Web News

www.upwebnews.com

अज्ञात युवक के शव का समाजसेवियों ने कराया अंतिम संस्कार

May 14, 2026

अज्ञात युवक के शव का समाजसेवियों ने कराया अंतिम संस्कार

समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में  अज्ञात शव का संस्कार करते हुए

हाथरस। व्यक्ति के मानव अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रही एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स संस्था लगातार अज्ञात शवों के धार्मिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार का कार्य कर रही है। इसी क्रम में एक अज्ञात युवक के शव का दाह संस्कार संस्था की देखरेख में समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में कराया गया। दाह संस्कार की व्यवस्था में एडीएचआर के उपाध्यक्ष हर्ष मित्तल का विशेष सहयोग रहा।जानकारी के अनुसार कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सलेमपुर रेलवे ट्रैक पर 10 मई को लगभग 26 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिला था। युवक ने काली पैंट और काली टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके सीधे हाथ पर “लव यू मां” और सीने पर “सुमन” लिखा हुआ था।पुलिस ने शव को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद थाना पुलिस ने शव को लावारिस घोषित कर पोस्टमार्टम कराया। बाद में पुलिस द्वारा समाजसेवी सुनीत आर्य और प्रवीन वार्ष्णेय से अंतिम संस्कार कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर समाजसेवियों ने हिंदू रीति-रिवाज से शव का दाह संस्कार कराया।अंतिम संस्कार के दौरान प्रवीन वार्ष्णेय, सुनील अग्रवाल, दीपक, बंटी भाई कपड़े वाले, तरुण राघव, नीरज गोयल, कांस्टेबल रमन यादव और रिक्रूट शौर्य चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनने की जताई उम्मीद

वृंदावन पहुंचे मनिंदर सिंह बिट्टा, देवकीनंदन महाराज की सनातन बोर्ड मांग का किया समर्थन
मथुरा। धार्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचे अखिल भारत आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने प्रसिद्ध कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सनातन बोर्ड के गठन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि देश में सनातन धर्म और मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था आवश्यक है।
मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि देश ने अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण और काशी में ज्ञानवापी विवाद को लेकर हुए बदलाव देखे हैं। अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भव्य मंदिर बनते देखने की इच्छा है।
उन्होंने कहा कि मुगल आक्रांताओं द्वारा देश के कई मंदिरों को लूटा गया और तोड़कर वहां अवैध निर्माण किए गए। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि मुस्लिम भाई बाहरी आक्रांताओं को अपना न मानकर मंदिर निर्माण में सहयोग करें, तो यह देश में सौहार्द और एकता की मिसाल बनेगा।
इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों को लेकर दोनों नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

स्नैचिंग गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में बदमाश घायल

मैनपुरी। स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं के बीच बिछवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों आरोपी अपाचे बाइक से वारदातों को अंजाम देते थे और कुरावली, सदर कोतवाली व बिछवां क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की घटनाओं में इनका नाम सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिछवां पुलिस ने कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध बदमाश बीलो के पास से गुजरने वाले हैं। इसके बाद थाना प्रभारी आशीष दुबे के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। देर रात सफेद अपाचे बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों ग्राम नाका की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी महेश चन्द्र भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। घायल आरोपी को पहले पीएचसी सुल्तानगंज और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार निवासी अंगदपुर थाना सकीट जनपद एटा और महेश चन्द्र निवासी सबलपुर थाना सकीट एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे बाइक, पीली धातु की टूटी चेन के दो टुकड़े और 17 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, यक्ष एप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इन बदमाशों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि हाल के दिनों में हुई तीनों स्नैचिंग की घटनाओं में यही गिरोह सक्रिय था।
पुलिस के अनुसार आरोपी रवीन्द्र पाल पर पहले से लूट, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना बिछवां पर आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

फरियादियों की समस्याएं सुनकर डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/05/2029

गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में पहुंचे फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधित मामलों, पेंशन, आवास, बिजली, जलनिकासी, सड़क तथा अन्य जनहित से जुड़ी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम दीपक मीणा ने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उनमें पारदर्शिता के साथ जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को त्वरित न्याय और राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी स्वयं पहल करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

सुथनी प्लांट का नगर आयुक्त अजय जैन ने किया निरीक्षण, कार्यप्रणाली पर दिए अहम निर्देश

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/05/2026

25 मई से NTPC प्लांट चालू करने समेत वेस्ट प्रोसेसिंग को लेकर तय हुई रूपरेखा

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने ग्राम सुथनी में निर्माणाधीन वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि NTPC प्लांट को हर हाल में 25 मई से प्रारंभ किया जाए, ताकि कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिल सके। उन्होंने प्लांट से निकलने वाले इनर्ट के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु कंपोस्टिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एमएसडब्ल्यू (MSW) पिट के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि एमएसडब्ल्यू प्रोसेसिंग यूनिट के संचालन में किसी प्रकार की बाधा आने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए, जिससे कचरा प्रबंधन प्रभावित न हो। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगाए गए पौधों के समुचित रखरखाव और सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त अजय जैन ने सुथनी में बन रहे विभिन्न प्रकार के ब्लॉक एवं अन्य वेस्ट प्रोसेसिंग इकाइयों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए मुख्य अभियंता को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जीडीए वीसी अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता तथा एनटीपीसी के अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »