Web News

www.upwebnews.com

पिछली सरकारें अभी होतीं तो बंद हो गया होता यूपी का चीनी उद्योग: मुख्यमंत्री

July 18, 2026

पिछली सरकारें अभी होतीं तो बंद हो गया होता यूपी का चीनी उद्योग: मुख्यमंत्री

सीएम योगी ने किया अमरोहा व धनौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास*

*पिछली सरकारों ने 29 चीनी मिलों को बंद किया और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया था, डबल इंजन सरकार कर रही 122 चीनी मिलों का संचालनः सीएम योगी*

*विकास के प्रस्ताव लेकर लखनऊ आते हैं राजीव तरारा व महेंद्र सिंह खड़गवंशी, अमरोहा व नौगावां सादात वाले रजाई तानकर सोते हैं: मुख्यमंत्री*

*जहां खानदान का कब्जा या एक ही परिवार सभी पदों पर काबिज हो, वहां विकास नहीं हो सकताः सीएम योगी*

*अमरोहा, 18 जुलाई।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले विकास, औद्योगिक निवेश व किसानों को गन्ना भुगतान संभव नहीं था। 2007 से 2017 के बीच सरकारों ने 29 चीनी मिलों को बंद किया था और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया था। यदि वे सरकारें अभी होतीं तो अब तक यूपी का चीनी उद्योग बंद हो चुका होता। डबल इंजन की भाजपा सरकार 122 चीनी मिलों का संचालन कर रही है। 3.23 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है। गन्ना मूल्य भी बढ़कर 400 रुपये प्रति कुंतल हो गया है। यूपी अब चीनी, गन्ना, एथेनॉल उत्पादन करने वाला नंबर-वन राज्य है।

सीएम योगी शनिवार को वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, गजरौला में अमरोहा व धनौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर जनपद के आध्यात्मिक इतिहास व महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

*अमरोहा को अब कोई पिछड़ा नहीं कह सकता*
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरोहा को अब कोई पिछड़ा नहीं कहेगा। इसने हस्तशिल्प व कारीगरी के माध्यम से दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। ओडीओपी के जरिए अमरोहा के तबला व ढोलक की पहचान बनी है। यहां का किसान आम की उपज को वैश्विक बाजार में पहुंचा रहा है। मध्य गंगा नहर परियोजना भी पूरी हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे ने राह आसान कर दी है। 10 साल पहले कोई सोच नहीं सकता था कि अमरोहा से दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज की दूरी कम हो पाएगी। अब अमरोहा से हरिद्वार की दूरी भी आसान बनाएंगे और किसानों को जमीन का अच्छा दाम देंगे। विकास के नए प्रतिमान पर स्थापित हो रहा अमरोहा अपनी नई पहचान बनाएगा। औद्योगिक विकास के लिए हसनपुर में बन रहा पार्क जनपद को नई ऊंचाई देगा।

*यूपी में सुरक्षा, सुशासन के साथ बरस रही समृद्धि*
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में आगामी 50-100 वर्ष की योजना को लेकर विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। अब नौजवान बेरोजगार नहीं होगा, पलायन नहीं करेगा। 2017 के बाद से यूपी में सुरक्षा, सुशासन के साथ समृद्धि बरस रही है। सरकार तिगरी व गढ़ के लिए काम कर रही है। मां गंगा तिगरी की तरफ कुछ बढ़ रही हैं, इसलिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिया गया है कि गंगाजी को चैनलाइज कर तिगरी व गढ़ मेले के स्वरूप को और भव्य करो, जिससे यह पश्चिमी उप्र में माघ व कुंभ मेले की तरह चमकता दिखे।

*पहले आस्था पर होता था प्रहार, अब किसी त्योहार पर रोक नहीं*
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले आस्था पर प्रहार होता था। कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा, रामनवमी की शोभायात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रोक लगाई जाती थी। जयश्रीराम कहने पर लाठी-डंडे चलते थे और सरकारें मौन रहती थीं लेकिन अब किसी त्योहार पर रोक नहीं है, बल्कि सरकार आस्था का सम्मान करते हुए हरसंभव सहयोग करती है।

*सुरक्षा में सेंध लगाने वाले जेल या जहन्नुम जाएंगे*
सीएम ने जनपदवासियों से कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के हर प्रस्ताव को धरातल पर उतार रही है। विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं है, लेकिन इसके लिए समय, सोच, संवेदना, नीति और नीयत चाहिए। पिछली सरकारों में हर जनपद में दंगे होते थे, लोग असुरक्षित थे। हमने कहा कि सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। हमारी सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया।

*यहां के लोग कभी एक मंत्री से थे आतंकित*
सीएम ने कहा कि यूपी अब सुरक्षा का मॉडल दे रहा है। सुरक्षा सुशासन लाती है। सुशासन निवेश और निवेश समृद्धि लेकर आता है। अब हर भर्ती में अमरोहा-धनौरा का नौजवान भी नियुक्ति पत्र पाता है, लेकिन पहले रामपुर व सैफई का सिडिंकेट नौकरियों में डकैती डालता था। अब आपकी अपनी सरकार है, कोई हक पर डकैती नहीं डाल सकता। 2017 में महेंद्र खड़गवंशी के प्रचार में आया था तो लोग एक मंत्री के आतंक से भयभीत थे। तब मैंने कहा था कि भाजपा सरकार आएगी तो ये सभी दुम दबाकर बिल में घुसकर ही खुद को सुरक्षित कर पाएंगे। अब यहां किसी का भय या आतंक नहीं।

*सीएम ने चेतन चौहान को भी याद किया*
मुख्यमंत्री ने पूर्व क्रिकेटर व पूर्व मंत्री चेतन चौहान को भी याद किया। कहा कि वह नौगावां सादात व जनपद में खेल, विकास को बढ़ाने के लिए समर्पित थे। एनडीए सरकार चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही है। हर तबके को बिना भेदभाव सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि 2017 के पहले यह संभव नहीं था।

*गरीबों के हक पर डकैती डालते थे सपा-कांग्रेस के लोग*
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने अपनी लाचारगी जताते हुए कहा था कि 100 में से 85 पैसे ही नीचे जनता तक पहुंचते हैं। यह छात्रवृत्ति, किसान सम्मान निधि, गरीब के राशन, आवास, पेंशन, शौचालय का पैसा था, जिस पर सपा व कांग्रेस वाले डकैती डालते थे। अब डबल इंजन सरकार में गरीब को पूरी रकम सीधे उसके बैंक खाते में मिलती है।

*हर वर्ग के लिए योजनाएं लाई है सरकार*
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर वर्ग के लिए योजनाएं हैं। निराश्रितों के लिए अटल आवासीय विद्यालय, गरीब, पिछड़ी व अनुसूचित जाति की बच्चियों के लिए कस्तूरबा गांधी विद्यालय है। आज मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास भी हो रहा है। बेटियों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने हाल में शिक्षकों के लिए हर वर्ष पांच लाख रुपये के कैशलेस इलाज की व्यवस्था की है। शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार और अनुदेशकों का 17 हजार रुपये किया गया है। हर शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षक के लिए सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना भी लागू की गई। आपदा की चपेट में आने वाले शिक्षक के परिजनों को 80 लाख से डेढ़ करोड़ की सहायता मिलेगी। शिक्षामित्र या अनुदेशक के साथ घटना-दुर्घटना होने पर परिवार वालों को 30 से 80 लाख रुपये तथा रसोइया के परिजनों को दो लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। आपदा की चपेट में आने वाले किसानों के परिवारों को मुख्यमंत्री कृषक बीमा दुर्घटना में 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता दिलाई जाती है।

*विकास के प्रस्ताव लेकर लखनऊ आते हैं तरारा व खड़गवंशी, अमरोहा व नौगावां सादात वाले रजाई तानकर सोते हैं*
सीएम ने कहा कि किसानों-नौजवानों के हित में सरकारें आती हैं तो हर वर्ग के विकास के लिए कार्य होता है। जहां खानदान का कब्जा हो और एक ही परिवार सभी पदों पर काबिज हो, वहां विकास नहीं हो सकता। आपने राजीव तरारा व महेंद्र सिंह खड़गवंशी जैसे अच्छे विधायकों व कंवर सिंह तंवर को सांसद चुना तो विकास कार्य हो रहे हैं। हमारे विधायक निरंतर विकास के प्रस्ताव लेकर लखनऊ आते हैं। अमरोहा सदर व नौगावां सादात वाले शासन में पैरवी नहीं करते, वे जीतने के बाद रजाई तानकर सो गए। जनता ने इन दोनों क्षेत्रों में भी कमल खिलाया होता तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती। सीएम ने अमरोहावासियों को आश्वस्त किया कि डबल इंजन सरकार हर हित का ध्यान रखेगी। उन्होंने पैरोकारी के लिए अच्छे विधायक व सांसद चुनने की अपील करते हुए आमजन को आश्वस्त किया कि जल्द ही वे नौगावां सादात व हसनपुर भी आएंगे।

इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, विधायक राजीव तरारा, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो, भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय गिरि गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर में दर्शन-पूजन किया

मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में मेरठ मण्डल के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा आगामी काँवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की

प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के प्रति प्रतिबद्ध, जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश

मठ एवं मन्दिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन तथा मन्दिर परिसर में वेदपाठी बटुकों एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद किया

संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होती आयी

लखनऊ : 18 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गाजियाबाद में मेरठ मण्डल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा आगामी काँवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपने-अपने क्षेत्रों से सम्बन्धित विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दे रखे। बैठक में जनपद के विकास, सुरक्षा व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर पहुँचकर भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं लोककल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री जी ने मन्दिर परिसर में स्थित शिवलिंगों पर भी पुष्प अर्पित किए और नंदी महाराज के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए तथा मठ परिसर में विराजमान संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव स्तुति के मध्य सम्पन्न हुए पूजन कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
मुख्यमंत्री जी ने मठ एवं मन्दिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संत समाज के साथ प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर मन्दिर के पीठाधीश्वर, संत समाज एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जी ने मन्दिर परिसर में वेदाध्ययन कर रहे वेदपाठी बटुकों (ब्रह्मचारी छात्र) एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय ज्ञान परम्परा, वैदिक संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होती आयी है।
उल्लेखनीय है कि श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मन्दिर गाजियाबाद का एक प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिवधाम है, जो सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना एवं वैदिक परम्परा का प्रमुख केन्द्र माना जाता है।
———

सर्वाधिक सैनिक व सैन्य अधिकारी देने वाला जनपद है बुलंदशहरः मुख्यमंत्री

*मुख्यमंत्री योगी ने जापान के उदाहरण के साथ बच्चों को दिया आत्म अनुशासन व परिश्रम का मंत्र*

*रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बोले सीएम योगी*

*स्कूल को 32 बीघा जमीन देने वाले बाबा राजपाल सिंह का सीएम ने किया अभिनंदन*

*इस सैनिक विद्या मंदिर में भी होगा बेटियों का प्रवेश, रज्जू भैया की मां के नाम पर बनेगा छात्रावासः मुख्यमंत्री*

*लखनऊ, 18 जुलाईः* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को आत्म अनुशासन, परिश्रम का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही जीवन का सबसे बड़ा मंत्र है। आगे वही बढ़ा है और इतिहास भी उसी ने बनाया है, जो अनुशासित, परिश्रमी होकर प्रयास करता रहा है। आप भी नए इतिहास को बनाने की दिशा में प्रयास करें। सीएम ने बच्चों से कहा कि राष्ट्र प्रथम का भाव अंतःकरण में होना चाहिए। दुनिया के जिस सबसे बड़े सामाजिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सभी के सामने आदर्श प्रस्तुत किया है, आपको उसका सानिध्य प्राप्त हो रहा है। इससे कुछ सीख पाए तो जीवन सार्थक होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बुलंदशहर पहुंचे। उन्होंने यहां रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।

*सर्वाधिक सैनिक व सैन्य अधिकारी देने वाला जनपद है बुलंदशहर*
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान का अभिनंदन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि निजी ट्रस्ट भी सैनिक स्कूल प्रारंभ कर सकते हैं, इस अभियान का हिस्सा बनकर बुलंदशहर में सैनिक स्कूल की स्थापना की गई। सर्वाधिक सैनिक व सैन्य अधिकारी देने वाले बुलंदशहर में सैनिक स्कूल की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

*स्कूल को 32 बीघा जमीन देने वाले बाबा राजपाल सिंह का सीएम ने किया अभिनंदन*
सीएम ने सैनिक स्कूल को 32 बीघा जमीन देने वाले बाबा राजपाल सिंह का अभिनंदन किया। कहा कि बाबा राजपाल सिंह ने इस कदम से बता दिया कि उनका जीवन भी साधना राष्ट्र को समर्पित है। उन्होंने रज्जू भैया के पैतृक जनपद में उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए यह जमीन दी है।

*हर नागरिक के लिए पंच प्रण आवश्यक*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में देशवासियों को संकल्प दिलाया था कि अभी से आजादी के शताब्दी महोत्सव की तैयारी प्रारंभ कर उसके अनुरूप आचरण करना होगा। इसके लिए उन्होंने हर भारतीय के लिए पंच प्रण सुनिश्चित किया। यह पंच प्रण हर नागरिक के लिए आवश्यक है।

*सीएम ने पंच प्रण की बताई परिभाषा*
पहला प्रण-गुलामी की मानसिकता को त्यागना। जब तक मन में यह मानसिकता बनी रहेगी, तब तक कोई भी देश या समाज आगे नहीं बढ़ सकता। देश/समाज अपने मूल्यों व आदर्शों पर खड़ा होकर ही आगे बढ़ता है।

दूसरा प्रण- विरासत पर गौरव की अनुभूति। पूर्वजों, ऋषि-मुनियों, तीर्थ, पवित्र ग्रंथ जैसी विरासत पर हर किसी को गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। विरासत का संरक्षण हो, उसके संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास हो। सीएम ने कहा कि आपने वोट बुलंदशहर में दिया, लेकिन परिणाम अयोध्या में भव्य राम मंदिर व काशी विश्वनाथ धाम के रूप में देखने को मिला।

तीसरा प्रण- सामाजिक समता का ध्यान। छुआछूत, अस्पृश्यता, आदि हमारी बुराइयां हैं। जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर बंटकर देश गुलाम हुआ। हमें इससे उबरकर कार्य करना है।

चौथा प्रण- यूनिफॉर्म धारी फोर्स के प्रति श्रद्धा व सम्मान। सीएम ने कहा कि जवान सर्दी, गर्मी, बरसात, दिन-रात की परवाह किए बिना सीमा की रक्षा करता है, तब हम चैन से सोते हैं। पुलिसकर्मी जब दिन-रात मेहनत करते हैं, तब हम खुद को सुरक्षित पाते हैं और सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होते हैं। सेना, अर्धसेना, पुलिस के जवानों, देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों, शहीद सैनिकों व उनके परिजनों के प्रति सम्मान का भाव पैदा करना होगा।

पांचवां प्रण- नागरिक कर्तव्य। हम अधिकारों की चर्चा तो हर कीमत पर करते हैं, लेकिन कर्तव्य भूल जाते हैं। नागरिक कर्तव्य का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि छात्र अनुशासित रहकर शिक्षा अर्जित करें, शिक्षक छात्र को अनुशासित व संस्कारित रखते हुए समय पर पाठ्यक्रम पूरा करे और राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करे, यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। व्यापारी ईमानदारी से व्यापार कर कालाबाजारी का विरोध करे। सामान्य उपभोक्ता का शोषण न कर सरकार को टैक्स का हिस्सा दे। किसान सर्दी, गर्मी, बरसात की चिंता किए बिना अन्न उत्पादन कर देश के पेट को भरे तो यह सब देश के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का उदाहरण है। सभी लोग ईमानदारी से उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हैं तो यह राष्ट्रभक्ति व राष्ट्र के प्रति कर्तव्य है। जिस देश में लोग कर्तव्य को अधिकार से महत्वपूर्ण मानते हैं, वही देश आगे बढ़ता है। यही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की आधारशिला भी हो सकती है।

*सैनिक के लिए देश पहले, फिर परिवार, सबसे अंत में स्वहित*
सीएम ने कहा कि सैनिक स्कूल अनुशासित और संस्कारित वातावरण की ओर ध्यान आकृष्ट करता है। सैनिक के लिए देश प्रथम होता है। स्वहित की तिलांजलि देकर वह देशहित को प्राथमिकता देता है और देश की रक्षा करते हुए बलिदान हो जाता है। सीएम ने बार्डर पर सर्दी और राजस्थान की 50-52 डिग्री तापमान में झुलसाती भयंकर गर्मी में सैनिकों के परिश्रम की चर्चा की, फिर कहा कि सैनिक के लिए देश पहले, फिर परिवार, सबसे अंत में स्वहित होता है। सैनिक माइनस 20-40 डिग्री तापमान में कारगिल की पहाड़ियों में पहरेदारी करते हैं, तब देश सुरक्षित रहता है।

*जापान का उदाहरण देकर बोले सीएम- आत्म अनुशासन ही देश की प्रगति का आधार*
मुख्यमंत्री ने बच्चों के समक्ष अपने जापान दौरे की चर्चा की, कहा कि 1945 में जापान में परमाणु बम का दुरुपयोग हुआ था। वहां की सबसे बड़ी आबादी के दो शहर परमाणु बम की चपेट में आए थे। इसमें लाखों लोग मारे गए थे। जापान आर्थिक रूप के साथ ही मनोबल से भी टूट गया था, फिर भी जापान आज विकसित अर्थव्यवस्था है। 1947 में भारत आजाद हुआ, कमोबेश दोनों देशों की परिस्थितियां एक जैसी ही थीं। 12 वर्ष में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की हुई प्रगति अभिनंदनीय है। भारत आज चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है तो वहीं परमाणु बम के प्रहार के बावजूद जापान कभी रुका, झुका, थका और डिगा नहीं। सीएम ने कहा कि मैंने जापान की टेक्नोलॉजी और आत्म अनुशासन को देखा। आत्म अनुशासन ही किसी जाति, समाज व देश की प्रगति का आधार बनता है। जापान आत्म अनुशासन की वजह से ही विकसित देश बना है।

*भारत-भारतीयता, सनातन मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित था रज्जू भैया का जीवन*
सीएम ने रज्जू भैया को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए छात्रों को अनुशासन का मंत्र दिया, कहा कि उनका जीवन भारत-भारतीयता, सनातन मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित था। वे प्रख्यात वैज्ञानिक और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्रोफेसर थे। हमारी सरकार ने रज्जू भैया के नाम पर प्रयागराज में विश्वविद्यालय बनाया। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चतुर्थ सर संघचालक (सन 1994 से 2000) थे। उन्होंने देश-दुनिया के लाखों स्वयंसेवकों को नेतृत्व दिया। अनेक प्रकल्पों पर कार्य प्रारंभ कर उसे नई दिशा दी। उनका व्यक्तित्व काफी अद्भुत व चमत्कारिक था। सौम्य स्वभाव वाले रज्जू भैया के मन में संतत्व का भाव था। उनके नाम पर बना यह सैनिक विद्या मंदिर देश को सैन्य अधिकारियों देने में महत्वपूर्ण कदम उठाएगा।

*यहां भी मिलेगा बेटियों को प्रवेश, रज्जू भैया की मां के नाम पर बनेगा छात्रावास*
सीएम ने कहा कि 1960 में देश का पहला सैनिक विद्यालय स्थापित हुआ था। तब डॉ. संपूर्णानंद जी प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। हम लोगों ने उस विद्यालय को अच्छे ढंग से बढ़ाया। हमने राज्य सरकार द्वारा संचालित देश के पहले सैनिक स्कूल (लखनऊ) में बालिकाओं का प्रवेश प्रारंभ कराया। अब भारत सरकार ने देश में सभी सैनिक स्कूलों के लिए व्यवस्था प्रारंभ की है। आने वाले समय में इस सैनिक विद्या मंदिर में भी बेटियां प्रवेश लेंगी। सरकार यहां रज्जू भैया की मां के नाम पर बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाएगी। सीएम ने रज्जू भैया के पिता का भी जिक्र किया, कहा कि वे सिंचाई विभाग में चीफ इंजीनियर थे। पश्चिमी उप्र में सिंचाई के अच्छी नेटवर्किंग में उनका भी योगदान है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंजू त्यागी ने की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सी एल बरेजा, विद्या भारती पश्चिमी क्षेत्र के अध्य़क्ष मनवीर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्य़क्ष नवाब सिंह नागर, संरक्षक सदस्य एमएल शर्मा आदि मौजूद रहे।

दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री, घटना पर जताया दुःख, कहा दोषी बचेंगे नहीं

ललिता गौतम प्रकरण में मुख्यमंत्री सख्त, विवेचना में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश*

*पीड़ित परिवार को ₹5 Iलाख की सहायता, आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के निर्देश*

गाजियाबाद, 18 जुलाई:-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध के प्रत्येक दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रकरण की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक विधिक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहयोग मिल सके।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कांवड़ यात्रा में सुरक्षा से समझौता नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर करें सख्त कार्रवाई : सीएम योगी


*- मुख्यमंत्री ने मेरठ व सहारनपुर मंडल के अधिकारियों संग की तैयारियों की समीक्षा*

*- डीजे की आवाज, कांवड़ की ऊंचाई, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर दिए स्पष्ट निर्देश*

*-कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें, लगातार निगरानी की जाएः सीएम*

गाजियाबाद, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए तथा भ्रामक सूचनाओं का समय रहते खंडन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे की आवाज निर्धारित मानक से अधिक न हो और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के अनुरूप रहे, जिससे आवागमन में बाधा न आए। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को समय रहते गड्ढामुक्त करने तथा झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर स्वच्छता बनी रहे और कहीं भी कूड़ा न दिखाई दे। कांवड़ शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई तथा ताजा और सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें तथा इसकी लगातार निगरानी की जाए। परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन का संचालन न करे। वहीं विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों और बिजली की लाइनों की विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना विभाग के सहयोग से कांवड़ यात्रियों के लिए स्वागत द्वार और होर्डिंग लगाने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा। बैठक में मेरठ और सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »