Web News

www.upwebnews.com

सदन की गरिमा

August 5, 2026

सदन की गरिमा

Editorial

Editorial Posted on 04.08.2026 Wednesday, Time 09.23 AM by Sarvesh Kumar Singh Editor UP Web News

उत्तर प्रदेश विधान सभा में मंगलवार को विपक्ष के व्यवहार और आचरण से लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं को भारी क्षति हुई है। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने मुख्यमंत्री के परंपरागत भाषण, जो बजट अथवा अनुपूरक बजट प्रस्तुत करने के बाद होता है, उसमें व्यवधान किया। इतना ही नहीं सपा सदस्य सचिन यादव ने मुख्यमंत्री योगी की तस्वीर सदन में लहराई जोकि संसदीय परंपरा के प्रतिकूल तो है ही, सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार भी है। ये घटना अत्यंत निंदनीय है। इसने विपक्ष खासकर सपा के चरित्र को उजागर किया है। उनका आचरण ये भी दर्शाता है कि सपा का लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं में विश्वास नहीं है। विपक्ष के इस आचरण पर अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यवाही स्थगित कर दी।

लोकसभा, राज्यसभा और राज्यों की विधानसभाओं की ये स्थापित परंपरा रही है कि नेता सदन और नेता विपक्ष के भाषण बगैर किसी व्यवधान के सम्पन्न होते हैं। दोनों पक्ष उन्हें सुनते हैं और फिर उत्तर देते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश में विपक्ष के गैर मर्यादित आचरण से ये परंपरा टूट रही है। उन्हें या तो संसदीय अनुशासन का ज्ञान नहीं है अथवा वे जानबूझकर अनुशासन हीनता कर रहे हैं। इस अनुशासनहीनता से समाज में विधायकों और सदन की छवि धूमिल होती है। क्योंकि आजकल सदन की कारवाही की लाइव स्ट्रीमिंग होती है।

दरअसल उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के पास मुख्यमंत्री के भाषण का उत्तर ही नहीं होता है। इसलिए वे शोर शराबे, हंगामे का सहारा लेते हैं। विपक्ष बजट या अनुपूरक बजट पर चर्चा ही नहीं करना चाहता। कल भी सपा ने बजट पर कोई प्रतिक्रिया या विरोध नहीं दर्शाया। बल्कि राम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण पर हंगामा किया।

सपा विधायकों के इस आचरण से सदन की गरिमा को ठेस पहुंच ही रही है, उसकी स्वयं की छवि भी धूमिल हो रही है।

@upvidhansabha @ upassambly

August 4, 2026

कोर्ट से बरी होने के बाद वृंदावन पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह

वृंदावन। कोर्ट से बरी होने के बाद गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने आनंदम धाम में सद्गुरु रितेश्वर महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
आनंदम धाम में आश्रम के संतों, पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका स्वागत कर माला व पटुका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।
सद्गुरु रितेश्वर महाराज से मुलाकात के दौरान आध्यात्मिक विषयों के साथ देश, समाज और सनातन संस्कृति पर चर्चा हुई। बृजभूषण शरण सिंह ने अपने आगामी सामाजिक कार्यों के लिए आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अदालत से बरी होने के बाद न्यायपालिका के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास था। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहे और इसके बाद वह अपने अगले निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल ने किया प्रदर्शन, पप्पू यादव का पुतला दहन

हाथरस। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को घंटाघर चौराहा पर सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र एवं भगवा वस्त्रों के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक आस्था के सम्मान में नारे लगाए और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम को विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गोड़ तथा जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रवीण खंडेलवाल, अमरदीप, अमित कुशवाहा, संजय गर्ग, दीपू वार्ष्णेय, डॉ. राहुल सिंह, राजीव प्रताप सिंह, विजय गुप्ता, तरुण, नवीन बजरंगी, हर्ष चौहान, सोनू पहलवान, शिवम पंडित सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

105 वाहनों के चालान कर पुलिस ने 5.10 लाख का जुर्माना

मैनपुरी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मैनपुरी यातायात पुलिस ने शनिवार को जनपद भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 105 वाहनों का चालान किया गया तथा 5,10,000 का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में चलाया गया। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात स्मृति दीपशिखा तथा यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने यातायात पुलिस टीम के साथ की।
अभियान के दौरान विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहन ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं, इसलिए इनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने चेकिंग के साथ-साथ वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

श्रावण के प्रथम सोमवार को शिव भक्तों की भारी भीड़ 14 वर्षीय किशोर राजघाट से पैदल यात्रा कर लाया कांवड़


भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जाते हुए 14 वर्षीय बाल भक्त बिट्टू
हाथरस। गांव रुदायन में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चहुं ओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस अवसर पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए तड़के से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। गांव में उस समय माहौल और भी भावुक और भक्तिमय हो गया, जब गांव का ही दीपक शर्मा का 15 वर्षीय किशोर विट्टू शर्मा राजघाट से पैदल कांवड़ लेकर गांव पहुंचा। इतनी कम उम्र में कठिन पैदल यात्रा तय कर जल लाने वाले इस नन्हे शिवभक्त के उत्साह और अटूट श्रद्धा की ग्रामीणों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। गांव की सीमा में प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा के साथ कांवड़िया किशोर बिट्टू शर्मा का भव्य स्वागत किया। राजघाट से लाए गए पवित्र गंगाजल से किशोर ने गांव के प्राचीन बूढ़े महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए गांव के अन्य शिवालयों में भगवान का जलाभिषेक किया। शिव भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और फल अर्पित किए।  सावन के पहले सोमवार को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन गांव और आसपास का माहौल भक्ति के रंगों में रंगा रहा।
« Newer PostsOlder Posts »