Web News

www.upwebnews.com

एटा में एक मकान में अचानक लगी आग से बाइक और साइकिल जलकर राख; दमकल ने बचाया पूरा घर

July 31, 2026

एटा में एक मकान में अचानक लगी आग से बाइक और साइकिल जलकर राख; दमकल ने बचाया पूरा घर

एटा 31 जुलाई उप्रससे। जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव उज्जैपुर में शुक्रवार को एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में घर में खड़ी एक बाइक और एक साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार गांव उज्जैपुर निवासी शेर सिंह पुत्र हरिपाल सिंह के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों के साथ मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के कमरों और पड़ोसी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि तब तक घर में खड़ी बाइक और साइकिल पूरी तरह जल चुकी थीं और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि दमकल कुछ देर और पहुंचती तो आग आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में देर तक आग की चर्चा होती रही।

एटा में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, अधिकारियों ने मार्गों और मंदिरों का किया निरीक्षण

एटा 31 जुलाई उप्रससे। जनपद में सावन माह की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। गुरुवार देर रात जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिव मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

कोतवाली देहात क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह और एसडीएम सदर श्वेता सिंह ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनाती, चेतावनी बोर्ड और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों और सेवा शिविरों का भी निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित प्राचीन कैलाश मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, आने-जाने वाले मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और बैरिकेडिंग का जायजा लिया। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, प्रभावी यातायात संचालन और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उधर क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने थाना अलीगंज क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्र, मेडिकल बूथ और संवेदनशील स्थानों पर किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिले भर में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

July 30, 2026

एटा में कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

एटा 30 जुलाई उप्रससे। जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 31 जुलाई (शुक्रवार) शाम 8 बजे से लागू होगी और 3 अगस्त (सोमवार) शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में कांवड़िए कासगंज के सोरों घाट से गंगाजल लेकर एटा के रास्ते विभिन्न शिवालयों तक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भारी वाहनों, रोडवेज बसों और सामान्य यातायात के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से मैनपुरी जाने वाले भारी वाहनों को एटा शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें एटा बाईपास से निकाला जाएगा। अलीगढ़ से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग से होकर जाएंगे।
एटा से बदायूं और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को कादरगंज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। मैनपुरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन सोरों, अमांपुर, मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग का उपयोग करेंगे। शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आवश्यक वस्तुओं के वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगे।

रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव

शुक्रवार से सोमवार तक अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें एटा शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। मैनपुरी की ओर से आने वाली बसों को आरओबी से पहले ही बाईपास की ओर मोड़ दिया जाएगा। गंजडुंडवारा, अलीगंज और अमांपुर मार्ग की बसों का संचालन भी बाईपास से किया जाएगा।

शहर में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद

श्रावण मास के प्रत्येक शनिवार, रविवार और सोमवार को एटा शहर में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य दिनों में जीटी रोड पर हल्के वाहनों का संचालन वन-वे व्यवस्था के तहत किया जाएगा। एटा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

July 28, 2026

एटा में कैंटीन संचालक का स्कूल में फंदे से लटका मिला शव, स्कूल प्रबंधन से चल रहा था विवाद

एटा 28 जुलाई उप्रससे। जनपद की कोतवाली अलीगंज क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में आज मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति का शव कक्ष संख्या-1 में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली अलीगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया।

मृतक गिरीश चंद्र गुप्ता पुत्र सौंजी राम गुप्ता मोहल्ला नजफअली का रहने वाला है। परिजनों ने बताया वह पिछले करीब चार वर्षों से अलीगंज के कोट रोड स्थित एक प्लॉट में परिवार के साथ रह रहे थे। उनका घर स्कूल के सामने ही है। गिरीश चंद्र गुप्ता स्कूल में कैंटीन का संचालन करते थे और प्रतिदिन स्कूल आते-जाते थे। आज सुबह करीब साढ़े छह बजे गिरीश चंद्र गुप्ता घर से निकले थे। उस समय स्कूल का साइड गेट खुला हुआ था। कुछ ही देर बाद स्कूल परिसर के एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक और स्कूल प्रबंधन के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद की चर्चा थी। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां, बबली, आरजू और मोनिका तथा दो बेटे अभिषेक और अनमोल को छोड़ गए हैं। वह आठ भाइयों में से एक थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

July 27, 2026

एटा में मूंगफली बेचने जा रही मैक्स पिकअप पलटी, एक की मौत, तीन घायल

एटा 27 जुलाई उप्रससे। जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र के अंबारी गांव के समीप आज सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर मैक्स पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कोतवाली देहात थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान 25 वर्षीय सुनील पुत्र अजयपाल निवासी कुमरौआ, थाना सोरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 20 वर्षीय योगेंद्र पुत्र रणवीर, 25 वर्षीय उमेश पुत्र रामवीर सिंह और 32 वर्षीय नीशू पुत्र रमेश चंद्र निवासी कुमरौआ, थाना सोरों कासगंज घायल हुए हैं।

मृतक सुनील के परिजन पुष्पेंद्र ने बताया कि चार-पांच लोग मैक्स में सवार होकर एटा मंडी मूंगफली बेचने आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

कोतवाली देहात थाना प्रभारी के. के. लोधी ने बताया मैक्स पिकअप में किसान मूंगफली भरकर कासगंज की ओर से एटा मंडी आ रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर रास्ता सुचारू कराया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

« Newer PostsOlder Posts »