस ने दूल्हे की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के सात फेरों के बीच हुई इस वारदात ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।