Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर क्लब संचालक के बेटे की फार्महाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत

April 24, 2026

गोरखपुर क्लब संचालक के बेटे की फार्महाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/04/2026

पुलिस के मुताबिक पिस्टल साफ करते समय अचानक चली गोली

गोरखपुर। शहर के चर्चित कारोबारी और गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव (40) की शुक्रवार को कुसम्ही स्थित अपने फार्महाउस पर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई में । गोली मुंह में लगी और सिर से निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई और कारोबारी व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बरीश शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे सिविल लाइंस स्थित अपने आवास से निकले और करीब 7 बजे फार्महाउस पहुंचे। वहां कुछ देर टहलने के बाद करीब 8:30 बजे वह तीन मंजिला फार्महाउस की ऊपरी मंजिल पर चले गए। बताया जा रहा है कि उस समय वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे।
करीब 8:30 से 9 बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनकर फार्महाउस के कर्मचारी ऊपर पहुंचे तो देखा कि अम्बरीश खून से लथपथ पड़े थे और उनके मुंह से खून निकल रहा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ कैंट अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अम्बरीश प्वाइंट 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल खुद साफ कर रहे थे तभी अचानक गोली चल गई । हालांकि पुलिस अभी हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें अम्बरीश अकेले आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। फार्महाउस तक आने-जाने का एक ही रास्ता बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, अम्बरीश पिछले करीब 15 दिनों से मानसिक तनाव में चल रहे थे। घटना से पहले उन्होंने अपनी पत्नी और एक परिचित से फोन पर बातचीत भी की थी।
अम्बरीश ने वर्ष 2012 में दीपाली श्रीवास्तव से विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग 10 और 8 वर्ष है। वह “एके टेंट हाउस” नाम से व्यवसाय चलाते थे और ठेकेदारी का कार्य भी करते थे। शहर के बड़े आयोजनों और वीआईपी कार्यक्रमों में उनके टेंट हाउस की प्रमुख भूमिका रहती थी। हाल ही में उन्हें श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का महामंत्री भी चुना गया था।
घटना के बाद पुलिस ने फार्महाउस को सील कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।

संपत्ति के लालच में जहर देकर हत्या का आरोप

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
24/04/2026

एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में संपत्ति हड़पने की साजिश के तहत युवक की जहर देकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अजित उर्फ मावेन्द्र पुत्र स्व. ओम प्रकाश निवासी हेम छापर टोला पोखरहवा थाना पनियारा, जिला महराजगंज ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादिनी की अचल संपत्ति हड़पने की नीयत से उसके पुत्र को बहला-फुसलाकर जहर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में मु0अ0सं0 72/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

April 23, 2026

गोरखपुर जेल में बंदियों ने दिखाई शिक्षा की राह, हाईस्कूल में 2 और इंटर में 20 पास

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
23/04/2026

गोरखपुर। जिला कारागार गोरखपुर में आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बंदियों ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 2 बंदी शामिल हुए और दोनों ने सफलता हासिल कर 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। इनमें एक बंदी अयोध्या जिला कारागार से स्थानांतरित होकर गोरखपुर आया है, जबकि दूसरा स्थानीय है।
इंटरमीडिएट परीक्षा में 24 बंदियों ने हिस्सा लिया, जिसमे से 20 सफल रहे। वहीं 1 बंदी फेल हुआ और 3 परीक्षा में बैठे ही नहीं ।
कारागार अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि शिक्षा बंदियों के सुधार और पुनर्वास का अहम माध्यम है। सफल बंदियों को जल्द ही प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

गोरखपुर में दिव्या यादव बनीं जिला टॉपर, 95.67% अंक

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
23/04/2026

गोरखपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम जारी होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार संस्कार इंटर कॉलेज, रिठूआखोर (पाली) की छात्रा दिव्या यादव ने 95.67% अंक (600 में 574) हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
दिव्या यादव एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। इनके पिता अखिलेश यादव प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि माँ रीता देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दिव्या ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
वहीं दूसरे स्थान पर दीनानाथ यादव कॉलेज, सिंघड़िया की प्रिया और अब्दुल कलाम मेमोरियल एकेडमी की बिदिशा ने 95% अंक (600 में 570) हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रिया भी साधारण परिवार से आती हैं, उनके पिता संजय गांव में हार्डवेयर की छोटी दुकान चलाते हैं।
तीसरे स्थान पर तीर्थराज चंद इंटर कॉलेज, बेलघाट के प्रथम चौधरी और रजनी व फूलमती देवी इंटर कॉलेज की रिंकी सिंह 94.83% अंक के साथ रहे।
इस वर्ष जिले के 198 परीक्षा केंद्रों पर कुल 67,642 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला। सरस्वती विद्या मंदिर, आर्य नगर समेत कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की, वहीं विद्यालय प्रशासन ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसी क्रम में रामलीला मैदान निवासी शौर्य यादव ने भी 93.5% अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया।
कुल मिलाकर, इस बार का परिणाम न केवल मेधावी छात्रों की सफलता की कहानी कहता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और संकल्प से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

ऑपरेशन ‘वज्र’ बना अपराधियों पर काल, 841 वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
23/04/2026

इनामी बदमाशों पर भी कसा शिकंजा, 245 एनबीडब्ल्यू वारंटों का हुआ प्रभावी निस्तारण

गोरखपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ के नेतृत्व में चलाया जा रहा विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्र” वर्ष 2026 में बेहद प्रभावी साबित हुआ है। इस अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 841 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे और विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित 28 इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। ये ऐसे अपराधी थे जिन पर पुलिस द्वारा इनाम घोषित किया गया था और जिनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इनके पकड़े जाने से कई मामलों का खुलासा भी हुआ है।
इसके अतिरिक्त, न्यायालयों द्वारा जारी 245 गैर जमानती वारंट (NBW) का भी प्रभावी तरीके से निस्तारण किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश देकर वारंटियों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इससे न्यायिक प्रक्रिया को गति मिली है और फरार चल रहे अभियुक्तों पर भी शिकंजा कसा है।
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने बताया कि “ऑपरेशन वज्र” के तहत प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग कर अपराधियों तक पहुंच बनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »