Web News

www.upwebnews.com

एटा में पत्नी से विवाद के बाद ट्रैक्टर मैकेनिक का कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, भाई ने ससुरालियों पर लगाया आरोप

September 21, 2026

एटा में पत्नी से विवाद के बाद ट्रैक्टर मैकेनिक का कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, भाई ने ससुरालियों पर लगाया आरोप

एटा 21 सितंबर उप्रससे। जनपद में कोतवाली नगर क्षेत्र के नेहरू नगर में आज सोमवार को एक ट्रैक्टर मैकेनिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने उसे घर के कमरे में फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई मुकेश कश्यप का आरोप लगाया कि मोहल्ला नेहरू नगर निवासी ओमवीर सिंह उर्फ भोला मिस्त्री (30) पुत्र सतीश चंद्र का पत्नी हरप्यारी से विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। मृतक ओमवीर रविवार रात अपनी ससुराल गया था। वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। ओमवीर ने मंडी चौकी पर भी शिकायत की थी और ससुराल पक्ष के लोगों पर पहले भी मारपीट करने का आरोप लगाया था। ओमवीर रविवार रात करीब 11 बजे काम से घर लौटा और सो गया। सुबह जब 11-12 बजे तक नहीं उठा तो परिजनों ने खिड़की से झांककर अंदर देखा। ओमवीर पंखे पर फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस के साथ फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वर्जन
थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। शिकायती पत्र से जुड़ा मामला बेबुनियाद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऐतिहासिक श्री ठाकुरद्वारा पक्का तालाब मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्री राधा अष्टमी उत्सव

उ प्र समाचार सेवा
खीरी टाउन खीरी।उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर के ऐतिहासिक कस्बा खीरी टाउन स्थित श्री ठाकुरद्वारा पक्का तालाब प्रांगण में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री राधा अष्टमी जी का उत्सव बेहद धूमधाम हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। सन 1568 ईस्वी में शेखर परिवार के पूर्वजों द्वारा स्थापित इस अति पौराणिक, प्राचीनतम और सिद्ध प्राप्त तीर्थ स्थल पर श्री राघवेंद्र सरकार एवं श्री गोपेश्वर महादेव सरकार का दरबार पूरी तरह से मथुरा, वृंदावन और बरसाने के रंग में सराबोर नजर आया।यह भव्य आयोजन मंदिर कमेटी के संरक्षक रामगोपाल शेखर, अध्यक्ष एडवोकेट रजत शेखर, मार्गदर्शक मंडल के विष्णु गोपाल शेखर, शत्रुघ्न शेखर, राम जी शेखर, राजकुमार शेखर, शंभू नाथ शेखर, चेतन शेखर, उपाध्यक्ष बाल गोविंद शेखर, राम जी शेखर, अरविंद शेखर, लोकेश शेखर, धीरज शेखर, रमन शेखर, गौरव शेखर, महामंत्री श्याम जी शेखर, संयुक्त मंत्री रोहित शेखर, कुशाग्र शेखर, कोषाध्यक्ष श्रीमती सरिता शेखर, सांस्कृतिक मंत्री शुभम शेखर, हर्षित शेखर, प्रज्वल शेखर एवं मीडिया प्रभारी युवराज शेखर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

सोनू म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुतियां और आकर्षक झूला रहा आकर्षण का केंद्र

उत्सव के दौरान सोनू म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भक्ति गीतों की अति सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रीमती अंजना शेखर द्वारा ठाकुर जी एवं राधा रानी जी के लिए तैयार किया गया बेहद आकर्षक झूला इस पवित्र प्रांगण में बरसाने की छटा बिखेर रहा था। पूरे मंदिर प्रांगण और आसपास के परिसर को बेहद खूबसूरत ढंग से सजाया गया था। इस दौरान बाल स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्ने श्रीकृष्ण और श्री राधा रानी के स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।
कमेटी के सदस्य रतन एवं तन्मय ने बताया कि शुभम शेखर के अति कुशल निर्देशन में अनुराग, श्रीमती शिवांगी अवस्थी, श्रेष्ठ त्रिवेदी एवं उनकी टीम द्वारा भगवान गोपेश्वर महादेव का अलौकिक शृंगार किया गया। दिन के ठीक 12:00 बजे शंख, घड़ियालों की गूंज, अद्वितीय आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के बीच मंदिर के पुजारी कुबेरनाथ तिवारी द्वारा प्रभु की महाआरती उतारी गई और मुख्य उत्सव संपन्न हुआ।महिला मंडल ने संभाली कमान, बनाया मनमोहक सेल्फी पॉइंटशेखर परिवार की महिला मंडल की संरक्षिका श्रीमती कमलेश शेखर जी के कुशल नेतृत्व में अंजना, खुशबू, दिव्या, दर्शी, आकांक्षा शेखर एवं उनकी टीम द्वारा प्रसाद की सुंदर व्यवस्था की गई। वहीं, श्रीमती रिचा शेखर एवं बेटी भूमि शेखर द्वारा श्री राधा रानी जी के 108 विभिन्न नामों के साथ बनाई गई अनेक आकृतियां और मनमोहक सेल्फी पॉइंट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे दरबार में चारों तरफ ‘श्री राधा-राधा’ के जप की गूंज सुनाई दे रही थी।दूर-दराज से उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, पुलिस प्रशासन का रहा सहयोगमंदिर कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट रजत शेखर ने बताया कि सन 1568 ईस्वी में परिवार के पूर्वजों द्वारा स्थापित इस सिद्धि प्राप्त प्रांगण में भक्तों की गहरी आस्था है। यहाँ वर्ष के प्रत्येक माह में प्रभु के श्री चरणों में कोई न कोई आयोजन निरंतर होता रहता है। इस बार भी उत्सव से एक दिन पूर्व ही दूर-दराज से आए भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी, जो देर मध्य रात्रि तक दर्शन करती रही। इस भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन का अपार सहयोग मिला।प्रभु के इस पावन दरबार में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, अधिकारियों के साथ-साथ अनेकों समाजसेवी संस्थाओं के सदस्यों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देर रात तक लाइन में लगकर दर्शन किए और पुण्य लाभ कमाया।

लखीमपुर खीरी में सनसनीखेज डबल मर्डर

Breaking News UP Web News

स्कूल में घुसकर शिक्षिका की हत्या के बाद युवक ने खुद को भी मारी गोली, बच्चों में दहशत

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के बीचों-बीच सदर कोतवाली इलाके में स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी शाहपुरा कोठी (निकट बड़ा डाकखाना) में एक सिरफिरे युवक ने क्लासरूम के अंदर बच्चों के सामने महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके तुरंत बाद खुद की कनपटी पर भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस भीषण गोलीकांड में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है।

क्लासरूम में बच्चों के सामने चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल में रोजमर्रा की तरह शिक्षण कार्य चल रहा था। तभी नौरंगाबाद निवासी साउद अंसारी (28 वर्ष) अवैध हथियार लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि वह स्कूल की पहली मंजिल पर स्थित क्लासरूम में गया, जहाँ बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। आरोपी साउद ने वहां मौजूद महिला शिक्षिका निशात फातिमा (26 वर्ष) पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। खून से लथपथ शिक्षिका के जमीन पर गिरते ही आरोपी ने उसी असलहे से खुद की कनपटी पर गोली मार ली।

मासूम बच्चों में फैला खौफ, स्कूल में मची अफरा-तफरी
क्लास रूम के अंदर बच्चों के ठीक सामने हुई इस खूनी वारदात से स्कूल में चीख-पुकार मच गई। मासूम बच्चे बुरी तरह सहम गए और पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वारदात की खबर फैलते ही अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों की भारी भीड़ स्कूल के बाहर जमा हो गई।भारी पुलिस बल के साथ डीएम और एसपी मौके पर मौजूदघटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लाइन से भारी संख्या में पुलिस बल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी (डीएम) अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ख्याति गर्ग समेत तमाम आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
जिस जगह यह वारदात हुई है, वह शहर का बेहद व्यस्त इलाका है और पड़ोस में ही पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में बीच शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल के अंदर कोई बाहरी अज्ञात युवक हथियार लेकर कैसे घुस गया?उसने आसानी से दूसरी मंजिल के क्लासरूम तक पहुंच कैसे बनाई? इन बातों को लेकर स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।जांच में जुटी फोरेंसिक और पुलिस की टीमेंपुलिस ने पूरे क्लासरूम और स्कूल परिसर की घेराबंदी (कॉर्डन ऑफ) कर ली है। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए स्कूल प्रशासन, वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

September 18, 2026

कलम का एक और सिपाही मौन, दो वर्ष की पीड़ा के बाद थम गई पत्रकार सैय्यद मुशीर की सांसें

समय की मार से टूटा परिवार, नई बस्ती में पसरा शोक

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर-खीरी। समय बड़ा निर्मम और बलशाली होता है। हंसता-खेलता परिवार कब शोक में डूब जाए कोई नहीं जानता। कुछ ऐसा ही हृदयविदारक दृश्य मोहल्ला नई बस्ती में देखने को मिला, जहां लेखनी के सिपाही, खबर प्रवाह के जिला संवाददाता सैय्यद मुशीर अंततः जीवन की लड़ाई हार गए। दो वर्ष तक बिस्तर पर तड़पने के बाद आज प्रातः 11 बजकर 45 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से सम्पूर्ण जनपद के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि सैय्यद मुशीर ने वर्ष 2020 में पत्रकारिता के क्षेत्र में संवाददाता के रूप में प्रवेश किया था। अपनी परिश्रम और निष्ठा से उन्होंने शीघ्र ही जनपद में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और खबर प्रवाह के जिला संवाददाता बन गए। उन्होंने अपनी पत्नी शीरी जैदी को भी पत्रकारिता के क्षेत्र में उतारा, जो आज सुनहरा संसार और खबर प्रवाह का दायित्व संभाल रही हैं। किंतु नियति को कुछ और ही स्वीकार था।

दो वर्ष पूर्व एक भीषण दुर्घटना ने उनका सम्पूर्ण जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कमर और पैरों में ऐसी गंभीर चोट आई कि वह पुनः अपने पैरों पर खड़े न हो सके। तब से वह चारपाई पर पड़े जीवन और मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे। उपचार में जो संचित पूंजी थी सब समाप्त हो गई, यहां तक कि घर की सामग्री तक बेचनी पड़ी। अब न औषधि के लिए धन शेष है और न घर चलाने का कोई साधन, ऊपर से निर्धनता का पहाड़।

इस टूटे हुए परिवार का सम्पूर्ण भार उनकी पत्नी पत्रकार शीरी जैदी के कोमल कंधों पर आ गया। घर में एक अबोध बालक, सामने बिस्तर पर तड़पता पति और ऊपर से जीविका की चिंता। शीरी जैदी किस वेदना और यातना में अपने जीवन के दिन व्यतीत कर रही हैं, इसका अनुमान लगाना भी कठिन है। एक ओर पति की विवशता और दूसरी ओर बच्चे का पालन-पोषण, प्रत्येक दिन उनके लिए एक नई परीक्षा बन गया था।

इस शोकग्रस्त परिवार की स्थिति की सूचना पाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रेहान खान उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने मुशीर की गंभीर स्थिति देखी और उनकी पत्नी शीरी जैदी को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस प्रकरण को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाया जाएगा और आगे भी हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।

आज वह मौन हो गया जो दूसरों की आवाज बनता था। अश्रुपूरित नेत्रों से पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगर के प्रबुद्धजनों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। उनका जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

विवाद के बाद युवक ने प्रेमिका के भाई को मारी गोली, फिर खुद भी की खुदकुशी

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी:पड़ुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दुलही में शुक्रवार सुबह एक हिंसक घटना सामने आई है।विवाद के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर युवती के घर में घुसकर उसके भाई को गोली मार दी और बाद में खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी इदरीश खान (40 वर्ष) का पड़ोसी परिवार के साथ विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे, इदरीश ने कथित तौर पर अवैध हथियार के साथ गांव में तनाव का माहौल बनाया और युवती के घर में प्रवेश किया। वहां उसने आंगन में लेटे युवती के भाई अखिलेश पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी ने स्वयं को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही सीओ निघासन शिवम कुमार और एसओ थाना पडुवा मोहित पुण्डीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रमियाबेहड़ पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने इदरीश खान को मृत घोषित कर दिया।वहीं गंभीर रूप से घायल अखिलेश जो नगर पंचायत सफाई कर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।मामला दो अलग-अलग पक्षों से जुड़ा होने के कारण ऐहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे तात्कालिक विवाद था या दोनों परिवारों के बीच कोई पुरानी रंजिश भी शामिल थी।
ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार, इदरीश खान का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है,इदरीश पर लगभग 20 वर्ष पूर्व दो ग्रामीणों पर जानलेवा हमला करने का आरोप था, जिसमें उसे न्यायालय द्वारा सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी।बताया जा रहा है कि आरोपी की आदतों के कारण उसके परिवार के अन्य सदस्य उससे अलग रहते थे और हाल ही में उसका अपनी पत्नी से भी विवाद हुआ था।पुलिस द्वारा घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है। मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

« Newer Posts — Older Posts »