Posted on 21.04.2026 , Time 04.01 PM
मैनपुरी, 21 अप्रैल 26, शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक एम्बुलेंस चालक के परिवार को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र मिला है। इस पत्र में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है।
पीड़ित आनंद पाण्डेय, जो पेशे से एम्बुलेंस चालक हैं, ने बताया कि यह धमकी भरा पत्र उनके घर डाक के जरिए पहुंचा। पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा था कि यदि निर्धारित समय में 50 लाख रुपये नहीं दिए तो काण्ड कर दिया जायेगा आनंद पाण्डेय के अनुसार, वह एक सामान्य आय वर्ग के व्यक्ति हैं और एम्बुलेंस चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इतनी बड़ी रकम की मांग और जान से मारने की धमकी से उनका परिवार दहशत में है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस उपाधीक्षक (सीओ सिटी) से मुलाकात की और सुरक्षा की गुहार लगाई।
परिवार ने मामले का जल्द खुलासा करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पत्र की सत्यता, उसकी भाषा और स्रोत की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह धमकी वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ी है या किसी ने भय फैलाने के उद्देश्य से ऐसा किया है। सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिये हैं

