Web News

www.upwebnews.com

50 करोड़ की साइबर ठगी का ‘साम्राज्य’ ध्वस्त, पुलिस की 100 ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 60 ठग गिरफ्तार

July 9, 2026

50 करोड़ की साइबर ठगी का ‘साम्राज्य’ ध्वस्त, पुलिस की 100 ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 60 ठग गिरफ्तार

Posted on 09.07.2026 Time 05.20 PM

आगरा, 09 जुलाई 2026 । आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाते हुए एक साथ 100 स्थानों पर छापेमारी की। इस व्यापक कार्रवाई में 60 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि ये आरोपी देश के 13 राज्यों में करीब 50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 16 अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि साइबर पुलिस को लगातार साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज 178 शिकायतों को चिन्हित कर उनका तकनीकी सत्यापन कराया गया। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद आगरा सर्विलांस टीम, एसओजी, साइबर पुलिस और सभी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने एक साथ 100 स्थानों पर दबिश देकर अभियान चलाया।

—-पूछताछ में खुला 50 करोड़ की साइबर ठगी का राज

छापेमारी के दौरान 60 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तर प्रदेश सहित देश के 13 राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। अब तक करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है। खास बात यह रही कि गिरफ्तार सभी आरोपी आगरा के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से साइबर अपराध कर रहे थे।

—शादी का झांसा, ऑनलाइन गेम और फर्जी वेबसाइट से लगाते थे चूना

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह लोगों को ठगने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाता था। आरोपी मेट्रिमोनियल वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी का झांसा देते थे। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग में कमाई का लालच, फर्जी बिजनेस वेबसाइट बनाकर निवेश और खरीदारी के नाम पर धोखाधड़ी, एटीएम एवं बैंकिंग फ्रॉड और फर्जी कॉल व मैसेज के जरिए लोगों से ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से रकम उड़ा लेते थे।

आगरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या वेबसाइट पर भरोसा न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल, पासवर्ड और एटीएम कार्ड की जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

June 26, 2026

सीबीआई ने 30 हजार की रिश्वत लेते पीएनबी मैनेजर किया रंगे हाथ गिरफ्तार

Breaking News UP Web News

Posted on 26.06.2026 Time 06.01 PM

आगरा, 26 जून 2026, आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भदरौली शाखा में शुक्रवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक प्रवीण यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार शाखा प्रबंधक पर 19 लोन फाइलों को मंजूरी देने के एवज में ₹52 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप है।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की एंटी करप्शन शाखा ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने पहली किस्त के रूप में ₹30 हजार दिए। जैसे ही प्रवीण यादव ने राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने बैंक परिसर में कई घंटे तक जांच की। इस दौरान लोन से संबंधित फाइलों, बैंक अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच टीम ने कई अहम रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए और बैंक प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी जुटाई।

सूत्रों के अनुसार, भदरौली शाखा में सोलर पैनल योजना से जुड़े ऋणों में कथित गड़बड़ी, हेराफेरी और लाखों रुपये के वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत भी सीबीआई को मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर गाजियाबाद से सीबीआई की एंटी करप्शन टीम बैंक पहुंची थी। जांच के दौरान बैंक के एक असिस्टेंट मैनेजर से भी कई घंटे तक पूछताछ की गई।

—-बैंक में मचा हड़कंप, पुलिस रही तैनात

सीबीआई की कार्रवाई के दौरान बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही। बैंक के भीतर सीबीआई की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी रहीं और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ करती रहीं। फिलहाल सीबीआई मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच के आधार पर यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित रिश्वतखोरी और वित्तीय अनियमितताओं में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं या नहीं।

June 22, 2026

मुख्यमंत्री योगी आज आगरा आ रहे, तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

आगरा। उत्तर प्रदेश केमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कल(आज) दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित आगरा आगमन के दृष्टिगत कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी मनीष बंसल जी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जी की बैठक संबंधी सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, रूट चार्ट, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित को दिशा निर्देश दिये तथा मंडलायुक्त सभागार, सर्किट हाउस आदि का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं को पूर्ण करने को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के आगमन पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, ट्रैफिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक स्थल पर चिकित्सा दल, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को निर्देश दिए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ कल 23 जून 2026 को दोपहर 12:30 बजे जनपद आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री प पहली बैठक लोकनिर्माण विभाग तथा दूसरी जनपदीय विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में करेंगे।
बैठक में ,मुख्य विकास अधिकारी, श्रीमती प्रतिभा सिंह एडीएम सिटी, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, यमुनाधर चौहान,नगर आयुक्त संतोष वैश्य,एवं अन्य समस्त संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

June 18, 2026

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसाः तीन की मौत, 12 घायल

आगरा। आगरा-ग्वालियर रोड पर थाना सैंया क्षेत्र के सिकंदरपुर के निकट (कुनाल कॊलेज के पास) आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि आगरा की ओर से तेज रफ्तार से जा रही एक कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह हादसा सुबह साढ़े सात बजे हुआ।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों कारों के चालक समेत एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही थाना सैंया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकलवाकर तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों के नाम रिंकू (35 वर्ष) निवासी तसीमा-धौलपुर, विवेक (30 वर्ष) और मीना (55 वर्ष) निवासी दतिया (एमपी) बताये गये हैं जबकि घायलों में सुमित (18), साहिल (19), मनमोहन (21), राहुल (23), जितेंद्र (22), रोहित (20), अभिषेक (23 साल) (सभी निवासी तसीमा, धौलपुर) हैं। इसके अलावा राखी (38), शिव (18), मनी (छह), राघव (तीन), सुमित (35) निवासी दतिया (मध्य प्रदेश) भी घायलों में शामिल हैं।

बताया गया है कि धौलपुर की ओर से आगरा की ओर आ रही कार में सात लोग सवार थे जो आगरा में कोई परीक्षा देने आ रहे थे। दूसरी ओर आगरा से धौलपुर की ओर जा रही कार में दो व्यक्ति, महिलाएं व बच्चे सवार थे।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक आगरा-ग्वालियर रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या, खेत में मिला शव, लोगों में गुस्सा

आगरा। थाना सदर क्षेत्र के सुल्तानपुरा में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। छोटी बस्ती निवासी 24 वर्षीय शोरू की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर बदहवास हो गए। वहीं, क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक शोरू रोज की तरह बुधवार सुबह करीब सात बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

—चेहरे पर किए गए कई वार

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। चेहरे और सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से कई वार कर उसकी हत्या की। शव के आसपास खून के निशान भी मिले हैं, जिससे संभावना है कि हत्या घटनास्थल पर ही की गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और हाल के संपर्कों की भी जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »