Web News

www.upwebnews.com

अमृतसर-न्यूजलपाईगुड़ी के लिए दौड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस

May 14, 2026

अमृतसर-न्यूजलपाईगुड़ी के लिए दौड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस

Post on 14.5.26
Thursday, Time 9.00 Pm
Moradabad , Rajesh Bhatia
मुरादाबाद,उप्र समाचार सेवा
मंडल में गुरुवार को अमृत- भारत एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली़। अमृतसर से न्यूलजलपाई गुड़ी के लिए ट्रेन चल पड़ी।हफ्ते में एक दिन चलने वाली ट्रेन शाम को अपने निर्धारित समय से मुरादाबाद पहुंची। ट्रेन 16 मई से न्यू जलपाईगुड़ी से हर शनिवार को चलेगी।
रेल मुख्यालय ने मुरादाबाद से होकर चलने वाली अमृत भारत के संचालन के लिए शेडयूल जारी कर दिया। शनिवार को ट्रेन संचालन की शुरुआत हो गई।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि अमृत भारत एक्स‍प्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी।शनिवार को ट्रेन का अमृतसर से रवाना हुई।दोपहर 12.45 बजे चलीं ट्रेन 14664 मुरादाबाद में रात सवा नौ बजे पहुंची।ट्रेन के मुरादाबाद, बरेली ,शाहजहांपुर के बाद सीतापुर,गोंडा,बलरामपुर होते हुए बागडोगरा,सिलीगुड़ी से न्यू जलपाई गुड़ी पहुंचेंगी।शनिवार को ट्रेन 14663 सुबह आठ बजे चलेगी।मुरादाबाद में ट्रेन दोपहर सवा तीन बजे आएगी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की विकास कार्यों की समीक्षा

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मथुरा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को मथुरा जनपद के भ्रमण के दौरान सबसे पहले वृन्दावन स्थित विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा अर्चना कर ठाकुर बांके बिहारी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के उपरांत उप मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की तथा बाद में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक राजेश चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, एमएलसी योगेश नौहवार, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय एवं महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र लोगों के आधार कार्ड बनवाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों और आम जनता के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्माणाधीन एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि जहां भी सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां अतिरिक्त लेबर और मशीनरी लगाकर कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम को समयबद्ध तरीके से जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-120 पर कट बनाने के संबंध में भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील महावन क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों को हाथरस से मिल रही विद्युत आपूर्ति के मुद्दे पर उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि इन ग्राम पंचायतों को मथुरा के फीडर से जोड़ा जाए और आगामी बैठक से पहले यह कार्य पूर्ण किया जाए।
उन्होंने बरसाना बस स्टैंड को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप और अधिक सुगम बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही परिवहन विभाग को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पारदर्शी रखने तथा आमजन को अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश दिए।
मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन को लंबित एनओसी समय से जारी करने तथा आवश्यक लैंड यूज परिवर्तन के मामलों में शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि तहसीलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों, थानों और चौकियों में लंबे समय से तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया जाए। उन्होंने कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में ओलावृष्टि से प्रभावित करीब 65 हजार किसानों को 42 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
अंत में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वृन्दावन क्षेत्र में शराब की दुकानों को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश भी दिए।

सांसद हेमा मालिनी ने किया ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर 500 सोलर लाइटों का लोकार्पण
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया तथा विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थापित 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा भी मौजूद रहे।
मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की इन दोनों परियोजनाओं को सीएसआर फंड के अंतर्गत HDFC Bank के सहयोग से पूर्ण कराया गया है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड प्रवीण गुप्ता व आशीष श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद हेमा मालिनी ने रिमोट दबाकर सोलर स्ट्रीट लाइटों एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई सभी 500 सोलर स्ट्रीट लाइटें फिलिप्स कंपनी की हैं तथा आगामी पांच वर्षों तक इनके अनुरक्षण एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एचडीएफसी बैंक द्वारा निभाई जाएगी। इन सोलर लाइटों के लगने से सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग जगमगा उठा है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और दर्शनार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
‘मेरो मथुरा’ ऐप नगर निगम मथुरा-वृन्दावन एवं एचडीएफसी बैंक द्वारा विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति म्यूटेशन, संपत्ति टैक्स, पेट रजिस्ट्रेशन, होटल, रेस्टोरेंट एवं मंदिरों की लोकेशन, शिकायत निवारण, हेल्पलाइन, न्यूज़, जीवन पोर्टल तथा आपातकालीन सेवाओं जैसी अनेक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप बनने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, जिससे ब्रज क्षेत्र के साहित्य, मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी भी लोगों तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप शुरू करने के लिए बैंक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह कटिबद्ध है तथा भविष्य में वृंदावन परिक्रमा मार्ग एवं अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।

रामगढ़ताल की लहरों पर बेटियों का दमखम

Posted on 14/05/2026
Time 17:13 P.M
GORAKHPUR
Santosh Kumar Singh

गोरखपुर में अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग का आगाज़

​गोरखपुर 14 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा ) : गोरखपुर शहर का प्रसिद्ध रामगढ़ताल इन दिनों देश की बेटियों के जोश और चप्पू की गूँज से सराबोर है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित पाँच दिवसीय अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग में देशभर से आई महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दे रही हैं।

​इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न कोनों से 16 टीमें और लगभग 275 महिला खिलाड़ी शिरकत कर रही हैं। सुबह से ही ताल के शांत पानी को चीरती नौकाएं और खिलाड़ियों के बीच का अद्भुत तालमेल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूर्वांचल के इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर महिला रोइंग प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिससे स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।

​प्रतियोगिता को और भी प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए भारी भरकम पुरस्कार राशि रखी गई है । ​कुल पुरस्कार राशि: ₹26,32,500 की विशाल राशि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए तय की गई है। ​प्रथम पुरस्कार प्रत्येक वर्ग में विजेता टीम को ₹1,55,500 दिए जाएंगे , दूसरे स्थान के लिए ₹1,45,500 और तीसरे स्थान के लिए ₹1,35,500 निर्धारित हैं। ​यहाँ तक कि आठवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार राशि (₹50,000) प्रदान की जाएगी।

​यह लीग महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। यह प्रतियोगिता 12 से 16 मई तक संचालित की जा रही है।
​भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सहयोग से इसका आयोजन रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन और खेल विभाग इस आयोजन को प्रशासनिक और बुनियादी समर्थन दे रहे हैं।

​“अस्मिता” नाम की यह पहल न केवल महिला खिलाड़ियों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है, बल्कि पूर्वांचल की बेटियों के लिए खेल की दुनिया में नई राहें भी खोल रही है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी।

फसल देखने गए किशोर की हाईटेंशन लाइन से मौत

एटा 14 मई उप्रससे। जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अकबरपुर कोट निवासी विक्रांत सिंह (16) पुत्र मेवाराम अपने खेत पर मक्का की फसल देखने गया था। बताया जा रहा है कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी। इसी दौरान वह लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने हादसे को लेकर नाराजगी जताई।

मृतक के परिजन दुर्योधन सिंह ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे झूल रही थी, लेकिन बिजली विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान ने बताया कि किशोर खेत पर पानी लगाने गया था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »