Web News

www.upwebnews.com

एटा: पुलिस ने किसानों का गढ़ कूच रोका, टकराव

April 17, 2026

एटा: पुलिस ने किसानों का गढ़ कूच रोका, टकराव

एटा से गढ़मुक्तेश्वर कूच पर किसने की पुलिस प्रशासन से हुई धक्का मुक्की, पूर्व मंत्री की टिप्पणी से भड़के किसान

एटा 17 अप्रैल उप्रससे। जनपद में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के
राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पर भाजपा के पूर्व मंत्री मदन चौहान की कथित अभद्र टिप्पणी के बाद प्रदेश में किसान आक्रोशित हो गए हैं। शुक्रवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुआ, जिसे रोकने के दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, काफिला हाथरस के सिकंदराराऊ और एटा के जलेसर क्षेत्र से निकलकर हापुड़ की ओर बढ़ रहा था। रास्ते में प्रशासन ने किसानों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और जबरन धक्का मुक्की कर आगे बढ़ गये। किसानों को रोकने के लिए एएसपी एटा श्वेताभ पांडेय, सीओ जलेसर, एसडीएम समेत कई थानों की फोर्स तैनात रही। अधिकारियों द्वारा समझाने के बावजूद किसान नहीं रुके। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ प्रदर्शनकारी आक्रामक हो गए और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे निकल गए। यहां तक आरोप है कि पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश भी की गई।
विवाद की जड़ भाजपा के पूर्व मंत्री मदन चौहान का वह बयान है, जिसमें उन्होंने भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद से ही किसान संगठनों में नाराजगी थी, जो अब सड़क पर उतर आई है। संगठन की मांग है कि पूर्व मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
किसानों के कूच को देखते हुए गढ़मुक्तेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूर्व मंत्री के आवास और कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि काफिले को शहर में प्रवेश से पहले रोका जा सके।
एटा से काफिला पटना पक्षी विहार पार कर आगे निकल गया है और लगातार गढ़मुक्तेश्वर की ओर बढ़ रहा है। भारी संख्या में किसान इस कूच में शामिल बताए जा रहे हैं।

भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह से ही नगला सुखदेव में आवास पर जमावाड़ा के बाद भी हापुड़ कूच शुरु हो गया है पूरे प्रदेश से भारी संख्या में किसान गढ़मुक्तेश्वर पूर्व मंत्री मदन चौहान के कार्यालय की ओर बढ़ रहे हैं उन्होंने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। किसान नेताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक पूर्व मंत्री माफी नहीं मांगते, आंदोलन जारी रहेगा और वे हर हाल में गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर विरोध करेंगे पैदल कूच के दौरान भारतीय किसान यूनियन भानु के नेता प्रशासन व भाजपा नेता के बारे में जम कर उल्टे सीधे नारे लगा रहे हैं।

वर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि भाकियू भानु के समर्थकों का गढ़मुक्तेश्वर जाने का कार्यक्रम चेतावनी के साथ पहले से निर्धारित था। पुलिस द्वारा उन्हें हापुड़ की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए बैरिकेडिंग पार की और एटा सीमा से बाहर निकल गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात है और आगे भी निगरानी की जा रही है।

आजमगढ़ : रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा

आजमगढ़, सरायमीर थाने का सब-इंस्पेक्टर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरोगा अभिषेक सिंह को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। मुकदमे से नाम निकालने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है। एंटी करप्शन टीम ने केमिकल लगे नोटों के साथ दरोगा को पकड़ा।

मण्डलायुक्त ने समीक्षा बैठक में आगरा सहित कई जिलों को सुधार लाने के निर्देश

आगरा। मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में लघु सभागार में मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। वाणिज्य कर में चारों जिलों की प्रगति तय लक्ष्य से पीछे रही जबकि विगत वित्तीय वर्ष के सापेक्ष मासिक प्रगति ठीक रही। स्टाम्प और रजिस्ट्रेशन में मैनपुरी में वसूली अच्छी हुई जबकि फिरोजाबाद और आगरा प्रगति में पीछे रहे। आबकारी मद में विगत दो वित्तीय वर्षों से आगरा जिले के लक्ष्य से पीछे रहने पर आयुक्त महोदय द्वारा शासन को संदर्भ उपलब्ध कराते हुए लक्ष्य पुनः निर्धारित कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। परिवहन मद में आगरा और मथुरा में सबसे कम प्रगति हुई। सुधार लाने के निर्देश दिए।

विद्युत मद में फिरोजाबाद को छोड़कर अन्य जनपदों द्वारा लक्ष्य से अधिक वसूली की गई। खनिज में फिरोजाबाद और मैनपुरी लक्ष्य से काफी पीछे रहे। वहीं खनिज मद से संबंधित प्रकरणों में निस्तारण हेतु समुचित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विधिक माप में मैनपुरी ने पूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति की। अन्य जिलों में वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। विविध देय की समीक्षा की गयी। वसूली में आगरा सबसे पीछे रहा, प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जीएसटी पंजीकरण में आगरा और मथुरा लक्ष्य से पीछे रहे। आयुक्त महोदय द्वारा चारों जिलों के अपर जिलाधिकारियों को माह में एक बार जीएसटी विभाग की समीक्षा करने एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई सबसे कम वसूली की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, आगरा जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी , मथुरा जिलाधिकारी सी पी सिंह जी और मैनपुरी जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह जी, अपर जिलाधिकारी वित्त श्रीमती शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त मथुरा पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक फिरोजाबाद अरविंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

मुरादाबाद के सोलह थानों में 46 पुलिस कर्मी लाइन हाजिर

ड्यूटी में लापरवाही, अभद्रता समेत अन्य शिकायतें

Post on 17.4.26
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
काम में लापरवाही, आमजन से अभद्रता समेत अन्य शिकायतों पर पुलिस विभाग में एक्शन हुआ है। मुरादाबाद जिले में सोलह थानों में तैनात छयालीस पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने इन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर के आदेश दिए।
मुरादाबाद जिले में जिन पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही हुई, उनमें 22 हेड कांस्टेबिल व अन्य कांस्टेबिल है। हालांकि इनमें कुछ बीमारी व अन्य कारणों से लाइन में ड्यूटी करने की इच्छा जताई थीं। एसएसपी ने इसके मद्देनजर बड़े पैमाने पर पुलिस कर्मियों को लाइन में भेजा। लाइन हाजिर हुए कई पुलिस कर्मियों के खिलाफ लोगों ने शिकायतें की थीं। लोगों से बदसलूकी, बीट पर अपराधियों के सत्यापन में लापरवाही बरतने समेत शिकायतें पुलिस अधिकारियों को मिली। एसएसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर के आदेश दिए।

बिलारी में सेना के जवान की हत्या में दो दोषी करार

दोस्त ही निकले जवान के हत्यारे,अदालत 20 अप्रैल को सुनाएगी सजा
शुक्रवार को जिला जज की अदालत का फैसला
Post on 17.4.26
Friday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद में जिला न्यायाधीश की अदालत ने सेना में तैनात रहे जवान की हत्या में दो लोगों को दोषी ठहराया है।हत्यारे जवान के दोस्त निकले।अदालत अब 20 अप्रैल को सजा सुनाएगी।
जवान हत्याकांड का मामला दस साल पुराना है। बिलारी में राजा बाग कालोनी निवासी वीरपाल सिंह एडवोकेट के भतीजे अमरजीत सिंह की 27 फरवरी, 2016 की रात हत्या कर दी गई। वादी वीरपाल सिंह ने तहरीर में बताया कि अमरजीत सेना में जवान था। एक महीने की छुट्टी लेकर घर बिलारी आया था।घटना की रात नौ बजे अमरजीत सिंह के साथ विशाल और विमल घर पर चाय पी रहे थे। इस दौरान अमरजीत कुछ देर में आने की बात कह कर दोनों युवकों के साथ चला गया। कुछ देर अमरजीत की सूचना नहीं मिली तो वीरपाल अपनी गाड़ी में परमजीत को साथ लेकर तलाशने निकल पड़ा। कुछ दूर जंगल में आवाजें सुनाई दी तो उधर बढ़े। देखा कि विशाल व विमल ने अमरजीत को जकड़ रखा था। वीरपाल सिंह विरोध जताते हुए तेजी से आते दिखे तो हमलावरों ने अपने तमंचों से अमरजीत को गोली मार दीं।
वादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने हत्यामें प्रयुक्त तमंचे भी बरामद किए हैं।
इस हत्याकांड की सुनवाई जिला जज कोर्ट में हुईं।कोर्ट में डीजीसी नितिन गुप्ता व एडीजीसी संजीव अग्रवाल ने रखा। डीजीसी ने बताया कि हत्याकांड की सुनवाई के दौरान दस गवाहों के बयान दर्ज हुए। गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए गए।अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद दोनों युवकों को हत्या में दोषी माना। डीजीसी का कहना है कि सजा के प्रश्न पर फैसला 20 अप्रैल को होगा।

« Newer PostsOlder Posts »