Web News

www.upwebnews.com

एटा में देर रात ट्रक ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, चालक की मौत दो घायल

May 1, 2026

एटा में देर रात ट्रक ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, चालक की मौत दो घायल

एटा 01 मई उप्रससे। जनपद में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव नरेरा समीप हाइवे पर दो ट्रकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा।

घायल विनय ने बताया अशोक का ट्रक एक खड़े ट्रक से टकरा गया। वे दिल्ली जाने के लिए सौरिख से ट्रक पर बैठे थे, तभी यह टक्कर हुई। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। राहगीरों ने तत्काल कोतवाली देहात थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रकों के केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को एटा वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने ट्रक चालक अशोक पुत्र आनंद दुबे 50 निवासी सौरिख कन्नौज को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन एटा स्थित मोर्चरी पहुंचे। वह कन्नौज से दिल्ली की ओर ट्रक ले जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों में योगेश पुत्र राजनारायण (49 वर्ष) और विनय पुत्र प्रेमनारायण (30 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी सौंरिख, जनपद कन्नौज के निवासी हैं।

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

एटा 30 अप्रैल उप्रससे। जनपद के जलेसर में भारतीय किसान यूनियन किसान ने तहसील परिसर में भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। यूनियन ने आरोप लगाया कि लेखपाल हरिओम ने पीड़ित भानु शाह से ‘फोन पे’ के माध्यम से 20,000 रुपये की रिश्वत ली। इसके अतिरिक्त, बाबू रविन्द्र कुमार के 3,500 रुपये के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। किसानों ने निजी स्कूलों में मनमानी फीस रोकने और एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की। उन्होंने बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की। बिजली विभाग से संबंधित मांगों में स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से बदलकर पुनः पोस्टपेड करने पर जोर दिया। साथ ही, ब्लॉकों में फर्जी फर्म बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की कड़ी जांच की मांग की गई। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर और उपखण्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की सभी मांगों को सुना और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद किसान संगठन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, प्रत्येन्द्र शाह, दीपक चौहान, हरिओम मिश्रा, विपिन कुमार, मोनू गौतम, सत्येन्द्र सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पवन ठाकुर ने कहा, “भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही भ्रष्ट लेखपाल और बाबू पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”

April 28, 2026

एटा में बिजली कटौती को लेकर किसानों ने अलीगंज उपकेंद्र घेरा

अधिकारी ने दिया आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया

एटा 28 अप्रैल उप्रससे। जनपद की अलीगंज तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने और लो वोल्टेज की समस्या से हजारों बीघा फसलें सूखने से नाराज किसानों ने नारेबाजी कर अलीगंज देहात स्थित विद्युत उपकेंद्र पर दर्जनों किसानों ने घेराव किया। साथ ही लो वोल्टेज की और आपूर्ति सुचारू करने की भी मांग उठाई।

अलीगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र पर किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचे और बिजली घर का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया। यह विरोध ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही विद्युत कटौती और कम वोल्टेज के कारण उत्पन्न हुई समस्याओं को लेकर था। इन दिनों मक्का, मूंगफली और मूंग जैसी फसलें तैयार खड़ी हैं, जिन्हें पानी की अत्यधिक आवश्यकता है। भीषण गर्मी और लू के कारण ये फसलें सूखने की कगार पर हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। किसानों ने पहले बेमौसम बारिश से गेहूं की फसलें गंवाई थीं, अब बिजली संकट से दूसरी फसलों पर खतरा मंडरा रहा है। अलीगंज विकास खंड क्षेत्र के गुनामई, नगला भग्गू, नगला अचल, पलरा और फर्दपुरा सहित कई गांवों के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना मिलते ही उपकेंद्र अधिकारी अलीगंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाया बुझाया और जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया।

गुनामई गांव निवासी पंकज लोधी ने बताया कि उनके गांव में बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है, जिससे फसलें सूख रही हैं। मुश्किल से दो घंटे बिजली मिलती है, वह भी कम वोल्टेज पर, जिससे नलकूप और ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं।

उपकेंद्र अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण पावर हाउस पर लोड काफी बढ़ गया है। ट्रांसमिशन से भी कम वोल्टेज मिल रहा है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और जल्द ही समस्या का समाधान कर विद्युत आपूर्ति सुचारू की जाएगी।

घेराव करने वालो के शेरसिंह शिवचरण, प्रमोद, प्रदीप कुमार साधू सिंह, अरविंद कुमार शिवराम, रामनरेश, विजेंद्र सिंह केशव सिंह सत्यराम, राजूपाल, विजेंद्र सिंह पंकज परसादीलाल सहित दर्जनों की संख्या में किसान मौजूद रहे हैं

April 27, 2026

एटा में खेत में शौच करने गई किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

एटा 27 अप्रैल उप्रससे। जनपद में अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में शौच करने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गांव के ही एक युवक पर यह आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता का काल्पनिक नाम जमालो खेत में शौच के लिए गई थी। तभी गांव के ही आरोपी शिवम गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता ने उसे अकेला देखकर खेत में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर भागी और उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

अलीगंज थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दविश दी जा रही हैं।

April 26, 2026

बिना पंजीकरण चल रहे स्विमिंग पूल

एटा 25 अप्रैल उप्रससे। जनपद में गर्मी शुरू होते ही स्विमिंग पूलों का कारोबार तेजी से फल-फूलने लगा है। इन स्विमिंग पूलों की चमक-दमक के पीछे लापरवाही की एक चिंताजनक तस्वीर छिपी है। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में कई स्विमिंग पूल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं।

कूल कारोवार में न सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, न साफ-सफाई के मानक और न ही संचालन के लिए आवश्यक नियमों का पालन। ऐसे में गर्मी से राहत की तलाश में पहुंच रहे बच्चे, युवा और परिवार अनजाने में अपनी सेहत और सुरक्षा को जोखिम में डाल रहे हैं।
मारहरा कस्बे में कई स्विमिंग पूल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किए जा रहे हैं। नियमों को दरकिनार कर चल रहे इन पूलों पर प्रशासनिक निगरानी की कमी साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग की अनदेखी के चलते यह अवैध कारोबार बेखौफ जारी है।

गर्मी से राहत पाने को पूलों पर उमड़ रही जनमानस की भीड़

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों स्विमिंग पूलों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर एटा नगर में, मारहरा-मिरहची मार्ग, हनुमान चौक-कचौरा मार्ग और पिदोरा मार्ग पर स्थित पूलों में बच्चों और युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। छुट्टियों के चलते परिवार भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
इन पूलों में सुरक्षा के नाम पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। अधिकांश स्थानों पर प्रशिक्षित लाइफगार्ड की व्यवस्था नहीं है। न तो आपातकालीन बचाव उपकरण उपलब्ध हैं और न ही दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था। बच्चों के लिए अलग सुरक्षा प्रोटोकॉल भी नजर नहीं आते।

लोगों का कहना है कि कई स्विमिंग पूलों में पानी की नियमित जांच और दैनिक साफ-सफाई नहीं की जा रही है। पानी की गुणवत्ता खराब होने से त्वचा रोग, आंखों में संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी ऐसे पूलों के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।

चिंता जताते हुए रसीदपुर माफी गांव निवासी अवधेश शर्मा ने कहा कि स्विमिंग पूल मनोरंजन और राहत का अच्छा साधन हैं, लेकिन सुरक्षा और स्वच्छता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि पूलों में साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों और संचालन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

वर्जन
उप जिला क्रीड़ा अधिकारी पूजा भट्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि अवैध रूप से संचालित सभी स्विमिंग पूलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »