लखनऊ, 15 अगस्त 2026, जिले के थाना गोसाईगंज अंतर्गत सुल्तानपुर हाईवे स्थित गंगागंज में आज तड़के ट्रेक्टर ट्रॉली पलटने से चालक समेत चार लोगों की मृत्यु हो गई। सभी ट्रैक्टर सवार ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर से ईंटों की सपलाई करते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रातः करीब 4:45 बजे गंगागंज में सुल्तानपुर हाईवे रोड पर एक ट्रैक्टर पलटने और उसके नीचे चार लोग दबे होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल थाना गोसाईगंज पुलिस, फायर सर्विस व NHAI टीम मौके पर पहुंच गयी जहां NHAI की क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर ट्राली हटवाई जिसके नीचे दबे लोगों को निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से CHC गोसाईगंज पहुंचाया गया। जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया तथा एक व्यक्ति को ट्रामा रेफर किया गया जिसे ट्रामा भिजवाते समय उसकी भी मृत्यु हो गई।जानकारी करने पर पता चला कि मृतक पीतांबर रावत ग्राम अचकाकामऊ थाना कोठी जनपद बाराबंकी में स्थित देशराज नामक व्यक्ति के RBF ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर चलाता था । अन्य मृत व्यक्ति ईंट लादने व उतारने की मजदूरी करते थे।
मृतकों का नाम-पता निम्नवत है
1. संदीप रावत पुत्र लल्लन रावत उम्र करीब 25 वर्ष
2. पीतांबर रावत पुत्र कालू रावत उम्र करीब 35 वर्ष
3. पवन रावत पुत्र कमल रावत उम्र करीब 25 वर्ष
निवासीगण- इलिचपुर मजरे पडरांवा थाना कोठी जनपद बाराबंकी
4. बलराम रावत पुत्र राम सुरेश रावत निवासी ग्राम सरायनदर थाना कोठी जनपद बाराबंकी।
ट्रैक्टर व ट्राली को हाईवे से हटवा दिया गया है। यातायात व्यवस्था से सुचारु रूप से चल रही है। मौके पर मृतकगणों के परिजन पहुंच गए हैं। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
