Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री ने किया आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण

July 19, 2026

मुख्यमंत्री ने किया आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण

लखनऊ, 19 जुलाई 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज राजधानी में ₹200 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नवीन मुख्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्राधिकरण की वेबसाइट का शुभारंभ किया तथा आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले SDRF, PAC और अग्निशमन सेवा के कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

युवा अधिकारी राष्ट्र निर्माण के उत्प्रेरक बनें : निखिल खडसे

‘विकसित युवा से विकसित भारत’ के रोडमैप के साथ लखनऊ में चौथे एवं अंतिम चिंतन शिविर का समापन

लखनऊ, 19 जुलाई 2026 युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का चौथा क्षेत्रीय चिंतन शिविर आज लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संपन्न हुआ। इसके साथ ही “विकसित युवा बनाएगा विकसित भारत (Viksit Yuva for Viksit Bharat)” विषय पर आयोजित देशव्यापी क्षेत्रीय विचार-विमर्श श्रृंखला का समापन हुआ।

सत्र को संबोधित करते हुए युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी युवा अधिकारियों की है। उन्होंने कहा, “आप जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं, इसलिए चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझते हैं, सही प्रश्न पूछते हैं और व्यावहारिक समाधान खोजते हैं। यही प्रतिबद्धता प्रत्येक प्रस्तुति में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।”

उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि MY Bharat, Experiential Learning Programme (ELP), Prime Minister Internship Scheme (PMIS) तथा Fit India पर प्रस्तुतियों ने जमीनी स्तर पर उनकी प्रतिबद्धता और स्थानीय चुनौतियों की व्यावहारिक समझ को प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा, “यह केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। युवाओं को अपने करियर के निर्माण के साथ-साथ देश को आगे बढ़ाने के बारे में भी सोचना चाहिए। वे भारत का भविष्य लिखेंगे और आप सभी के पास युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का अवसर है।”

राज्य मंत्री ने चिंतन शिविर के दौरान प्रस्तुत किए गए विचारों की सराहना करते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों के समर्पण और कठिन परिश्रम को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि MY Bharat, Experiential Learning Programme (ELP), Prime Minister Internship Scheme (PMIS) तथा Fit India जैसी पहलें यह दर्शाती हैं कि क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन से नीतिगत परिणाम अधिक बेहतर होते हैं।

युवा कार्यक्रम विभाग के संयुक्त सचिव श्री शिव रतन ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों की MY Bharat के साथ साझेदारी में बढ़ती रुचि इस मंच के युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में उभरने का प्रमाण है। उन्होंने अधिकारियों से राज्य सरकारों, शैक्षणिक संस्थानों तथा स्थानीय हितधारकों के साथ सहयोग को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे विभाग की पहुँच और प्रभाव दोनों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा, “हर राज्य की अपनी चुनौतियाँ होती हैं और प्रत्येक चुनौती के लिए राज्य-विशिष्ट समाधान आवश्यक है। हमारा ध्यान स्थानीय समस्याओं के स्थानीय समाधान विकसित करते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने पर होना चाहिए, साथ ही विकसित भारत के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप भी बने रहना चाहिए।”

अधिकारियों को संबोधित करते हुए MY Bharat की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने पूरे चिंतन शिविर के दौरान अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की तथा उन्हें युवा सहभागिता के लिए नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि MY Bharat की सफलता युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व और सामुदायिक सहभागिता के सार्थक अवसर प्रदान करने में निहित है, साथ ही विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का प्रभावी दस्तावेजीकरण एवं विस्तार सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

दूसरे दिन की शुरुआत Prime Minister Internship Scheme (PMIS) तथा Fit India पर तकनीकी सत्रों से हुई, जिनका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ावा देना था। समापन दिवस का प्रमुख आकर्षण विभाग के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर कार्य समूहों द्वारा तैयार विषयगत कार्ययोजनाओं और केस स्टडी का प्रस्तुतीकरण रहा। समूहों ने नशा मुक्त भारत, फिट इंडिया, जेंडर सेंसिटाइजेशन, युवा नेतृत्व एवं स्वयंसेवा, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम्स, सामुदायिक जनसहभागिता तथा MY Bharat एवं MY Bharat NSS के संस्थागत सुदृढ़ीकरण पर अपनी अनुशंसाएँ प्रस्तुत कीं।

दो दिवसीय चिंतन शिविर का मुख्य निष्कर्ष यह रहा कि विभाग ने MY Bharat को युवाओं के नेतृत्व वाले राष्ट्र निर्माण के एक सशक्त मंच के रूप में और अधिक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके लिए जमीनी स्तर पर व्यापक पहुँच, संस्थागत समन्वय तथा सहयोगात्मक सुशासन को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। विचार-विमर्श में समुदाय के साथ गहन सहभागिता, व्यवहार परिवर्तन संचार, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्थानीय हितधारकों के साथ मजबूत साझेदारी, प्रौद्योगिकी आधारित कार्यक्रम क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय अधिकारियों की निरंतर क्षमता वृद्धि के महत्व को रेखांकित किया गया। अधिकारियों ने प्रमुख योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य-विशिष्ट रणनीतियों, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के नियमित आदान-प्रदान तथा मंत्रालय एवं क्षेत्रीय अधिकारियों के बीच सतत संवाद की आवश्यकता पर भी बल दिया।

समापन सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश को MY Bharat पंजीकरण की सर्वाधिक संख्या के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव केंद्र शासित प्रदेश को अपनी युवा जनसंख्या के अनुपात में सर्वाधिक पंजीकरण प्रतिशत प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया, जो उत्कृष्ट जमीनी स्तर की जनसहभागिता और पहुँच को दर्शाता है। चिंतन शिविर से प्राप्त अनुशंसाएँ भविष्य में कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का मार्गदर्शन करेंगी तथा विकसित भारत @2047 की आधारशिला के रूप में विकसित युवा के निर्माण के प्रति युवा कार्यक्रम विभाग की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेंगी।

*Fourth and Final Chintan Shivir concludes in Lucknow with roadmap for ‘Viksit Yuva For Viksit Bharat’*

*MoS Raksha Nikhil Khadse calls upon youth officers to become catalysts of nation-building

लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस वे पर दो और तीन पहिया वाहन प्रतिबंधित

कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) पर यातायात एवं FASTag वार्षिक पास संबंधी महत्वपूर्ण सूचना

लखनऊ | 19 जुलाई, 2026 भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) आमजन की सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) के उपयोगकर्ताओं हेतु निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारी जारी करता है।

*दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित*

कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) एक तेज गति वाला (High-Speed) एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे है। यात्रियों की सुरक्षा तथा यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया (Two-Wheeler) एवं तिपहिया (Three-Wheeler) वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है।

सभी वाहन चालकों से अनुरोध है कि निर्धारित यातायात नियमों एवं संकेतकों का पालन करें तथा केवल अनुमत वाहनों के साथ ही एक्सप्रेसवे का उपयोग करें। नियमों का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*FASTag वार्षिक पास मान्य*

यह भी अवगत कराया जाता है कि हाल ही में प्रारंभ की गई FASTag वार्षिक पास सुविधा कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) सहित सभी राष्ट्रीय राजमार्गों एवं राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर मान्य है।

यह सुविधा पात्र निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल भुगतान को अधिक सुविधाजनक, तेज एवं निर्बाध बनाती है, जिससे टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय कम होगा तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

NHAI सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करता है कि सुरक्षित एवं जिम्मेदार यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा FASTag का उपयोग कर डिजिटल एवं निर्बाध टोल प्रणाली को अपनाएं।

यूपी के 826 ब्लाक प्रमुख बने प्रशासक

लखनऊ, 19 जुलाई 2026, उत्तर प्रदेश की सरकार ने पहली बार 826 ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक नियुक्त किया। प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों के बाद अब 826 ब्लॉक प्रमुख भी बने प्रशासक बना दिये गये है यूपी के इतिहास में पहली बार प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख एक साथ प्रशासक बनाए गए।

विभाग द्वारा आज ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक बनाए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है।

July 18, 2026

मुख्यमंत्री ने श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर में दर्शन-पूजन किया

मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में मेरठ मण्डल के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा आगामी काँवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की

प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के प्रति प्रतिबद्ध, जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश

मठ एवं मन्दिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन तथा मन्दिर परिसर में वेदपाठी बटुकों एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद किया

संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होती आयी

लखनऊ : 18 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गाजियाबाद में मेरठ मण्डल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा आगामी काँवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपने-अपने क्षेत्रों से सम्बन्धित विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दे रखे। बैठक में जनपद के विकास, सुरक्षा व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर पहुँचकर भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं लोककल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री जी ने मन्दिर परिसर में स्थित शिवलिंगों पर भी पुष्प अर्पित किए और नंदी महाराज के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए तथा मठ परिसर में विराजमान संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव स्तुति के मध्य सम्पन्न हुए पूजन कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
मुख्यमंत्री जी ने मठ एवं मन्दिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संत समाज के साथ प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर मन्दिर के पीठाधीश्वर, संत समाज एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जी ने मन्दिर परिसर में वेदाध्ययन कर रहे वेदपाठी बटुकों (ब्रह्मचारी छात्र) एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय ज्ञान परम्परा, वैदिक संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होती आयी है।
उल्लेखनीय है कि श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर गाजियाबाद का एक प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिवधाम है, जो सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना एवं वैदिक परम्परा का प्रमुख केन्द्र माना जाता है।
———

« Newer PostsOlder Posts »