Web News

www.upwebnews.com

एपीडा दुबई को एक मीट्रिक टन सरसों के शहद का निर्यात करेगा

August 11, 2026

एपीडा दुबई को एक मीट्रिक टन सरसों के शहद का निर्यात करेगा

नई दिल्ली, कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण – एपीडा के माध्‍यम से त्रिपुरा का डेरगांग किसान उत्पादक संगठन पहली बार दुबई को एक मीट्रिक टन सरसों के शहद का निर्यात करेगा।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह निर्यात किसान उत्पादक संगठन और स्थानीय मधुमक्खी पालकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे संगठित और निर्यातोन्मुख उत्पादन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिला है।
इस पहल से किसानों और किसान उत्पादक संगठनों को निर्यात के अवसर तलाशने तथा अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजारों में अपनी भागीदारी सुदृढ करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

बीडीओ ने बच्चों संग किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बलदेव। पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में पौधारोपण कर बच्चों और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी नेहा रावत और विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया।

इस अवसर पर बीडीओ नेहा रावत ने बच्चों को पर्यावरण का महत्व बताते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित वातावरण के लिए प्रत्येक बच्चे को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। विद्यालय परिसर में हरियाली होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों में प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करने का भी महत्वपूर्ण स्थान है। सभी को पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया और फल प्रदान करते हैं, इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, ग्रामवासी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने किया। विद्यालय परिवार ने बीडीओ नेहा रावत का आभार व्यक्त किया।

फसल बीमा की अंतिम तिथि 31 अगस्त, गैर ऋणी किसान 14 अगस्त तक कराएं बीमा

मथुरा। खरीफ सीजन में फसल बीमा कराने वाले किसानों के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। फसल बीमा का पोर्टल खुला हुआ है।

जनपद मथुरा में वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एचडीएफसी एरगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को कार्यान्वयन एजेंसी नामित किया गया है। खरीफ सीजन में जिले के लिए धान, बाजरा और अरहर फसलों को अधिसूचित किया गया है।

धान की बीमित राशि 64,200 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा किसान प्रीमियम 2 प्रतिशत यानी 1,284 रुपये है। बाजरा की बीमित राशि 51,100 रुपये प्रति हेक्टेयर और प्रीमियम 1,022 रुपये तथा अरहर की बीमित राशि 85,600 रुपये प्रति हेक्टेयर और प्रीमियम 1,712 रुपये निर्धारित है।

गैर ऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त अंतिम तिथि

विभाग के अनुसार ऋणी किसानों (केसीसी धारकों) के लिए बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है, जबकि गैर ऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। गैर ऋणी किसान जन सेवा केंद्र के माध्यम से निर्धारित तिथि तक फसल का बीमा करा सकते हैं।

जो ऋणी किसान अधिसूचित फसलों का बीमा नहीं कराना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से कम से कम सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित प्रार्थना पत्र देना होगा। ऐसा नहीं करने पर बैंक खाते से निर्धारित प्रीमियम की धनराशि काट ली जाएगी।

फसल नुकसान पर 72 घंटे में सूचना जरूरी

कृषकों को स्थानीय आपदा या फसल क्षति होने पर घटना के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447, संबंधित बैंक अथवा कृषि विभाग को सूचना देनी होगी। कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर फसल बीमा कराने की अपील की है, ताकि फसल नुकसान की स्थिति में बीमा योजना का लाभ मिल सके।

दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाला 13 मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार

मथुरा। थाना कोतवाली पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के ENI कंपनी के आठ इंजन ऑयल के डिब्बे, एक गाड़ी का सेल्फ और 800 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की सुबह दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 566/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में 9 अगस्त की रात 11:50 बजे थाना कोतवाली पुलिस ने अलवर-बाजना रेलवे पुल के पास हाईवे किनारे से दिनेश पुत्र बीधा, निवासी नौगांव, थाना छाता, मथुरा, उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

हत्या, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली, छाता, हाईवे और फरह में चोरी, हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना छाता में दर्ज हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2019 में थाना हाईवे में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक मुश्ताक मेहदी, हेड कांस्टेबल लोकमन और कांस्टेबल धीरज सिंह शामिल रहे।

वैदिक गणित प्रश्न मंच कार्यशाला में सीखे गणना के सरल गुर

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ प्रांतीय स्तर का आयोजन

हाथरस। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग में 10 अगस्त को प्रांतीय वैदिक गणित प्रश्न मंच कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैदिक गणित के प्रति रुचि विकसित करने के साथ गणनाओं को सरल, सहज और रोचक बनाना रहा।कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार पांडेय तथा व्यवस्था प्रमुख प्रधानाचार्य लोकेंद्रनाथ शर्मा रहे। उन्होंने वैदिक गणित की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है, जो वर्तमान समय में भी गणनाओं को सरल बनाने में प्रभावी है।कार्यक्रम की सफलता में आचार्य सतीश कुमार सारस्वत, देवकीनंदन, चिरंजीलाल, मनोज शर्मा, हरेंद्र, रोहित एवं विमल सहित अन्य आचार्यों का विशेष योगदान रहा।समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधक मनोज कुमार अग्निहोत्री ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाएंगे।

« Newer PostsOlder Posts »