Web News

www.upwebnews.com

जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर हत्या, 112 का सिपाही गिरफ्तार

July 30, 2026

जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर हत्या, 112 का सिपाही गिरफ्तार

Gorakhpur Samachar UP Web NewsPosted on 30/07/2026
Time 10:30 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) : जनता की रक्षा करने की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर होती है, यदि वही रक्षक भक्षक बन जाएं तो खाकी की साख पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सामने आया है, जहां एक 10 साल की मासूम बच्ची की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने डायल 112 के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।
​जिला अस्पताल से हुई थी लापता
​मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल से 28 जुलाई की देर रात एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने जब जिला अस्पताल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। फुटेज में एक बाइक सवार पुलिस की वर्दी में दिखाई दिया, जो बच्ची को ले जाते हुए नजर आया।
​200 सीसीटीवी कैमरों की मदद से खुला राज
​मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण उच्च अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया। पुलिस टीमों ने लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। जांच के दौरान एक जगह डायल 112 की अपाची बाइक का नंबर ट्रेस हुआ, जो आरोपी कांस्टेबल अभिषेक यादव की निकली।
​आरोपी सिपाही गिरफ्तार, कबूला जुर्म
​कड़ी सुरागकशी के बाद पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर चिऊटहा पुल के नीचे से मासूम का शव बरामद किया। इसके अलावा, बच्ची का चप्पल पास ही स्थित एक सुनसान कमरे से मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
​एसएसपी ने दी जानकारी, बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू
​एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी कांस्टेबल अभिषेक यादव मूल रूप से गाजीपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में डायल 112 में तैनात था।
​एसएसपी ने बताया कि आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में भी वह छेड़खानी के एक मामले में सस्पेंड हुआ था, हालांकि बाद में उसकी बहाली हो गई थी। इस बार इस जघन्य कृत्य को देखते हुए आरोपी कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गोल्ड लोन दिलाकर ब्लैंक चेक से निकाले 50.60 लाख, बैंक अधिकारियों पर केस

AGRA NEWS

AGRA NEWS

आगरा। ताजनगरी में गोल्ड लोन के नाम पर कथित वित्तीय धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। थाना ताजगंज पुलिस ने एक कारोबारी की शिकायत पर आईसीआईसीआई बैंक की बेलनगंज शाखा के शाखा प्रबंधक, डिप्टी मैनेजर, एक निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर समेत 8 नामजद और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेलनगंज निवासी कौशल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2016 से उनके भवन का एक हिस्सा आईसीआईसीआई बैंक की बेलनगंज शाखा को किराये पर दिया गया है। लंबे समय से बैंक संचालित होने के कारण शाखा अधिकारियों से उनके पारिवारिक और व्यावसायिक संबंध बन गए थे। शिकायत के अनुसार, इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए फरवरी 2026 में शाखा प्रबंधक विवेक सिंह ने उनसे संपर्क किया और वर्ष 2025-26 का गोल्ड लोन लक्ष्य पूरा कराने में सहयोग मांगा। कथित तौर पर भरोसा दिलाया गया कि कुछ समय बाद लोन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, गिरवी रखा गया सोना सुरक्षित वापस मिल जाएगा और पूरी प्रक्रिया में आने वाला खर्च भी बैंक अधिकारी स्वयं वहन करेंगे।

पीड़ित का आरोप है कि बैंक अधिकारियों के आश्वासन पर विश्वास करते हुए उन्होंने अपने बेटे विभोर के नाम पर 445.40 ग्राम सोना गिरवी रखकर 45.13 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी लोन खाता बंद नहीं किया गया। जब उन्होंने कई बार जानकारी मांगी तो हर बार तकनीकी कारणों और बैंकिंग प्रक्रिया का हवाला देकर उन्हें टाल दिया गया।

‘खाते में एंट्री दिखानी है’ कहकर कराए ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि बाद में बैंक अधिकारियों ने कहा कि लोन बंद करने से पहले खाते में कुछ वित्तीय लेनदेन दिखाना जरूरी है। इसी बहाने 6 जून 2026 को कथित रूप से पीड़ित से ब्लैंक चेकों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। शिकायत के मुताबिक बाद में उन्हीं चेकों में सौरभ साहनी का नाम भरकर दो चेकों के माध्यम से कुल 50.60 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

—–दूसरे गोल्ड लोन का भुगतान करने में इस्तेमाल हुई रकम!

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सौरभ साहनी, उसकी पत्नी प्रतिमा साहनी और मां रमा साहनी ने फतेहाबाद रोड स्थित कैपरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड से गोल्ड लोन लिया हुआ था। उनका दावा है कि उनके खाते से कथित रूप से निकाली गई 50.60 लाख रुपये की राशि का उपयोग उसी गोल्ड लोन का भुगतान करने में किया गया। इसके बाद आरोपी अपना गिरवी रखा सोना छुड़ाने पहुंचे, लेकिन जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस की सूचना के बाद संबंधित सोने की रिलीज प्रक्रिया रुकवा दी गई।

—–इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

ताजगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईसीआईसीआई बैंक बेलनगंज शाखा प्रबंधक विवेक सिंह, डिप्टी मैनेजर हरविन्द सिंह, श्री भगवान सिंह, बृजेश शर्मा, कैपरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड के मैनेजर प्रसून गुप्ता, सौरभ साहनी, प्रतिमा साहनी और
रमा साहनी के अलावा 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। बैंकिंग रिकॉर्ड, चेक, खातों के लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

शव के पास रो रहे थे परिजन, तभी गूंजी आवाज- ‘मैं मरी नहीं हूं’

AGRA NEWS

AGRA NEWS

—- 17 घंटे बाद जिंदा हुई महिला

आगरा। गुरुवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने न केवल एक परिवार बल्कि पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जिस 65 वर्षीय महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था और जिसके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, वही महिला करीब 17 घंटे बाद अचानक जीवित हो गईं। सबसे पहले उन्होंने अपने दामाद का हाथ पकड़कर कहा—”मुझे कहां ले जा रहे हो? मैं जिंदा हूं, मरी नहीं हूं।” यह सुनते ही घर में मातम का माहौल कुछ ही सेकंड में हैरानी और उम्मीद में बदल गया। रो रहे परिजन खुशी और अविश्वास के बीच उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

—बरेली अस्पताल में डॉक्टरों ने किया था मृत घोषित

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी निवासी शीला देवी (65) लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। करीब 20 दिन पहले वह अपने बेटे संजीव माहौर, जो बदायूं के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, के पास इलाज के लिए गई थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें सोमवार को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को तबीयत और ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। बुधवार तड़के करीब तीन बजे अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

—शाम को घर पहुंचा शव, अंतिम संस्कार की हो चुकी थी पूरी तैयारी

मृत घोषित किए जाने के बाद बेटा एंबुलेंस से शाम करीब सात बजे मां का शव लेकर आगरा स्थित घर पहुंचा। शव को घर के एक कमरे में जमीन पर रखा गया। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए। फूल-मालाएं, कफन और अन्य आवश्यक सामग्री भी मंगवा ली गई थी। रिश्तेदार और पड़ोसी अंतिम दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे थे। घर में हर ओर मातम पसरा हुआ था। कोई शीला देवी को अंतिम बार देख रहा था तो कोई परिवार को सांत्वना दे रहा था।

—–अंतिम प्रणाम करते ही हुआ ऐसा कि सब दंग रह गए

रात करीब आठ बजे शीला देवी के दामाद अपनी सास को अंतिम प्रणाम करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने उनके पैर छुए, अचानक शरीर में हलचल महसूस हुई। पहले तो किसी को विश्वास नहीं हुआ, लेकिन अगले ही पल शीला देवी ने दामाद का हाथ कसकर पकड़ लिया और धीमी आवाज में कहा- “मुझे कहां लेकर जा रहे हो? तुम सब रो क्यों रहे हो? मैं जिंदा हूं।” यह सुनते ही कमरे में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए। कुछ लोगों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ, तो कुछ ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना।

—बिना देर किए अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन

परिजनों ने एक पल भी देर नहीं की और शीला देवी को तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं और उनका उपचार जारी है।

पड़ोसी ने सुनाई पूरी घटना

पड़ोसी ने बताया कि एंबुलेंस से शव घर लाने के बाद उसे कमरे में रखा गया था। उसी दौरान बेटी और दामाद पहुंचे। दामाद ने जैसे ही उनके चरण स्पर्श किए, तभी महिला की सांसें लौट आईं और उन्होंने बात करना शुरू कर दिया। पूरे मोहल्ले में देखते ही देखते यह खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घर के बाहर जुट गए।

कांग्रेस नेता के बेटे की मार्ग दुर्घटना में मृत्यु

उप्रससे 30 जुलाई
बस्ती। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय ज्ञानू के इकलौते पुत्र शिवांश पांडेय 25 वर्ष की सड़क हादसे मे मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। शिवांश अपने मामा के लड़के को कार से कप्तानगंज पहुंचाने ले जा रहे थे। घटना की जानकारी होने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई।
जानकारी मिली है कि बसहवा पुल के पास कोई बाइक सवार घायलावस्था में पड़ा था, वह अचानक दिखा तो कार दाहिने काटकर वह आगे निकलना चाहे, ठीक उसी समय तेज गति से आ रहे, ट्रक की चपेट में आ गये। घटना के बाद कार में आग भी लग गई। शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके मामा का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रिफर किया गया है। ज्ञानेन्द्र पांडेय बेहद व्यवहार कुशल हैं। बेटे की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार, सगे सम्बन्धी स्तब्ध हैं। कांग्रेस पार्टी में भी शोक व्याप्त हो गया है। पार्टी प्रवक्ता मो रफीक खां से घटना की जानकारी ली गई तो उन्होने बताया कि हम लोग पोस्टमार्टम हाउस पर हैं।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार रात्रि 12ः15 पर बसहवा फ्लाई ओवर के पास बस्ती से अयोध्या मार्ग पर दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहन में टक्कर हो गया। घटना में बाइक यूपी बीजे 3632 सवार दो लोग घायल हो गये जबकि कार संख्या यूपी 51 बीजेड 8319 सवार शिवांश पांडेय निवासी पिकौरा बक्श की मौके पर ही मौत हो गई और तपिश मिश्रा पुत्र भूषण कुमार मिश्रा सा0 तपसी धाम को काफी चोट आई है। उन्हे लखनऊ रिफर किया गया है। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी फुटहिया ने घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू की। दो पहिया चालक संदीप कुमार प्रजापति पुत्र राम उजागर प्रजापति व संदीप कुमार प्रजापति को चिकित्सालय ले जाया गया जहां संदीप कुमार प्रजापति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

 

घटना की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि बसहवा फ्लाई ओवर के पास बस्ती से अयोध्या मार्ग पर दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहन में टक्कर हो गया जहां सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी फूटहिया मय हमराह कर्मचारी गढ़ व सीसी टीम प्रभारी पहुंचकर दो पहिया चालक संदीप कुमार प्रजापति पुत्र राम उजागर प्रजापति ग्राम पिलखाए थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती उम्र 22 वर्ष वाहन संख्या UP51BJ3632 व चार पहिया वाहन संख्या UP51BZ8319 हर्ष गुप्ता नीरज कुमार गुप्ता जिसमें घायल शिवांश पांडे पुत्र ज्ञानेंद्र पांडे ग्राम उम्र 28 वर्ष ग्राम पिकौरा बक्श थाना कोतवाली बस्ती तथा तपिश मिश्रा पुत्र भूषण कुमार मिश्रा सा0 तपसी धाम को काफी चोट आई है जिन्हें तत्काल एंबुलेंस द्वारा इलाज हेतु जिला अस्पताल बस्ती भिजवाया गया था जिसमें शिवांश पांडे व संदीप कुमार प्रजापति का इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी तथा तपीश कुमार मिश्रा को इलाज हेतु रेफर कर दिया गया हैं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

विकसित भारत 2047 के संकल्प को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य’जेन‑जेड संवाद आवश्यक- विवेकानंद

उप्रससे 30 जुलाई
बस्ती।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत@2047” के संकल्प को जन‑जन और विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी, बस्ती द्वारा जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ‘जेन‑जेड कैंपस संवाद’  श्रृंखला के अंतर्गत बड़े पैमाने पर युवा संवाद आयोजित किए गए। गुरुवार को मां गायत्री इंटर कॉलेज, कप्तानगंज में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में विद्यार्थियों के साथ देश के समकालीन विषयों पर सार्थक संवाद,  वर्तमान परिदृश्य, राष्ट्र‑निर्माण, शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतान्त्रिक मूल्यों तथा विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर विचार‑विमर्श और जागरूकता फैलाना, युवाओं में सकारात्मक सोच, तकनीकी क्षमता, नवाचार और देशभक्ति को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
किसान इंटर कॉलेज, बस्ती में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह ने “विकसित भारत में युवाओं की भूमिका” पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
गन्ना विकास इंटर कॉलेज, मुंडेरवा मे अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर अरविंद पाल ने छात्र‑छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की जेन‑जेड न केवल भारत का भविष्य है, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी है।
दशरथ चौधरी इंटर कॉलेज में भाजपा जिला महामंत्री अभिषेक कुमार ने युवाओं के साथ देश की प्रगति और युवाओं के योगदान पर चर्चा की।
परमहंस आदर्श इंटर कॉलेज कैथवलिया व जी.आर.एस. पब्लिक स्कूल ककरौली मे बनकटी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण सिंह ने युवाओं के उत्साह, तकनीकी क्षमता और नवाचार को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में जोड़ने पर बल दिया
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र‑छात्राएं, स्कूल‑स्टाफ तथा स्थानीय शिक्षकों और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

« Newer PostsOlder Posts »