एटा 30 जुलाई उप्रससे। जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 31 जुलाई (शुक्रवार) शाम 8 बजे से लागू होगी और 3 अगस्त (सोमवार) शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में कांवड़िए कासगंज के सोरों घाट से गंगाजल लेकर एटा के रास्ते विभिन्न शिवालयों तक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भारी वाहनों, रोडवेज बसों और सामान्य यातायात के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से मैनपुरी जाने वाले भारी वाहनों को एटा शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें एटा बाईपास से निकाला जाएगा। अलीगढ़ से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग से होकर जाएंगे।
एटा से बदायूं और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को कादरगंज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। मैनपुरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन सोरों, अमांपुर, मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग का उपयोग करेंगे। शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आवश्यक वस्तुओं के वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगे।
रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव
शुक्रवार से सोमवार तक अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें एटा शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। मैनपुरी की ओर से आने वाली बसों को आरओबी से पहले ही बाईपास की ओर मोड़ दिया जाएगा। गंजडुंडवारा, अलीगंज और अमांपुर मार्ग की बसों का संचालन भी बाईपास से किया जाएगा।
शहर में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद
श्रावण मास के प्रत्येक शनिवार, रविवार और सोमवार को एटा शहर में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य दिनों में जीटी रोड पर हल्के वाहनों का संचालन वन-वे व्यवस्था के तहत किया जाएगा। एटा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बलिया – बलिया में सरयू नदी के कटान का भयावह मंजर जारी है।गुरूवार को नदी का रौद्ररूप को देख लोग सहमें हुए है।नदी द्वारा निरंतर कटान किया जा रहा है।बैरिया तहसील क्षेत्र अन्तर्गत गोपालनगर टाड़ी गांव में नदी कहर बरपा रही है।नदी न केवल कृषि योग्य भूमि को तेजी से अपने में समाहित कर रही है।बल्कि लोगों के आशियाने को भी तेजी से निगल रही है। जिसकी वजह से लोग अपनी गाढ़ी कमाई तथा अपने हाथों से बनाये गये आशियाने को खुद उजाड़ कर अन्यत्र पलायन कर रहे हैं।लोग अपने सामानों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को विवश हैं।सिर पर टोकरी में सामान लेकर जा रहे काशीनाथ यादव ने कहा कि अपने खेत में सामान लेकर जा रहा हूं। यहां ढ़ह रहा है।सरयू नदी का कटान लग गया है और मकान ढ़हा रहा है।एक अन्य बुजुर्ग ने परिचय पूछने पर कहा कि परिचय क्या बताएं,सब कुछ गिर गया है।अब कहां जायेंगे पता नहीं।सरकार की तरफ से भी कुछ सहायता नहीं मिला रहा है।यहां कोई आ भी नहीं रहा है।दीपक ने कहा कि अपना लें जा रहे हैं।अपना घर उजाड़कर ट्रैक्टर पर ईंट आदि लाद रहे रोशन यादव ने गुस्से से कहा कि सरकार जहां घर है,वहां जियो बैग नहीं डलवा रही है बल्कि जहां कुछ नहीं है वहां जियो बैग डलवा दिया।जिसका कुछ मायने नहीं है।घर से बेघर तो हम हो रहे हैं।सरकार को इससे क्या मतलब है।
नदी की कटान की वजह से ये हुए बेघर
गोपाल नगर टाड़ी में प्राथमिक विद्यालय, मन्तोष यादव,मुनिराज यादव,दूधराज यादव,रमेश यादव,शैलेष यादव,दिनेश यादव का घर नदी विलीन हो चुका है।उक्त परिवारों के लोग अपने घरों का सामान आदि बंधे पर रखे हुए हैं।
इनके मकान नदी के मुहाने पर
विनोद यादव,मुसाफिर यादव,जवाहर यादव,शुकुल यादव,परशुराम यादव,रजिन्द्र यादव,राजबली यादव, शिवकुमार यादव,सुदर्शन यादव, उमाशंकर यादव,राजेन्द्र यादव, बद्रीनारायण यादव,नन्हकी देवी,निशु यादव,जनार्दन,जितेन्द्र,शकुन्तला देवी,शम्भू नाथ यादव,गीता देवी,सोना देवी,रूबी यादव,श्याम बिहारी यादव,पशुपति यादव,दीपक यादव,अनिल यादव,सोनू यादव,लाल बिहारी यादव,श्रवण यादव, पप्पू यादव,काशीनाथ यादव,रोशन यादव,सोमारू यादव,चन्दन यादव,सुभाष यादव,रंजन यादव,झलकू यादव,शिवजी यादव,चन्द्रमा यादव,उदय यादव आदि का मकान नदी के मुहाने पर है।
बलिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की पावन तपोभूमि सीर गोवर्धन, वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से प्राप्त पावन कलश रथ गुरुवार को बलिया पहुँचा। फेफना विधानसभा क्षेत्र के सागरपाली में आयोजित स्वागत समारोह में पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने कलश रथ का पुष्पवर्षा, जयघोष और श्रद्धापूर्वक वंदन के साथ भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का यह पावन कलश रथ समता, सामाजिक समरसता, बंधुत्व और सद्भाव का संदेश लेकर जन-जन तक पहुँच रहा है। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए संत रविदास के समरस समाज के विचारों को जनमानस तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर कलश रथ के साथ पहुँचे भाजपा के जिला महामंत्री हिमांशु प्रताप सिंह तथा जिला मंत्री आलोक सिंह ‘मोनू’ का भी कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शशि चौरसिया, मनोज श्रीवास्तव, जिला मंत्री भरत राय, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्वेता राय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अंजनी राय, विनोद सिंह (प्रधान), विजय पांडेय, अजय सिंह, मुन्ना तिवारी, रूपक सिंह, विक्की सिंह, रोहित राजभर, नीरज पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
मीरजापुर। यूपी के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को भोर में तकरीबन 3 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल की मौके ही मृत्यु हो गयी जबकि उनका पुत्र रोहित (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गयी। थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को क़ब्ज़े में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद है।
वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स बुला लिया गया था वहीं हादसे की ख़बर होने पर मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाते हुए उनके साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए मृतक परिवार को जिला प्रशासन द्वारा 50 लाख का मुआवजा मिले तथा क्षतिग्रस्त मकान का अभिलम्ब निर्माण कराये जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुटे रहे हैं।