Web News

www.upwebnews.com

एटा में सड़क हादसे में घायल हुए चालक की मौत

August 17, 2026

एटा में सड़क हादसे में घायल हुए चालक की मौत

परिजनों ने ट्रक मालिक पर इलाज न कराने का लगाया आरोप

एटा 17 अगस्त उप्रससे। जनपद में सड़क हादसे में थाना बागवाला क्षेत्र के गांव शियपुर निवासी ट्रक चालक देवेंद्र सिंह (52) की मौत हो गई है। उनके परिजनों ने ट्रक मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मालिक ने घायल देवेंद्र को उचित इलाज मुहैया कराने के बजाय दूसरे ट्रक से एटा हाईवे पर भिजवा दिया था।

ट्रक चालक देवेंद्र सिंह 13 अगस्त को वाराणसी में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। परिजनों के अनुसार, 15 अगस्त की रात एक ट्रक चालक घायल देवेंद्र सिंह को एटा क्षेत्र के कुसाड़ी हाईवे के पास छोड़कर चला गया। ट्रक चालक ने बाद में परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और देवेंद्र सिंह को घर ले गए, जहां उनका उपचार किया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल देवेंद्र सिंह की हालत लगातार बिगड़ती गई और आज 17 अगस्त को उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही थाना बागवाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई ने बताया कि देवेंद्र सिंह ट्रक चालक थे और उनका एक्सीडेंट वाराणसी में हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद ट्रक मालिक ने ट्रक का माल उतरवाकर देवेंद्र को दूसरे ट्रक से एटा हाईवे पर भिजवा दिया। इसके बाद परिजन उन्हें घर लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
देवेंद्र सिंह की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा जतिन 20 वर्ष का है और बीए की पढ़ाई कर रहा है। बेटी हिमांगी 18 वर्ष की है और कक्षा 12 में पढ़ती है। बेटी मुस्कान 15 वर्ष की है और कक्षा 10 की छात्रा है, जबकि बेटा नैतिक 13 वर्ष का है और कक्षा 8 में पढ़ रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। हादसे की परिस्थितियों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।