Web News

www.upwebnews.com

डीजी जीआरपी ने देवरिया रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बताई

July 18, 2026

डीजी जीआरपी ने देवरिया रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बताई

देवरिया। पुलिस महानिदेशक, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. ने शनिवार को देवरिया रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाना एवं रेलवे परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, अभिलेखों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने शस्त्रों के रख-रखाव, साफ-सफाई और उनकी नियमित जांच पर विशेष बल देते हुए कहा कि पुलिस के हथियार केवल संसाधन नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका रख-रखाव पूरी जिम्मेदारी और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाना चाहिए।
उन्होंने रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जीआरपी के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय तथा ट्रेनों में लगातार गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाए तथा महिला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के प्रति विशेष सजगता बरती जाए।
अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी. ने कहा, “रेलवे प्रतिदिन लाखों यात्रियों की जीवनरेखा है। ऐसे में जीआरपी की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक यात्री को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी ईमानदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और उसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ यात्रियों से शालीन व्यवहार किया जाए, ताकि पुलिस की सकारात्मक छवि और जनविश्वास मजबूत हो।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय सहित जीआरपी एवं स्थानीय पुलिस के कई अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक को स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा यात्री सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।

समाज कल्याण विभाग के शिक्षकों ने भरी हुंकार, लंबित मांगों पर आर-पार की तैयारी

जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक, वेतन, पेंशन, बायोमेट्रिक, कैशलेस उपचार व बीमा सहित कई मांगों पर हुआ मंथन
देवरिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुदानित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक सर्वेश सिंह ने की। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने का निर्णय लिया गया। इसी दौरान समाज कल्याण अनुसूचित जाति प्राथमिक पाठशाला एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन भी किया गया।
बैठक में शिक्षकों ने प्रदेश सरकार द्वारा 3 जुलाई को जारी विद्यालयों की बिंदुवार जांच, मई माह से लंबित वेतन भुगतान, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था, पुरानी पेंशन से जुड़े मुद्दों, बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा, समूह बीमा तथा समान अवकाश की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी में सर्वेश सिंह को प्रदेश अध्यक्ष, कासिम खां को कार्यकारिणी अध्यक्ष, गिरजा शंकर शुक्ला को प्रदेश महासचिव, ध्रुपलाल, अनिरुद्ध प्रसाद एवं रविन्द्र यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा शिवदत्त दूबे को प्रदेश कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस दौरान नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश सिंह ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के अनुदानित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक वर्षों से अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब संगठन उनकी आवाज को मजबूती से शासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी एकजुटता के साथ शिक्षकों के हितों की रक्षा करेगा तथा सभी लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन और विभागीय अधिकारियों से चरणबद्ध वार्ता की जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
वही नवनिर्वाचित कार्यकारिणी अध्यक्ष कासिम खां ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के शिक्षकों को भी वही सम्मान, सुविधाएं और अधिकार मिलने चाहिए जो अन्य विभागों के शिक्षकों को प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा, बीमा, अवकाश और पेंशन जैसी सुविधाएं किसी विशेष वर्ग का अधिकार नहीं बल्कि प्रत्येक शिक्षक की मूल आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों की प्रत्येक समस्या को पूरी मजबूती के साथ शासन के समक्ष रखेगा और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से संगठन की एकता बनाए रखने और छात्र हितों के साथ-साथ शिक्षक हितों के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने संगठन की नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षकों की लंबित समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। अंत में सभी पदाधिकारियों ने शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान सत्येंद्र कुमार सिंह मनोज सिंह, नंदकिशोर यादव, फुलेना यादव, नंदलाल, उमेश, विकास प्रसाद, मुन्ना, शिवानंद, अनिरुद्ध, राम लक्ष्मण, सत्यप्रकाश,दिनेश सिंह,विकास सिंह,बलराम चंद्र,दीनानाथ यादव,राजकुमारी देवी सहित सैकड़ों अध्यापक गण उपस्थित रहे।

तहसील दिवस के दौरान आई 139 शिकायतें में से 19 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

 

आगरा। तहसील सदर में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस मौके पर आई 139 शिकायतों में से केवल 39 का ही तत्काल प्रभाव से निस्तारण किया गया।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के साथ-साथ सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संपर्क करें तथा उनसे वार्ता कर शिकायत को निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, साथ ही स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, जिससे उनको भी निस्तारण स्थिति का पता चल सके और निस्तारण आख्या में सम्पूर्ण घटनाक्रम को अंकित करते हुए पोर्टल पर अपलोड की जाए।
तहसील दिवस के दौरान कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही जिलाधिकारी महोदय द्वारा तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों में मुख्यतः विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, चकरोड निर्माण/अतिक्रमण, नाली निर्माण, अवैध अतिक्रमण आदि से सम्बन्धित थीं, जो कि 42 राजस्व विभाग, 28 पुलिस विभाग, 18 नगर निगम, 09 आगरा विकास प्राधिकरण, 04 विकास खंड, 01 शिक्षा विभाग, 08 टोरेंट पावर/ विद्युत, तथा 29 अन्य से सम्बंधित शिकायतें प्राप्त हुई।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, डीसीपी सैयद अली अब्बास, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री मनीष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी श्री विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

उपज का स्थापना दिवस समारोह 22 जुलाई को, नवीन सदस्यों का होगा सम्मान

Uttar Pradesh Association of Journalists (UPAJ)

केक काटकर मनाया जाएगा स्थापना दिवस, संगठन विस्तार पर होगी चर्चा
*बिजनौर*। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) शाखा जनपद बिजनौर के तत्वावधान में संगठन के स्थापना दिवस के उपलक्ष में 22 जुलाई (बुधवार) को प्रातः 11 बजे सिंचाई विभाग के डाक बंगला, बिजनौर में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
संगठन के महामंत्री रामनाथ सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के दौरान केक काटकर संगठन का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में उपज से जुड़े नवीन सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही संगठन के विस्तार, पत्रकारों की एकजुटता तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी पत्रकार साथियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

बॉक्स—-

पत्रकारों की एकजुटता से ही संगठन होगा मजबूत : *पुखराज सिंह मलिक*

उपज के जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने कहा कि संगठन का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारों के बीच आपसी एकता, सहयोग और संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उपज लगातार पत्रकारों के हितों की आवाज उठाता रहा है और भविष्य में भी संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए सभी साथियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी पत्रकारों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।

बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह है जेल या जहन्नुम में – सीएम योगी

2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भय, दंगों और असुरक्षा का माहौल था: सीएम योगी आदित्यनाथ*

*अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यहां सब चंगा है: योगी आदित्यनाथ*

*बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट की दूरी वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी: मुख्यमंत्री*

*सीएम योगी ने बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास*

*देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है उत्तर प्रदेश, 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुएः सीएम*

*बुलंदशहर, 18 जुलाई।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय, दहशत और असुरक्षा का माहौल था। उस समय बुलंदशहर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दंगे होते थे और कर्फ्यू लगता था। उस दौर में बेटियां और व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे तथा कई परिवारों ने अपनी बेटियों की पढ़ाई तक बंद करा दी थी। पहले हर जिले में माफिया और हर थाने में वसूली का सिंडिकेट सक्रिय था। गरीबों को न्याय नहीं मिलता था, महिलाओं की सुरक्षा नहीं थी और व्यापारियों को भय के माहौल में काम करना पड़ता था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब यहां सब चंगा है। सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने दोहराया कि माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे और ऐसा करके दिखाया गया। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं-जेल या जहन्नुम।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर व सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में 574 करोड़ से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप/चेक/ चाबी/थर्मल प्रिंटर/आयुष्मान कार्ड/छात्रवृत्ति/सब्सिडी/टूलकिट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। इससे पहले प्रदर्शनी का अवलोकन करने के दौरान सीएम ने छोटे बच्चों को खिलौना देकर दुलार किया।

*गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट से मिलेगी नई रफ्तार*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर भी पूरी तरह बदल चुका है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान जब वह बुलंदशहर आए थे, तब यहां भय और दहशत का माहौल था, लेकिन आज बुलंदशहर निर्भय होकर विकास की प्रक्रिया से मजबूती के साथ जुड़ चुका है। देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेसवे बुलंदशहर से होकर गुजर रहा है, जिससे प्रयागराज तक की यात्रा करीब पांच घंटे में पूरी होगी। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को भी स्वीकृति दे दी गई है। किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग को भी सरकार ने स्वीकार किया है।

*बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट की दूरी वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के साथ बुलंदशहर औद्योगीकरण के नए युग में प्रवेश करेगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो चुका है और यह केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की समृद्धि का आधार बनने जा रहा है। करीब 14 हजार एकड़ में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट एयरक्राफ्ट रिपेयर एंड मेंटिनेंस (एमआरओ) का बड़ा केंद्र बनने के साथ-साथ कार्गो संचालन तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उत्कृष्ट एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट के बीच की दूरी इतनी कम हो जाएगी कि वह वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में जनप्रतिनिधियों ने बुलंदशहर के लिए रिंग रोड की मांग रखी थी। उसी समय प्रस्ताव को तत्काल आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया था और अब यह बताते हुए प्रसन्नता है कि रिंग रोड का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो चुका है।

*बुलंदशहर की पहचान: जय जवान और जय किसान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुलंदशहर में विकास, सुरक्षा और समृद्धि एक साथ दिखाई देती है। खुर्जा की क्रॉकरी को वैश्विक पहचान मिली है, युवाओं को छात्रवृत्ति और रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वह श्रद्धेय रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर से आ रहे हैं और बुलंदशहर देश को सबसे अधिक सैनिक देने वाले जनपदों में शामिल है। यहां लगभग हर गांव में पूर्व सैनिक या सैन्य अधिकारी मिल जाएंगे, इसलिए बुलंदशहर में ‘जय जवान, जय किसान’ का भाव साकार होता है।

*मोबाइल निर्माण और उद्योग में यूपी नंबर वन*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुलंदशहर में बाबू जी के नाम पर कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है। खुर्जा की क्रॉकरी और क्षेत्र के गन्ना किसानों की पहचान अब बेहतर कनेक्टिविटी के साथ देश-दुनिया तक पहुंचेगी। जेवर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ इंटरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी और फिनटेक सिटी का भी विकास किया जा रहा है, जिसका सबसे अधिक लाभ बुलंदशहर को मिलेगा। उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण में देश में पहले स्थान पर है। देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहे हैं। प्रदेश चीनी मिलों के संचालन, गन्ना उत्पादन और इथेनॉल उत्पादन में भी देश में नंबर एक है।

*बॉटम से टॉप पर पहुंचा उत्तर प्रदेश*
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज प्रदेश विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है। उन्होंने कहा कि पहले यूपी की पहचान टूटी सड़कों और अंधेरे से होती थी, जबकि अब यहां ग्लोबल स्टैंडर्ड के एक्सप्रेसवे और बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित हुआ है। बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे केवल यात्रा का समय कम नहीं करते, बल्कि विकास और समृद्धि की गति भी बढ़ाते हैं। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से अर्थव्यवस्था तेज होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। बुलंदशहर के किसानों ने सरकार पर भरोसा करते हुए विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन दी। सरकार ने किसानों से किया गया वादा निभाते हुए उनका मुआवजा बढ़ाया है और बढ़ी हुई राशि उपलब्ध कराई जा रही है। बुलंदशहर की जनता ने लोकसभा की दोनों सीटों और सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया है। बुलंदशहर की जनता का हम पर बहुत बड़ा कर्ज है और हम विकास कार्यों के माध्यम से उसे ब्याज सहित चुकाने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

*देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है यूपी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं से वादा किया था कि उनकी नौकरियों में कोई सेंध नहीं लगाएगा। आज सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं और बुलंदशहर के युवा भी नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसी की सिफारिश या पैसे के आधार पर नियुक्ति नहीं होती और युवाओं के अधिकारों पर कोई डाका नहीं डाल सकता। प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से युवा अपना उद्यम स्थापित कर रहे हैं। वहीं वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के जरिए पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिल रही है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश लगातार पहले या दूसरे स्थान पर रहता है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर बन रहे हैं।

*टीम वर्क और डबल इंजन सरकार की गति का परिणाम है कि विकास हो रहा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास टीम वर्क और डबल इंजन सरकार की गति का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विरासत और विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रहा है। वर्ष 2017 से पहले की सरकारों के पास जनता, किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिए समय और संवेदनशीलता नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों को राशन, आवास, स्वास्थ्य बीमा और रसोई गैस जैसी योजनाओं का लाभ पहले भी दिया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आज प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंच रहा है।

*बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने का प्रयास*
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया। वर्तमान सरकार बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में काम कर रही है और उन्हें पुनर्जीवित किया जा रहा है। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों और अन्नदाता किसानों के उत्थान के लिए लगातार काम किया है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

*पिछली सरकारों ने किसानों और युवाओं का शोषण किया*
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के हितों की अनदेखी की। किसानों और युवाओं का शोषण किया गया, महिलाओं की सुरक्षा से समझौता हुआ और व्यापारियों व उद्यमियों को भय के माहौल में काम करना पड़ा। इन परिस्थितियों के कारण उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में पहुंच गया था, लेकिन अब प्रदेश उस स्थिति से बाहर निकल चुका है।

*विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प*
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विरासत और विकास के समन्वय का उदाहरण बन चुका है। विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेकर सरकार आगे बढ़ रही है और इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनता के आशीर्वाद की आवश्यकता है। केवल बुलंदशहर सदर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों में ही लगभग पौने छह सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। इसके अलावा जिले और क्षेत्र में अनेक अन्य विकास परियोजनाएं पहले से संचालित हैं।

*सरकार संवाद, समन्वय और समृद्धि के मॉडल पर कार्य कर रही*
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संवाद, समन्वय और समृद्धि के मॉडल पर कार्य कर रही है। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा और सुशासन का ऐसा मॉडल देगी, जिसकी कोई तुलना नहीं होगी और जो रामराज्य की अवधारणा को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। बुलंदशहर की जनता ने अच्छे जनप्रतिनिधि चुने हैं, जो क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लखनऊ और दिल्ली तक प्रभावी ढंग से पहुंचा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि क्षेत्र को लगातार नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। सीएम ने बुलंदशहर सदर, सिकंदराबाद और जिले के सभी नागरिकों को विकास परियोजनाओं के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

*लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक/लैपटॉप/ स्वीकृत पत्र और चाबी*

-पूजा शर्मा (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 4 लाख 25 हजार का चेक)
-राजकुमार वर्मा (4 लाख का चेक)
-महेंद्र प्रताप (टूल किट)
-कविता शर्मा (राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 33 करोड़ 60 हजार का चेक)
-गीता रानी (विद्युत बिल संग्रहण के लिए थर्मल प्रिंटर)
-ऋषि पाल (कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 24 लाख रुपए का अनुदान व चाबी)
-अजय चौधरी (फार्म मशीनरी बैंक की चाबी)
-श्याम कुमार (5 लाख रुपए का आयुष्मान कार्ड)
-मीनाक्षी (छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र)
-तनुज शर्मा (मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप)
-डॉली (मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप)
-पूजा शर्मा (प्रधानमंत्री आवास योजना शहरीय के लिए स्वीकृत पत्र)
-पूरन गुप्ता (प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिध योजना के अंतर्गत 50 हजार का चेक)
-हेमलता (मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए चाबी)
-कपिल चौधरी (मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के 4 लाख 80 हजार रुपए से अधिक का चेक)

*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद महेश शर्मा, सांसद डॉ. भोला सिंह, विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक मीनाक्षी सिंह, विधायक संजय शर्मा, विधायक सीपी सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधान परिषद के सदस्य श्रीचंद्र शर्मा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिलाध्यक्ष विकास चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया आदि मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »