Web News

www.upwebnews.com

रक्षाबंधन पर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना प्रमुख विकास हिंदू ने बहनों को भेंट कीं साड़ियां, लिया सुरक्षा का संकल्प

August 11, 2026

रक्षाबंधन पर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना प्रमुख विकास हिंदू ने बहनों को भेंट कीं साड़ियां, लिया सुरक्षा का संकल्प

सिविल लाइन कार्यालय पर आयोजित हुआ भव्य रक्षाबंधन समारोह ।

मातृशक्ति प्रकोष्ठ की बहनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की कलाई पर बांधी रक्षासूत्र

विकास हिंदू बोले- “हर बहन की सुरक्षा और सम्मान के लिए कृतसंकल्पित है संगठन”

सीतापुर/रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के सिविल लाइन स्थित कार्यालय पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन की मातृशक्ति प्रकोष्ठ की बहनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। जवाब में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी बहनों की सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार स्वरूप साड़ियां भेंट कीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना समाज की प्रत्येक माता-बहन की सुरक्षा, मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए पूरी तरह से कृतसंकल्पित है। संगठन लगातार महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ज़मीनी स्तर पर कार्य कर रहा है और आगे भी महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि संगठन की मातृशक्ति ही हमारी असली ताकत है। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर बहनों से राखी बंधवाकर उनका स्नेह व आशीर्वाद प्राप्त करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। साड़ियों का वितरण एक छोटी सी भेंट है, लेकिन इसके पीछे बहनों के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव निहित है।
*वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही उपस्थिति*
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप शुक्ला, मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शिल्पी पांडे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर महिलाओं के उत्थान और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।

भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे, राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हुआ मैगलगंज

नरेंद्र मिश्रा

मैगलगंज खीरी। मंगलवार को भाजपा मैगलगंज मंडल के तत्वावधान में भव्य एवं दिव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। संयोजक कमलाकांत दीक्षित के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा नवीन गल्ला मंडी से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंडी परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने पूरे वातावरण में जोश भर दिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से कस्बे की गलियां गुंजायमान हो उठीं। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे युवाओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने में भाजपा मंडल महामंत्री अनिल राठौर ने संचालन का दायित्व निभाया। इस अवसर पर मंडल प्रभारी मुकेश पांडेय, जिला मंत्री अमित सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक शुक्ला, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राममोहन गुप्ता, अखिलेश मिश्रा, शिवकुमार तिवारी झुन्नी, संदीप पांडेय, अमृतेश अवस्थी, अंकित त्रिवेदी, शोभित शुक्ल, भारत सक्सैना, देवेंद्र बाजपेयी, आशुतोष गुप्ता, मुन्दर तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।यात्रा में युवाओं की विशेष सहभागिता रही। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन ने पूरे कस्बे में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह इस आयोजन को लंबे समय तक यादगार बनाए रखेगा।

लखीमपुर में पेट के कीड़ों से मुक्ति की पहल

*: आर्यकन्या इंटर कॉलेज में गोलियां खिलाकर किया गया अभियान का आगाज*

*​’स्वस्थ बचपन, बेहतर पढ़ाई, 14 अगस्त को लगेगा छूटे बच्चों का नंबर*

​लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत आर्यकन्या इंटर कॉलेज मिश्राना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को उपमुख्यमंत्री चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रमोद रावत की मौजूदगी में पेट के कीड़े खत्म करने वाली दवा खिलाई गई और दवा सेवन के फायदों के बारे में जागरूक किया।

​उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता के निर्देश पर यह विशेष अभियान 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया गया है, जबकि छूटे हुए बच्चों के लिए 14 अगस्त 2026 को ‘मॉप-अप दिवस’ (विशेष पूरक दिवस) रखा गया है। जो बच्चे 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की गोली खाने से वंचित रह गए हैं, वे इस दिन दवा खा सकेंगे। इस अभियान का मुख्य मकसद 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को आंतों के कीड़ों से मुक्त बनाना है, ताकि उनके स्वास्थ्य, पोषण और पढ़ाई के स्तर में सुधार हो सके।
​उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम वर्ष 2016 से लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में पढ़ रहे सभी बच्चों व किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जा रही है।
​दवा की खुराक की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (200 मिलीग्राम) चूर्ण बनाकर पानी के साथ दी जाती है, जबकि 2 से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली (400 मिलीग्राम) पीसकर पानी के साथ खिलाई जाती है। वहीं 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर खानी होती है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर दुष्परिणाम नहीं होता।
​कार्यक्रम में विशेष योगदान देने और सरकारी योजना में सहयोग के लिए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे अभियानों को सफल बनाया जा सकता है।
​इस दौरान जिला प्रक्रिया प्रबंधक कुलदीप सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से सचिन गुप्ता, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राहुल शाक्य समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

एटा में बेटे ने 75 वर्षीय विधवा मां-नाती को पीटकर घर से निकाला, मां ने एसएसपी से की शिकायत

एटा 11 अगस्त उप्रससे। जनपद में निधौली कला थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव की 75 वर्षीय एक विधवा महिला अपने नाती के साथ आज मंगलवार दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने अपने बेटे पर मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता प्रेमवती पत्नी स्वर्गीय तेज सिंह निवासी गांव कासिमपुर ने बताया कि उनका बेटा विनोद कुमार उद्दंड स्वभाव का है और अक्सर शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। विनोद कुमार की पहली पत्नी का निधन हो चुका है और उसका एक बेटा प्रवीन (लगभग 21 वर्ष) है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है विनोद कुमार ने करीब तीन साल पहले उन्हें और उनके नाती प्रवीन को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वे दोनों गांव के बाहर एक घेर में टीन डालकर रहने लगे। अब विनोद कुमार भी अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ उसी घेर में आकर रहने लगा है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि विनोद कुमार और उसकी दूसरी पत्नी आए दिन उन्हें और नाती प्रवीन को परेशान करते हैं। हाल ही में, प्रवीन ने बारिश से बचाव के लिए ईंटें और मिट्टी मंगवाई थीं, लेकिन विनोद कुमार और उसकी पत्नी उन्हें चिनाई नहीं करने दे रहे थे। इसी बात को लेकर 10 अगस्त को विनोद कुमार ने प्रेमवती और प्रवीन के साथ मारपीट की। आरोप है कि विनोद कुमार ने प्रेमवती को जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर नाती प्रवीन और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रेमवती को विनोद कुमार के चंगुल से छुड़ाया।

इस मारपीट में प्रेमवती के चेहरे, हाथों और पीठ पर चोटें आई हैं। महिला ने यह भी बताया कि विनोद कुमार अब उन्हें और प्रवीन को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

एटा में हाईवे पर अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकराई, दो घायल, एक की हालत गंभीर

एटा 11 अगस्त उप्रससे। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में आज मंगलवार को सुबह एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाईवे की 1033 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान एक युवक की हालत गंभीर बताई है।

जानकारी के अनुसार घटना हाईवे स्थित गांव कल्याणपुर के पास हुई। नोएडा/दिल्ली की ओर से मैनपुरी जा रहे दो बाइक सवार युवक अचानक अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों युवकों को घायल अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे की 1033 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस पर मौजूद डॉक्टर ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और फिर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घायल युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच रहे हैं।

« Newer PostsOlder Posts »