एटा 28 अगस्त उप्रससे। जिला कारागार में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। सुबह से ही जेल के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जहां बहनें अपने भाइयों से मिलने का इंतजार कर रही थीं।
जेल प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बहनों को गहन तलाशी के बाद ही जेल में प्रवेश दिया जा रहा है। मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जेल के भीतर भी बहनों के बैठने और उठने की उचित व्यवस्था की गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए राखी, मिठाइयां और चंदन टीका लेकर पहुंची थीं।
जेल अधीक्षक अनिकेशिता सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन का त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए बहनों को राखी बांधने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।
अब तक लगभग 300 महिलाएं और उनके साथ 123 बच्चे अपने भाइयों को राखी बांधने आ चुके हैं। शाम तक 600 से अधिक महिलाओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान, अपने भाई को राखी बांधने पहुंची एक बहन कुंती भावुक हो गईं।
उन्होंने बताया कि उनका भाई एक वर्ष से जेल में बंद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका भाई जल्द घर वापस आ जाए। एक अन्य बहन मनीषा ने बताया कि उनका भाई दो साल से जेल में है और यह दूसरी बार है जब वह जेल में राखी बांधने आई हैं।
