Web News

www.upwebnews.com

भारत इटली में 15 समझौते, मोदी मैलानी की बैठक के बाद हस्ताक्षर

May 20, 2026

भारत इटली में 15 समझौते, मोदी मैलानी की बैठक के बाद हस्ताक्षर

रोम, 20 मई 2026, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इटली यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों को बड़ी मज़बूती मिली है। भारत और इटली ने अलग-अलग क्षेत्रों में 15 अहम नतीजों को अंतिम रूप दिया है। इन समझौतों पर आज रोम में प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद हस्‍ताक्षर किए गए। इन नतीजों से दोनों देशों के रिश्तों का स्तर बढ़कर ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ तक पहुँच गया है।

दोनों देशों ने कृषि, अहम खनिजों, आयुर्वेद, विज्ञान तथा टेक्नोलॉजी, समुद्री परिवहन और बंदरगाहों के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने के लिए कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए। भारतीय नर्सों के इटली आने-जाने को आसान बनाने के लिए भी एक समझौता किया गया, जिससे कुशल स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए नए अवसर खुलेंगे। एक और अहम समझौता लोथल में ‘राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर’ के विकास पर केंद्रित है, जो सांस्कृतिक और समुद्री विरासत के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को दिखाता है। भारत और इटली ने टैक्स से जुड़े अपराधों, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के लिए पैसे जुटाने के खिलाफ़ तालमेल को मज़बूत करने पर भी सहमति व्‍यक्‍त की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद,  संयुक्त प्रेस बयान में कहा कि ‘भारत-इटली संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029’ दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए एक व्यावहारिक और भविष्योन्मुखी रोडमैप देगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष ‘भारत-इटली इनोवेशन सेंटर’ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। श्री मोदी ने यह भी बताया कि ‘भारत-इटली रक्षा औद्योगिक रोडमैप’ ने रक्षा क्षेत्र में मिलकर विकास करने और मिलकर उत्पादन करने के नए रास्ते खोल दिए हैं।

श्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली, समुद्री ताकतों के तौर पर शिपिंग, बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स और ब्लू इकोनॉमी के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करेंगे। वैश्विक चुनौतियों का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन, पश्चिम एशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं। श्री मोदी ने इस बात को दोहराया कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि भारत और इटली इस मामले में एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने आतंकवाद के लिए पैसे जुटाने वाले नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया।

आर्थिक सहयोग पर बल देते हुए श्री मोदी ने कहा कि इटली दुनिया भर में अपने डिज़ाइन और बारीकी के लिए जाना जाता है, जबकि भारत को बड़े पैमाने, प्रतिभा और किफायती नवाचार के एक केंद्र के रूप में पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि दोनों देश “भारत और इटली में डिज़ाइन तथा विकास  और इन्‍हें दुनिया के लिए उपलब्ध कराने” के सिद्धांत पर आगे बढ़ेंगे।

इटली की पीएम जोर्जिया मेलोनी ने कहा कि ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ भारत और इटली के रिश्तों की बढ़ती गहराई को दिखाती है, जो आपसी भरोसे और साझा मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र’ में नौवहन की आज़ादी सुनिश्चित करने और अहम क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने के महत्व पर भी ज़ोर दिया। श्री मोदी की इस यात्रा के परिणामों से आर्थिक जुड़ाव, नवाचार साझेदारी और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान को और बढ़ावा मिलने की आशा है, साथ ही वैश्विक शांति, सतत विकास और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग भी मज़बूत होगा।

दाऊजी मेला बाजार में अवैध वसूली के दावे पर प्रशासन सख्त

आरोपी की जमानत खारिज, भेजा जेल
मथुरा। बलदेव के प्रसिद्ध दाऊजी मेला परिसर में प्रत्येक रविवार को लगने वाले बाजार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कथित रूप से अवैध वसूली को लेकर बयान दिए गए थे, वहीं वीडियो के दौरान पत्रकारों एवं प्रशासन के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग भी किया गया था।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेंद्र पांडे के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू की। मंगलवार को आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई को मेला क्षेत्र में अवैध वसूली और पत्रकारों के प्रति अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था एवं चौथे स्तंभ के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी लोजपा रामविलास : पवन वर्मा

व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बने अनिल कुमार गुप्ता

मां कामाख्या इंटरनेशनल के चेयर मेन हैं अनिल कुमार गुप्ता

मथुरा। दिल्ली-आगरा हाईवे स्थित एक होटल में बुधवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश पश्चिमांचल की प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमांचल प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पवन वर्मा ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने पार्टी के मिशन “क्यों मांगे उधार, अब अपना नेता है तैयार” को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए के नेता अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब उन्हें मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न दिलाने की याद आ रही है, जबकि कांग्रेस की सरकारों के समय ऐसा क्यों नहीं किया गया।
पवन वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को दो-दो बार लोकसभा चुनाव हराने का काम किया था। उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्षों के चलते संसद के सेंट्रल हॉल में बाबा साहब आंबेडकर का चित्र स्थापित हुआ तथा उन्हें भारत रत्न दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
उन्होंने बताया कि रामविलास पासवान ने अपने मंत्रीकाल में रेलवे के 57 हजार कुलियों को स्थायी करने, घर-घर टेलीफोन पहुंचाने तथा वीरांगना उदा देवी पासी, महाराजा बिजली पासी, झलकारी बाई कोरी एवं वीर अब्दुल हमीद जैसी महान विभूतियों पर डाक टिकट जारी कराने जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए निर्णायक होगा और पार्टी के बिना प्रदेश में किसी की सरकार नहीं बनेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव प्रदीप अरोड़ा,प्रदेश मीडिया प्रभारी अतुल कुमार, प्रदेश सचिव कृष्ण गोपाल कर्दम, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ अनिल कुमार गुप्ता,आगरा मंडल अध्यक्ष चेतन राघव, मंडल उपाध्यक्ष अंकित तिवारी,जिलाध्यक्ष मथुरा हेमराज सिंह, जिलाध्यक्ष आगरा पीयूष कुमार, महानगर अध्यक्ष आगरा हरेन्द्र चक एवं प्रदेश महासचिव जितेंद्र यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

न्यायिक अधिकारियों ने किया वृद्धाश्रम का आकस्मिक निरीक्षण

मैनपुरी(20 मई उप्रससे)। जनपद न्यायाधीश द्वारा गठित समिति के अध्यक्ष अपर जनपद न्यायाधीश/अतिरिक्त रेप एण्ड पॉक्सो अध्यक्ष समिति तालेवर सिंह अन्य सदस्यगण अपर जनपद न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय-1 सदस्य समिति कुलदीप सिंह-तृतीय एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नूतन चौहान द्वारा वृद्धा आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संचालिका श्रीमती कमलेश कुमारी, केयर टेकर श्रीमती रीतिका, श्रीमती रोजी, संदीप सिंह व पीएलवी वीरेन्द्र विक्रम सिंह उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान संचालिका द्वारा बताया गया कि आश्रम में कुल 114 वृद्ध आश्रित हैं, जिसमें 55 पुरूष व 59 महिला आश्रित हैं। निरीक्षण के दौरान संचालिका द्वारा बताया गया कि पाकशाला में सिलेण्डर का पाइप लीकेज होने के कारण आग लग गई तथा केयर टेकर श्रीमती रीतिका झुलस गई, जिसे त्वरित उपचार हेतु जिला अस्पताल रेफर किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालिका द्वारा बताया गया कि अग्निशमन यंत्र चलाने हेतु किसी को कोई प्रशिक्षण नहीं दिया गया है, जिसके कारण यह घटना घटित हो गई। इस सम्बन्ध में संचालिका को निर्देश दिए गए कि अग्निशमन यंत्र चलाने हेतु समस्ट स्टाफ को प्रशिक्षण प्रदान किया जाना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान वृद्धों के लिये लगाये गये कुछ कूलर खराब पाये गये एवं कुछ कूलर की पम्प खराब पाई गई तथा कुछ वृद्धों द्वारा बताया गया कि उनको मच्छरदानी नहीं दी गयी है। इस सम्बन्ध में संचालिका को निर्देश दिए गए कि वह कूलर ठीक कराना सुनिश्चित करें एवं मच्छरदानी उपलब्ध करायें। निरीक्षण के दौरान आश्रम के मुख्य द्वार पर लगे वाटर डिस्पेन्सर में पानी उपलब्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय एक वृद्ध द्वारा बताया गया कि उन्हें सॉस लेने में दिक्कत होती है। इस सम्बन्ध में संचालिका को निर्देश दिए गए कि वह उक्त महिला का त्वरित उपचार कराया जाए। समिति द्वारा आश्रितों से खाने के बारे में पूछा गया तो उनके द्वारा बताया गया कि आश्रम में नाश्ते में खिचड़ी दी गयी थी। निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित पीएलवी को निर्देश दिए गए कि वह जिन वृद्धों की पेंशन नहीं बनी है उनके प्रपत्र लेकर आवेदन ऑनलाइन कराकर सूचना कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। विधिक साक्षरता शिविर में वृद्धजनों को सीनियर सिटीजन एक्ट-2007 के बारे में बताया गया।

मृतक आश्रितों को परिवहन निगम देगा 13.55 लाख का मुआवजा

 

मैनपुरी(20 मई उप्रससे)। थाना भोगांव क्षेत्र में 29 जनवरी 2018 को रोडवेज बस की टक्कर से कार सवार युवक की हुई मौत के बाद परिवहन निगम मृतक के आश्रितों को 13 लाख 55 हजार 200 रुपये का मुआवजा देगा। इस धनराशि पर याचिका दायर करने की तिथि से 7.5 प्रतिशत ब्याज भी दिया जाएगा। यह आदेश मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी इंतेखाब आलम ने दिया है।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव हमीरपुर के रहने वाले प्रमोद कुमार 31 वर्ष मजदूरी करते थे। 29 जनवरी 2018 को सुबह आठ बजे वह कार से दिल्ली से गांव जा रहे थे। थाना भोगांव क्षेत्र में जीटी रोड पर गिंगौरा के पास बेवर डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से वह घायल हो गए। सैफई अस्पताल में उपचार के दौरान प्रमोद की 30 जनवरी 2018 को मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी रेनू, पुत्र शिवा, पुत्री शालिनी, सलोनी ने मुआवजा पाने के लिए परिवहन निगम के आरएम इटावा तथा बस के चालक अकील खां के खिलाफ याचिका दायर की।
याचिका की सुनवाई मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी इंतेखाब आलम के न्यायालय में हई। मृतक आश्रितों द्वारा अधिकरण में पेश किए गए तथ्यों तथा प्रमाणों के आधार पर परिवहन निगम को मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार माना गया। पीठासीन अधिकारी ने आदेश दिया कि परिवहन निगम मृतक के आश्रितों को 13 लाख 55 हजार 200 रुपये का मुआवजा देगा। इस धनराशि पर याचिका दायर करने की तिथि से 7.5 प्रतिशत ब्याज भी मृतक आश्रितों को दिया जाएगा।
पीठासीन अधिकारी ने आदेश में लिखा कि मृतक आश्रितों को मुआवजा तय किए गए अंश के आधार पर ही दिया जाएगा। मृतक की मां गुड्डीदेवी, पुत्र शिवा, पुत्री शालिनी, सलोनी को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मृतक की पत्नी रेनू को पांच लाख 55 हजार 200 रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सभी को याचिका दायर करने की तिथि से ही 7.5 प्रतिशत ब्याज भी दिया जाएगा। मुकदमे में पैरवी संदीप तिवारी और डॉक्टर एसी तिवारी ने की

« Newer PostsOlder Posts »