Web News

www.upwebnews.com

विश्व पर्यावरण दिवस पर गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर नेताओं ने किया पौधरोपण

June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर नेताओं ने किया पौधरोपण

Posted on 05/06/2026
Time 11:05 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर। 5 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा ) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संकल्प देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गोरखपुर के सांसद रवि किशन और भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने पौधारोपण कर प्रकृति को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया।

सांसद रवि किशन ने पौधारोपण करते हुए कहा कि ‘प्रकृति है तो हम हैं।’ उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान महज एक पौधा लगाना नहीं है, बल्कि यह अपनी धरती मां और जन्म देने वाली मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक माध्यम है। उन्होंने गोरखपुर की जनता से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

आज का दिन गोरखपुर और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक विशेष संयोग लेकर आया। विश्व पर्यावरण दिवस के साथ ही आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी है। इस दोहरे उत्सव के अवसर पर सांसद रवि किशन और महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
​दोनों नेताओं ने भगवान गोरक्षनाथ के समक्ष प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और लंबी आयु की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जन-कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

June 4, 2026

फोरलेन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा, मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत

Posted on 04/06/2026
Time 16:27 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर : 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) भटहट क्षेत्र के दलाल चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर मिट्टी में दबा हुआ एक मजदूर का शव मिला। घटना गुरुवार सुबह तब उजागर हुई, जब राहगीरों ने मिट्टी के ढेर से एक मानव पैर बाहर निकला हुआ देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

​मृतक की पहचान 35 वर्षीय मिंटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवरिया जिले का रहने वाला था। पिछले पांच वर्षों से वह गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां स्थित अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। परिजनों के अनुसार, मिंटू पिछले 10 दिनों से जंगल कौड़िया में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।

​प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक थकान के कारण मिंटू बुधवार रात डिवाइडर पर ही सो गया था। इसी बीच, डंपर से गिराई गई मिट्टी के नीचे दब जाने से उसकी दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक झोला बरामद हुआ है, जिसमें रोटी-सब्जी, देसी शराब का पाउच, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल मिली है।

​सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैकहो लोडर (JCB) और अन्य मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।

​मिंटू की असामयिक मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसके परिवार में पत्नी नीता देवी के अलावा 8 साल का बेटा किस और 4 साल की मासूम बेटी गुड़िया है। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ​

पत्नी और बच्चों की आड़ में शातिर चोर का ‘कारनामा’, गीता वाटिका के पास से बाइक लेकर हुआ रफूचक्कर

Posted on 04/06/2026
Time 12:36 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर : 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गीता वाटिका इलाके में चोरी का एक बेहद ही सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक शातिर चोर ने अपनी पत्नी और बच्चों को ढाल बनाकर एक मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी युवक अपने परिवार को साथ लेकर एक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुँचा। गीता वाटिका के पास पहुँचने के बाद उसने बड़ी ही चतुराई से अपनी बाइक खड़ी की और आसपास रेकी शुरू कर दी। परिवार साथ होने के कारण किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। भीड़भाड़ और परिवार की मौजूदगी का फायदा उठाकर उसने कुछ ही देर में पास खड़ी एक बाइक को निशाना बनाया और उसे लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने शाहपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो चोरी की पूरी पोल खुल गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी ने अपने परिवार की आड़ लेकर बड़ी शातिराना अंदाज में इस चोरी को अंजाम दिया।

शाहपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और इसके आधार पर आरोपी की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े या शाम के वक्त परिवार को साथ लेकर की गई इस चोरी ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्वच्छता के संकल्प से गूंजा रामगढ़ताल: विश्व पर्यावरण दिवस और सीएम के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर महा-सफाई अभियान

Posted on 04/06/2026
Time 11:50 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर: 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) विश्व पर्यावरण दिवस और प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुवार को गोरखपुर में स्वच्छता का विशेष उत्साह और जन-भागीदारी देखने को मिली। रामगढ़ताल स्थित नौका विहार परिसर में आयोजित एक वृहद स्वच्छता अभियान के माध्यम से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया गया।

इस महा-सफाई अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त, महापौर और भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण लेकर नौका विहार के चप्पे-चप्पे पर उतरे और परिसर की सघन सफाई की।

अभियान के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सफाई कार्य नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, विश्व पर्यावरण दिवस और मुख्यमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर हम सभी को अपने आसपास के वातावरण को प्लास्टिक मुक्त और हरा-भरा रखने का संकल्प लेना चाहिए।

स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। इस दौरान शहरवासियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। इस महा-सफाई अभियान ने पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश प्रसारित किया है।

June 3, 2026

साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्रों और शिक्षकों को दी गई सुरक्षा की जानकारी

Posted on 3/06/2026
Time 09:10 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

गोरखपुर। 3 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (अपराध) के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘साइबर जागरूकता अभियान’ के तहत केंद्रीय विद्यालय पिपराइच में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान साइबर सेल अपराध शाखा की टीम ने NCC कैडेटों और विद्यालय के समस्त स्टाफ को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों पर विस्तार से चर्चा की। टीम ने मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट, एफिके फ्रॉड (AFI Fraud), फेक न्यूज और म्यूल अकाउंट (अवैध लेनदेन के लिए बैंक खाते का उपयोग) जैसे विषयों पर जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि साइबर अपराधी आए दिन नई तकनीक का सहारा ले रहे हैं, ऐसे में सावधानी ही बचाव का एकमात्र तरीका है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर घबराने के बजाय पीड़ित को तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

कार्यक्रम में साइबर सेल द्वारा सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए जिसमे बताया गया कि खुद को टेलीकॉम या पुलिस अधिकारी बताकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने की धमकी देने या केस में फंसाने का डर दिखाकर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट को प्रमोट करने या फॉलोअर्स बढ़ाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अपनी यूजर आईडी या पासवर्ड कभी साझा न करें। किसी भी प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता किसी अनजान व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। अपराधी आपकी पहचान छुपाकर आपके खाते का उपयोग अपराध के लिए कर सकते हैं। किसी भी अवांछित लिंक (Unknown Link) पर क्लिक न करें। साथ ही, Twitter, Facebook, Instagram और Telegram जैसे प्लेटफॉर्म पर बिना सत्यापन के किसी भी पोस्ट या खबर को फॉरवर्ड करने से बचें। सोशल मीडिया पर अश्लील या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें।

साइबर सेल ने सभी को सलाह दी है कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत सहायता के लिए निम्नलिखित माध्यमों का उपयोग करें ।
हेल्पलाइन नंबर: 1930 पर कॉल करें। www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क करें।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने लोगों को गोरखपुर साइबर क्राइम सेल के व्हाट्सएप चैनल https://whatsapp.com/channel/0029VasEklv7Noa2uPqslj11 से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे साइबर सुरक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी और अलर्ट प्राप्त कर सकें।
उप्र समाचार सेवा भी सभी से अपील करता है कि “सावधान रहें, सुरक्षित रहें।”

« Newer PostsOlder Posts »