Posted on 21.06.2026 Sunday Time 07.27 PM, Mathura Vrandavan News
यमुना एक्सप्रेस-वे पर विधायक राजेश चौधरी के सुरक्षा काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौत
मथुरा, 21 जून 2026, मांट से भाजपा विधायक राजेश चौधरी के सुरक्षा काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी रविवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में विधायक के गनर एवं दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार विधायक राजेश चौधरी जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान जेवर एयरपोर्ट के निकट नए फ्लाईओवर के पास गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने एस्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एस्कॉर्ट वाहन डिवाइडर से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद विधायक राजेश चौधरी ने स्वयं वाहन रुकवाकर स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकलवाया तथा मृतक दरोगा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सूचना मिलते ही पुलिस एवं एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर का रॉन्ग साइड से आना बताया जा रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक दरोगा राजेंद्र सिंह यादव के निधन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
