Web News

www.upwebnews.com

कार्यशील पूंजी ने छुआ 1000 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा: जितिन प्रसाद

March 8, 2026

कार्यशील पूंजी ने छुआ 1000 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा: जितिन प्रसाद

जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर की 87वीं वार्षिक बैठक संपन्न,
शाहजहांपुर।( संजीव गुप्त की रिपोर्ट ), 07 मार्च 26,
जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, शाहजहांपुर की 87वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक शनिवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारत सरकार के राज्यमंत्री श्री जितिन प्रसाद ने बैंक की शानदार वित्तीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए किसानों से कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री और सहकारिता मंत्री के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार सहकारिता आंदोलन को पारदर्शी, जवाबदेह और जीवित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैंक के 87 वर्षों के लंबे और सफल सफर को जनता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रमाण बताते हुए श्री प्रसाद ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के शानदार आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि यह बैंक और जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है कि बैंक की कार्यशील पूंजी ने पहली बार 1000 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है और यह 1004.36 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। किसानों और जमाकर्ताओं के बढ़ते विश्वास के चलते बैंक की अंशपूंजी 27.95 करोड़ रुपये से भारी उछाल के साथ 41.48 करोड़ रुपये हो गई है। लाभप्रदता के मोर्चे पर भी बैंक ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है; बैंक का शुद्ध लाभ पिछले वर्ष के 1.02 करोड़ रुपये से सीधे दोगुना होकर 2.07 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा, 75.03% के सुधरे हुए रिकवरी रेट और मात्र 0.84% के नेट एनपीए (NPA) के सुरक्षित स्तर के साथ बैंक ने अपना ‘A’ श्रेणी का ऑडिट वर्गीकरण बरकरार रखा है। वर्तमान में बैंक की 22 में से 20 शाखाएं मुनाफे में संचालित हो रही हैं।
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने खेती में आधुनिक तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती उपयोगिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कृषि को केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। AI तकनीक के माध्यम से मौसम का सटीक पूर्वानुमान, मिट्टी की गुणवत्ता का वैज्ञानिक विश्लेषण, सही समय पर बुवाई और फसल में लगने वाले रोगों की पहले से पहचान करना अब संभव हो गया है। उन्होंने अन्नदाताओं से अपील की कि वे उपज बढ़ाने, लागत कम करने और अपनी आय दोगुनी करने के लिए खेती में इन उन्नत AI तकनीकों और स्मार्ट समाधानों को तेजी से अपनाएं।
उत्तर प्रदेश सहकारिता विभाग की अभिनव पहलों का जिक्र करते हुए राज्यमंत्री ने बताया कि राज्य में समितियों को बहुउद्देशीय (B-PACS) बनाकर उन्हें ‘कॉमन सर्विस सेंटर’ (CSC) के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक पूरे प्रदेश में 3000 से अधिक बी-पैक्स का कंप्यूटरीकरण किया जा चुका है ताकि किसानों को गांव में ही बैंकिंग और सरकारी सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही, खाद वितरण में पारदर्शिता लाने और चोरी रोकने के लिए सरकार ने बेहद सख्त नियम लागू किए हैं, जिसके तहत वितरण में खाद की फटी बोरी मिलने पर सीधे ट्रांसपोर्ट फर्म का लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान किया गया है।
अपने संबोधन के अंत में श्री प्रसाद ने ऋण की समय पर वापसी को एक ‘संस्कार’ बताते हुए कहा कि इससे बैंक की ऋण देने की क्षमता (Lending Capacity) और बढ़ती है, जिसका सीधा लाभ नए किसानों को मिलता है। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी संचालक मंडल के सदस्यों, पैक्स प्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों से आह्वान किया कि वे सब मिलकर संकल्प लें कि जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर को पूरे देश में सहकारिता का एक बेहतरीन मॉडल बनाकर उभारेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार ने कहा कि यह प्रगति शाहजहांपुर के किसानों के सशक्तिकरण का प्रमाण है। लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि ‘बी-पैक्स’ के कंप्यूटरीकरण से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिली है।

जिला सहकारी बैंक के सभापति श्री डी.पी.एस. राठौर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संचालक मंडल और बैंक के अधिकारी किसानों की सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं।
गुरगवाँ पैक्स सभापति आयुष सिंह एवं नियामतपुर पैक्स सभापति तनु यादव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया ।
आकाशवाणी लखनऊ में कार्यरत बिंदु जैन के संचालन में हुए कार्यक्रम में कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महापौर अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पैक्सफ़ेड उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, जिला सहकारी संघ अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व उपाध्यक्ष कैंट बोर्ड अवधेश दीक्षित,विनीत मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष डीसीबी भूपेन्द्र सिंह भन्नू, सिंधौली ब्लॉक प्रमुख मुनेश्वर सिंह, ब्लॉक प्रमुख कांट श्रीदत्त शुक्ला, खुटार ब्लॉक प्रमुख नामित दीक्षित, मिर्जापुर ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, ज़लालाबाद ब्लॉक प्रमुख लता सिंह, एआर कोआपरेटिव अखिलेश प्रताप सिंह , मुख्य कार्यपालक अधिकारी डीसीबी सौरभ द्विवेदी आदि उपस्थित रहे ।

प्रेमिका के विछोह में बहन पर चाकू के 80 वार

गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप से अवसादग्रस्त इंजीनियर भाई ने जुड़वा बहन की कर दी बेदर्दी से हत्या(Murder)

-बहन का कसूर यह कि वह भाई को युवती को लेकर लगातार समझातीं। होली पर मुरादाबाद आए युवक को बहन की सलाह नागवार गुजरी
-उसे घर की रसोई में रखे चाकू से उसे गोदा

मुरादाबाद। (उप्र समाचार सेवा)।
मझोला में सगी बहन को ताबड़तोड़ चाकू से गोदने वाले कलयुगी भाई हर्षित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। माना जा रहा है कि पुणे में एक युवती के प्रेम में ब्रेकअप के बाद अवसादग्रस्त हो गया। सगी बहन का कसूर यह कि वह युवती को लेकर भाई को समझातीं। पर शुक्रवार को समझाने को लेकर आक्रामक हुए इंजीनियर भाई हार्दिक ने बहन हिमशिखा को घर में रखे चाकू से ही बुरी तरह गोद दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर में अस्सी से ज्यादा जख्म उभरे है।चाकू से किडनी समेत पूरा शरीर छलनी हो गया। हत्या के बाद हार्दिक ने अपनी मां नीलिमा पर जानलेवा हमला किया। हालांकि पड़ोसियों के आने से मां की जान बच गई।
मुरादाबाद में सनसनीखेज मामला शुक्रवार को दिल्ली रोड पर बुद्धि विहार का है। सेक्टर दो में रहने वाली नीलिमा दिल्ली रोड पर एक निजी बीमा कंपनी में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर है।बेटी हिमशिखा गुरुग्राम में एक आई टी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर है। वह इंजीनियर भाई यूट्यूबर हार्दिक के साथ गुरुग्राम में रह रही। हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर आईडी बनाईं हुईं हैं। तेरह हजार फालोअर है।
घटना से पहले होली पर दोनों भाई बहन घर आए थे। हार्दिक के व्यवहार में बदलाव था। वजह हार्दिक पुणे की एक युवती के संपर्क में था। बताते है कि कुछ महीने पहले गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप से हार्दिक चिड़चिड़ा रहने लगा। बहन उसे लगातार समझातीं। पर उसके समझाने को लेकर वह बहन से झगड़ने लगा। मुरादाबाद में भी घर पर समझने समझाने को लेकर विवाद हुआ। शुक्रवार को जब ये लोग गुरुग्राम जाने की तैयारी में थे तभी बहन ने समझाया तो हार्दिक अपना आपा खो बैठा। अवसादग्रस्त इंजीनियर भाई ने घर की रसोई में रखे चाकू से बहन को चाकू से गोद डाला।
शनिवार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 80 से ज्यादा घाव है। उसका शरीर बुरी तरह छलनी हो गया। परिवार मूलरूप से बदायूं का रहने वाला है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि मझोला प्रभारी समेत टीम ने आरोपी को नया मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। बाद में कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

*पूछताछ में कबूला जुर्म*
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह और उसकी बहन जुड़वा थे। दोनों गुडगांव में रहते थे। बहन एक कंपनी में नौकरी करते हुए एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। अभियुक्त का एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की से संबंध करीब 7 माह पहले टूटने से वह अवसाद में रहने लगा।
अभियुक्त के अनुसार उसकी माँ व बहन उसे लड़की को लेकर समझाती। इससे वह बहन पर अक्सर आक्रामक हो जाता । होली पर सभी मुरादाबाद घर आए हुए। छह मार्च को बहन के समझाने पर आरोपी आक्रामक हो गया। रसोई से चाकू लाकर बहन पर ताबड़तोड़ वार किए। जिससे बहन की मौत हो गई। इस दौरान मां ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी खून से सने चाकू से वार किए। शोर-शराबा सुनकर मुहल्ले के लोगों के आने से आरोपी फरार हो गया।

*मामा ने दीं हिमशिखा को मुखाग्नि*
बहन की नृशंस तरीके से हत्या के बाद मां पर भी जानलेवा हमला किया। महिला नीलिमा को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच हिमशिखा की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हुआ। शव को बदायूं से आए रिश्तेदारों को सौंप दिया गया। मामा दीपू ने हिमशिखा का अंतिम संस्कार किया।

March 7, 2026

रारह गांव में परंपरागत हुरंगे का आयोजन, छड़ी मार होली में उमड़ा उत्साह

मथुरा। मथुरा – भरतपुर बॉर्डर के पास स्थित ग्राम रारह में परंपरागत हुरंगे का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार होली के अंतिम दिनों में गांव में जोरदार हुरंगे का आयोजन किया जाता है, जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशेष छड़ी मार होली का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परंपरा के अनुसार महिलाएं रंग और प्रेम का प्रतीक मानकर छड़ी के रूप में पुरुषों पर हल्की प्रहार करती हैं, जो आपसी प्रेम, सौहार्द और रंगोत्सव का संदेश देता है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि रारह गांव में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग इसमें भाग लेकर होली के उत्सव को खास बनाते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन रारह गांव की पंचायत द्वारा किया गया। इस अवसर पर खिलना कुंतल, घनश्याम कुंतल, कुलदीप कुंतल, घुरे कुंतल, ऋतिक कुंतल, ऋषि कुंतल, दिनेश कुंतल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यायालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित

Hari Om Gupta

गाजियाबाद 7 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर में मा0 जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत की अध्यक्षता व जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़, सीडीओ श्री अभिनव गोपाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मा0अति​थिगणों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। मा0 जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी एवं विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाये गये, जिसका अतिथिगणों द्वारा अवलोकन किया गया। इसमें आगुन्तकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गयी और आवेदन भी कराये गये। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।

नारी शक्ति: समानता, सम्मान और स्वावलंबन से सशक्त राष्ट्र का आधार

फिरोजाबाद। राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने कहा कि 8 मार्च को विश्व भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के योगदान, अधिकारों, सम्मान और उनके सशक्तिकरण के संकल्प को पुनः स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, करुणा और सृजन का प्रतीक माना गया है। वह परिवार की आधारशिला होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक माँ के रूप में वह पीढ़ियों को संस्कार देती है, एक शिक्षिका के रूप में ज्ञान का प्रकाश फैलाती है और एक कर्मशील नागरिक के रूप में राष्ट्र के विकास में अपना अमूल्य योगदान देती है।

आज के परिवर्तित समय में महिलाएँ शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, राजनीति, खेल, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। यह परिवर्तन केवल महिलाओं की प्रगति नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास का प्रतीक है। जब महिलाएँ सशक्त होती हैं, तब परिवार सशक्त होता है और जब परिवार सशक्त होता है, तब राष्ट्र प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होता है।

फिर भी हमें यह स्वीकार करना होगा कि समाज के कुछ हिस्सों में अभी भी महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा से वंचित होना तथा आर्थिक निर्भरता जैसी चुनौतियाँ आज भी अनेक महिलाओं के सामने उपस्थित हैं। इन चुनौतियों का समाधान केवल कानूनों से ही नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक सोच और संवेदनशीलता से संभव है।

महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ केवल अधिकार प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने की क्षमता से सशक्त बनाना है। जब समाज महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करता है, तब वे अपनी क्षमता का पूर्ण विकास कर राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर हम सभी का दायित्व है कि हम नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित हों। परिवार, समाज और शासन—तीनों स्तरों पर समन्वित प्रयासों से ही एक ऐसा वातावरण निर्मित किया जा सकता है, जहाँ प्रत्येक महिला निर्भीक, आत्मविश्वासी और स्वाभिमानी जीवन जी सके।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि *नारी केवल समाज का एक अंग नहीं, बल्कि उसकी सबसे सशक्त प्रेरणा है।* आइए, इस अवसर पर हम सभी मिलकर ऐसा समाज बनाने का संकल्प लें, जहाँ प्रत्येक महिला को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्राप्त हो तथा वह अपने सपनों को साकार कर सके।

*नारी का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है।*

« Newer PostsOlder Posts »