Web News

www.upwebnews.com

सत्ता नहीं, संस्कार की है भाजपा की विकास यात्रा : मुख्यमंत्री

April 6, 2026

सत्ता नहीं, संस्कार की है भाजपा की विकास यात्रा : मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
06/04/2026

भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम पर फहराया पार्टी का झंडा

पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ देशवासियों की आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा राष्ट्रवादी परिवार : सीएम योगी

गोरखपुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पार्षद दुर्गेश बजाज, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। @BJP4India मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल जी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है।’

सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा, ‘राष्ट्र प्रथम (Nation First) की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है। भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है।’

इस्टीमेट मंगाइए, इलाज खर्च में सरकार करेगी भरपूर मदद : सीएम योगी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
06/05/2026

जनता दर्शन : गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाने वालों को मुख्यमंत्री ने किया आश्वस्त

गोरखनाथ मंदिर में 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

अधिकारियों को दिए त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण के दिए निर्देश

गोरखपुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि वे उच्चीकृत अस्पताल से इस्टीमेट मंगवा लें, इलाज खर्च में सरकार भरपूर आर्थिक मदद करेगी। सीएम योगी ने इसे लेकर अफसरों को निर्देशित भी किया कि जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों से एक-एक करके समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को हस्तगत किए। उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने या घबराने होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। कैंसर से पीड़ित अपने परिजन के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंची एक महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में मरीज को दिखाकर इस्टीमेट मंगवा लीजिए। इलाज में पूरी मदद की जाएगी।

*जरूरतमंद बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था होगी*
जनता दर्शन में एक बिटिया ने कमजोर पारिवारिक आर्थिक स्थिति का जिक्र कर पढ़ाई के लिए फीस जमा करने में आ रही बाधा की बात मुख्यमंत्री को बताई। इस पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था की जाए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर से आई एक जरूरतमंद महिला को पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

April 2, 2026

गोरखपुर में 5 किशोर डूबे, एक शव बरामद

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/04(2026

गोरखपुर,  एक बेहद दुखद और बड़ी खबर ।
बुधवार की शाम जहां खोराबार विकासखंड के मिर्जापुर ग्राम के पास नदी में चार बच्चों के डूबने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वही राजघाट इलाके के तकिया घाट के समीप राप्ती नदी में एक लड़की को बचाने के प्रयास में बसंतपुर खास निवासी विजेंद्र कुमार का 14 वर्षीय लड़का विवेक डूब गया लेकिन लड़की को सुरक्षित बचा लिया प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

दोनों घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब मिर्जापुर के पास चार किशोर लापता हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता ने तत्काल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी मुख्यालय और चारगांवा से 11वीं वाहिनी NDRF की टीम को मौके पर उतारा गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ,जिलाधिकारी दीपक मीणा , एसएसपी डॉ कौस्तुभ खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्य में कोई भी ढिलाई न बरती जाए। अंधेरा होने के बावजूद NDRF के जवान आधुनिक संसाधनों के साथ लापता बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं।
लापता बच्चों की पहचान रानीडीहा निवासी 15 वर्षीय बीरू उर्फ अमन राजभर,
13 वर्षीय अनिकेत यादव
मालवीय नगर निवासी 15 वर्षीय विवेक निषाद और जंगल सिकरी निवासी 15 वर्षीय
गगन पासवान पासवान के रूप में हुई है ।
पूरे मिर्जापुर और आस-पास के इलाकों में मातम का माहौल है वही बसंतपुर खास में भी विवेक के घर मातम फैला है । परिजनों की आंखें नदी की लहरों पर टिकी हैं, इस उम्मीद में कि कोई चमत्कार हो जाए। हालांकि, समय बीतने के साथ चिंता बढ़ती जा रही है, लेकिन NDRF का हौसला कम नहीं हुआ है। प्रशासन हर संभव मदद का भरोसा दे रहा है।

गुरुवार की शाम को एनडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव ढूंढ निकाला जिसकी पहचान रानीडीहा निवासी सतीश के 15 वर्षीय पुत्र विवेक के रूप में हुई है।

बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट चुनाव में उमापति उपाध्याय अध्यक्ष निर्वाचित

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
02/04/2026

*अनुज अस्थाना मंत्री निर्वाचित; अन्य पदों की मतगणना गुरुवार को*

गोरखपुर। बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के चुनाव में अध्यक्ष और मंत्री पद के परिणाम देर रात घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर उमापति उपाध्याय ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 200 से अधिक मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए । वहीं अनुज अस्थाना मंत्री पद पर निर्वाचित हुए हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत के बाद परिसर में अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें बधाइयां दीं। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमापति उपाध्याय ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायिक कार्यों में सुगमता और बार की गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत पूरे बार परिवार की है।
मंत्री निर्वाचित होने पर अनुज अस्थाना ने भी अधिवक्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव प्रयास करेंगे।
बताया जा रहा है कि अन्य पदों के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को कराई जाएगी, जिसके बाद पूरी कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा। फिलहाल अध्यक्ष और मंत्री पद के परिणाम घोषित होने के बाद बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के सदस्यों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मारकंडेय यादव को मुख्यमंत्री योगी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/04/2026

*गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे मारकंडेय यादव, श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे मुख्यमंत्री*

*वरिष्ठ समाजसेवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए सीएम योगी, परिजनों को बंधाया ढांढस*

*गोरखपुर, 2 अप्रैल।* गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त, वरिष्ठ समाजसेवी, पिपराइच के लुहसी गांव के निवासी मारकंडेय यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह लुहसी स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मारकंडेय यादव का बुधवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनकी गोरक्षपीठ के प्रति बहुत श्रद्धा थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह करीब सवा दस बजे लुहसी स्थित मारकंडेय यादव के घर पर पहुंचे। उन्होंने स्मृतिशेष के पार्थिव शरीर व चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए महायोगी गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की। सीएम योगी ने स्वर्गीय मारकंडेय यादव के परिजनों, पत्नी गुड्डी यादव, पुत्रद्वय संजीव यादव व विशाल यादव, भाई हरेंद्र यादव, पुत्री वंदना यादव, दामाद हिमांशु यादव आदि से आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति संतराज यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पिपराइच नगर पंचायत के चेयरमैन संजय मद्धेशिया, वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह, आनंद शाही, रणविजय सिंह मुन्ना आदि भी मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »