Web News

www.upwebnews.com

लूट की वारदात में लापरवाही पर दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

August 26, 2026

लूट की वारदात में लापरवाही पर दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित

जौनपुर . सस्ते सोने का झांसा देकर व्यापारी से लूटे थे तीन लाख, तीन आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर। सस्ते रेट पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी को बुलाकर तीन लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने लापरवाही बरती । घटना की सूचना मिलने के बाद भी समय से मुकदमा दर्ज न करने और आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में थाना जलालपुर के दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने मामले में पुलिस की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सोशल मीडिया सेल वाराणसी रेंज के अनुसार 25 अगस्त की शाम करीब 7:35 बजे शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के सीयूजी नंबर पर फोन कर बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे डिस्काउंट रेट पर सोना दिलाने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये नकद लेकर जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचा।

आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने उसके साथ मारपीट की और तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसे वहां से भगा दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने जलालपुर पुलिस को तत्काल घटना का सत्यापन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। रेंज कंट्रोल से फीडबैक लेने पर सामने आया कि मामले के जांचकर्ता दारोगा ने समय रहते पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा तक दर्ज नहीं कराया और आरोपितों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई भी नहीं की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर से गहन जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद 26 अगस्त को जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026, धारा 309(4), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

लूट जैसे गंभीर मामले में कार्रवाई में शिथिलता बरतने पर एक उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

निलंबित कर्मचारियों की सूची

1. हल्का प्रभारी -उ0नि0 राम भुवन यादव

2. रिक्रूट कांस्टेबल राज सिंह

3. रिक्रूट कांस्टेबल शिवा सिंह

4. हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा

5. कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी, शुभम सिंह निवासी इजरी और इंद्रजीत सरोज निवासी निहालापुर, थाना केराकत को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पीड़ित से लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी और कार संख्या UP65CF1241 बरामद की गई। घटना में शामिल चौथे आरोपित विशाल सिंह की तलाश की जा रही है।

डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी, त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई में किसी भी स्तर पर उदासीनता, लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

रक्षाबंधन पर रेल यात्रियों को राहत, दिल्ली-शामली रूट पर दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

बागपत। रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली-शामली रूट पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 27 और 28 अगस्त को दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे जनपद के खेकड़ा, बागपत और बड़ौत के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

स्टेशन अधीक्षक किशोर गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 04408 शामली-दिल्ली शाहदरा स्पेशल शामली से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और सुबह 9:29 बजे खेकड़ा पहुंचेगी। यहां एक मिनट रुकने के बाद 10:40 बजे शाहदरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04407 शाहदरा से दोपहर 11:40 बजे चलेगी, जो 12:16 बजे खेकड़ा पहुंचकर बागपत रोड, बड़ौत और कांधला होते हुए दोपहर 2:05 बजे शामली पहुंचेगी। 16 कोच की यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित रहेगी। बिना एडवांस बुकिंग के तत्काल टिकट पर यात्रा की जा सकेगी। ट्रेन कांधला, कासिमपुर खेड़ी, बड़ौत, बागपत रोड, खेकड़ा, लोनी और गोकुलपुर सबोली स्टेशनों पर रुकेगी।
————-
विश्व बंधु शास्त्री

संदिग्ध परिस्थिति में युवक का शव पेड़ पर लटका मिला

फिरोजाबाद ‌‌।
जनपद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के तहत बुधवार को सुबह एक मंगलवार रात से लापता युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र गांव कंनवारा मे बुधवार को सुबह सुबह सनसनी फैल गई जब लोगों ने गांव के बाहर पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ देखा । मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए मृतक की पहचान चंद्रशेखर की ‌पुत्र ‌सोनेलाल के रूप में की गई परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात को खाना खाकर वह घर से निकल गया था उसके बाद वह वापस नही आया । सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है संबंधित मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच करवाई की जाएगी।

पुराने हत्याकांड में बड़ा फैसला, सांसद प्रतिनिधि व अधिवक्ता समेत चार सगे भाइयों को आजीवन कारावास

22 वर्ष पहले हुई थी जमीनी विवाद में आशीष मौर्या की हत्या, एडीजे प्रथम की अदालत ने सुनाई सजा

जौनपुर। करीब 22 साल पुराने बहुचर्चित हत्याकांड में एडीजे प्रथम की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रतिनिधि मनोज मौर्या व अधिवक्ता अश्वनी मौर्य समेत चार सगे भाइयों को हत्या का दोषी करार दिया है। अदालत ने सभी दोषियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई। फैसला सुनाए जाने के बाद चारों दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया गया। लंबे समय से चल रहे मुकदमे में अदालत के निर्णय से न्यायिक प्रक्रिया का एक अहम पड़ाव पूरा हुआ।

मामला वर्ष 2004 का है। 16 अगस्त 2004 को लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियापुर मोहल्ले में कलेक्ट्रेट तिराहे के पास जमीन विवाद को लेकर दिनदहाड़े आशीष मौर्या की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले में लाइन बाजार थाने में सात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

अभियोजन के अनुसार, मामले में राम सेवक मौर्या, अश्वनी मौर्या, आशीष मौर्या, पवन मौर्या, मनोज मौर्या समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया था। मुकदमे की लंबी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए और अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। सुनवाई पूरी होने के बाद एडीजे प्रथम की अदालत ने चार आरोपियों को हत्या का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

अदालत का फैसला आते ही परिसर में हलचल बढ़ गई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दोषी ठहराए गए चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया गया। करीब दो दशक से अधिक समय से चल रहे इस मुकदमे में फैसला आने को लेकर लोगों की निगाहें टिकी थीं।

अभियोजन की ओर से सहायक शासकीय अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव और विजय नाथ सिंह ने प्रभावी पैरवी करते हुए अदालत के समक्ष अभियोजन का पक्ष रखा। अभियोजन की पैरवी और प्रस्तुत साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को दोषी करार दिया।

एटा में अज्ञात चोरों उड़ाई एक दर्जन से अधिक सबमर्सिबल पंप की केबिल, किसानों में गुस्सा

एटा 26 अगस्त उप्रससे। जनपद में जलेसर और सकरौली क्षेत्र में किसानों के दर्जनों सबमर्सिबल पंपों की कॉपर केबिल अज्ञात चोर काट ले गए। इस घटना से किसानों में भारी आक्रोश है और उन्होंने चोरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। किसानों ने जब अपने खेतों पर लगे सबमर्सिबल पंपों की केबिल कटी देखी, तो वे आक्रोशित हो गए।

दर्जनों किसान एक साथ जमा हुए और उन्होंने चोरों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को गिरफ्तारी का अश्वासन दिया है।

जलेसर थाना क्षेत्र के नगला सुखदेव और सकरौली थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव में करीब एक दर्जन से अधिक किसानों की सबमर्सिबल की केबिल काटी गई हैं। यह चौथी बार है जब ऐसी घटना हुई है। पूर्व में भी करीब 30 से अधिक किसानों की केबिल काटी जा चुकी हैं, जिनके संबंध में एफआईआर भी दर्ज की गई थी, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

किसान सोहन लाल पाठक ने बताया कि चोरों द्वारा केबिल काटे जाने से किसानों का समय, पैसा और बिजली बर्बाद हो रही है। उन्होंने मांग की कि चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस मामले पर सकरौली थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »