Web News

www.upwebnews.com

Lakhimpur Kheri औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर कोयला लोड कर रहे मजदूरों को कार ने रौंदा

June 3, 2026

Lakhimpur Kheri औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर कोयला लोड कर रहे मजदूरों को कार ने रौंदा

Posted on 03.06.2026 Time 08.34 PM , Lakhimpur Kheri, News Source UP Samachar Sewa

दो की मौत परिजनों ने लगाया जाम,मौके पर पहुंची पुलिस

मोहम्मदी-खीरी, 03 जून 2026, लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर चपरतला मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो दिन पूर्व पलटे एक कोयला लदे ट्रक से दूसरी गाड़ी में कोयला भर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डिजायर कार ने रौंद दिया। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदी खीरी के औरंगाबाद से बरवर रोड पर दो दिन पहले कोयले से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। उस पलटे हुए ट्रक से कोयला निकालकर दूसरे ट्रक में लादने के लिए मैगलगंज थाने के ग्राम रहजनिया से मजदूर बुलाए गए थे। मंगलवार की रात जब मजदूर कोयला लोड करने के काम में जुटे थे, तभी औरंगाबाद से बरवर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित हो गई और सीधे कोयला भर रहे मजदूरों से जा टकराई।कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोयला लोड कर रहे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में संदीप (उम्र लगभग 26 वर्ष), पुत्र तालेवर, निवासी रहजनिया (थाना मैगलगंज) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके साथ काम कर रहे हरिओम (उम्र लगभग 28 वर्ष), पुत्र रामनाथ सहित अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई बाकी घायलों का इलाज जारी है।
संदीप की मौत की खबर मिलते ही रहजनिया गाँव के ग्रामीण और मृतक के परिजन भारी संख्या में मौके पर पहुँच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग को लेकर शव को बीच सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। हाईवे जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस चौकी और मैगलगंज थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची। उच्चाधिकारियों (सीओ मितौली और इंस्पेक्टर मैगलगंज) ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जाँच की जा रही है।