Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री ने की मेट्रो परियोजनाओं की समीक्षा

March 23, 2026

मुख्यमंत्री ने की मेट्रो परियोजनाओं की समीक्षा

लखनऊ : 23 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में संचालित मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजनाओं से सम्बन्धित सभी कार्य तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, तकनीकी गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। जहां भी आवश्यक हो, नई तकनीकों का उपयोग कर कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उत्तर प्रदेश को आधुनिक, सुगम और विश्वस्तरीय शहरी परिवहन व्यवस्था में देश का अग्रणी राज्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण से लेकर संचालन तक प्रत्येक स्तर पर दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और सम्बन्धित विभागों के बीच नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मेट्रो केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि शहरों की अर्थव्यवस्था को गति देने और निवेश आकर्षित करने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो परियोजनाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आय के नए स्रोत विकसित किए जाएं। स्टेशनों और परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियों जैसे मल्टीलेवल पार्किंग, रिटेल, फूड कोर्ट और ऑफिस स्पेस को बढ़ावा दिया जाए, विज्ञापन और डिजिटल ब्रांडिंग के अवसरों का अधिकतम उपयोग हो तथा मेट्रो की भूमि और अन्य परिसम्पत्तियों का बेहतर ढंग से उपयोग किया जाए। ट्रांजिट ओरिएण्टेड डेवलपमेण्ट के माध्यम से बड़े स्तर पर राजस्व सृजन, भूमि मूल्य संवर्धन और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि मेट्रो परियोजनाएं दीर्घकाल में आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मेट्रो के साथ मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाए और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि यात्रियों को घर से गन्तव्य तक निर्बाध यात्रा मिल सके। इसके लिए मेट्रो स्टेशनों को सिटी बस, ई-रिक्शा, टैक्सी और ऐप आधारित सेवाओं से जोड़ा जाए। तीनों शहरों (लखनऊ, कानपुर और आगरा) में अतिरिक्त पार्किंग स्थलों के विकास, फीडर रूट के निर्धारण और निजी बस सेवाओं के समन्वय पर भी तेजी से काम करने को कहा गया।
बैठक में लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि लखनऊ मेट्रो का लगभग 23 किलोमीटर लम्बा कॉरिडोर पूर्ण रूप से संचालित है और इसके विस्तार के अन्तर्गत चारबाग से वसन्त कुंज (कॉरिडोर-1बी, लगभग 11.16 किमी) को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को आधुनिक कनेक्टिविटी मिलेगी। कानपुर मेट्रो परियोजना के कुल 32.4 किलोमीटर लम्बे दोनों कॉरिडोर पर कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें लगभग 15 किलोमीटर सेक्शन पर संचालन प्रारम्भ हो चुका है और शेष कार्य को मार्च, 2027 तक पूरा करने की योजना है। आगरा मेट्रो की लगभग 29.4 किलोमीटर लम्बी परियोजना में प्राथमिक सेक्शन (करीब 6.5 किमी) पर संचालन जारी है तथा कॉरिडोर-1 को जून, 2026 तक और कॉरिडोर-2 को चरणबद्ध रूप से वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री जी को यह भी अवगत कराया गया कि मेट्रो सेवाओं का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। लखनऊ, कानपुर तथा आगरा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो का उपयोग कर रहे हैं, जिससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम हुआ है और समय की बचत हो रही है। बेहतर परिचालन प्रबन्धन और ऊर्जा दक्ष तकनीकों के उपयोग से संचालन लागत में नियंत्रण रखते हुए गैर-भाड़ा आय (नॉन-फेयर बॉक्स) जैसे विज्ञापन, रिटेल, ब्राण्डिग और स्टेशन परिसरों के उपयोग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 में लगभग 222 करोड़ रुपये की आय दर्ज की गई।

सीएम ने जेवर में पीएम के कार्यक्रम की व्यवस्थाएं परखी

Jewar Airport Noida Inspection by CM Yogi Adityanath ji
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), 22 मार्च, 2026, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा आगामी 28 मार्च, 2026 को नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर एवं कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण तथा एम0आर0ओ0 का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम को भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर, गौतमबुद्धनगर पहुंचकर पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, जनसभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न मार्गों, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर आहूत एक बैठक में मुख्यमंत्री जी ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने सम्बन्धित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल से जुड़े सभी मार्गों की सुगमता, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबन्धन, परिवहन सुविधा, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सेवाओं एवं साइनेज सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने एवं कार्यां की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनपदों से आने वाले जन-समूहों की सुविधा हेतु पार्किंग में भी मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क, पेयजल, चिकित्सा सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुये अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में जनमानस की उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी हों। कार्यक्रम को भव्य एवं विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री जी ने व्यापक स्तर पर ब्राण्डिंग एवं प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचे।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि जनसमूह के सहयोग हेतु कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए समस्त ब्लॉकों में प्रशासन एवं पुलिस के महिला एवं पुरुष कार्मिकों के साथ वॉलेन्टियर्स की पर्याप्त तैनाती की जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो। कार्यक्रम में सभी की उपस्थिति समय से सुनिश्चित की जाये।
इस अवसर पर लोक निर्माण राज्य मंत्री एवं जनपद गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री श्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री श्री अमित सिंह तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पुलिस की पहल: गौरक्षक दलों संग बैठक

फरसा बाबा प्रकरण , अफवाहों से दूर रहने की अपील
मथुरा। जनपद में हाल ही में हुए फरसा बाबा प्रकरण के बाद कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा गौरक्षक दलों व अन्य संगठनों के साथ गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च की सुबह थाना कोसीकलां क्षेत्र में घने कोहरे के चलते हुई सड़क दुर्घटना में चन्द्रशेखर उर्फ फरसा बाबा की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद कुछ अराजक एवं बाहरी तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाई गईं, जिसके चलते छाता क्षेत्र में कुछ लोगों ने एनएच जाम कर पथराव किया। इस मामले में थाना छाता पर गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने युवाओं, विशेषकर गौरक्षकों, राष्ट्रीय भगवा दल, हिन्दू जागरण मंच तथा अन्य संगठनों के सदस्यों के साथ बैठक कर शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
गोष्ठी में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए झूठी अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई। साथ ही संगठनों और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, संवेदनशील सूचनाओं के आदान-प्रदान और जनपद में शांति व्यवस्था कायम रखने पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी न फैलाएं, जिससे जनपद की कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

एनएच-19 जाम, फायरिंग व पथराव मामले में 15 गिरफ्तार 

फरसा बाबा प्रकरण:
मथुरा। छाता थाना पुलिस ने फरसा वाले बाबा स्व. चन्द्रशेखर की दुर्घटना में मृत्यु के बाद हाईवे जाम, फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध डंडे, ईंट-पत्थर, चप्पलें और खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को बाबा चन्द्रशेखर की दुर्घटना में मृत्यु के बाद आक्रोशित लोगों ने कस्बा छाता स्थित एनएच-19 पर शव रखकर हाईवे जाम कर दिया था। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बीच भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग व पथराव शुरू कर दिया।
घटना के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को 22 मार्च को शेरगढ़ तिराहे से पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गौरव उर्फ भूरा, नरेश, हिमांशु, पवन, कपिल, धर्मेंद्र, विष्णु, अनुज, शनि, केशव, अरुण, अमन, सुभाष सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटनास्थल से 15 मोटरसाइकिल, ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों के टुकड़े तथा .315 व .312 बोर के खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
इस कार्रवाई में छाता, शेरगढ़, कोसीकला, बरसाना समेत कई थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

मुरादाबाद में आरएसएस का पथ संचलन,पुष्प वर्षा हुई

Post on 23.3.26
Monday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।

शहर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पथ संचलन किया। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकले पर संचलन में तमाम लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया।
रविवार को महानगर में विभिन्न स्थानों पर एक दर्जन बस्तियों में पद संचलन व एकत्रीकरण के कार्यक्रम हुए। इनमें प्रमुख रूप से मिलन विहार में महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी, विजय निकेतन संघ कार्यालय में भगवानदास, राय बैंकट हॉल सांईपुरम में संदीप विभाग व्यवस्था प्रमुख,सामुदायिक केंद्र प्रीत विहार में प्रमोद महानगर सहकार्यवाह,अर्धनारीश्वर मंदिर हिमगिरी में सुरेश ध्यानी, सरस्वती शिशु मन्दिर पाकबड़ा में ओम प्रकाश शास्त्री,शहनाई मंडप चंद्रनगर में विभाग प्रचारक ब्रजमोहन, डिप्टी जगन्नाथ सिंह विद्यालय में रणवीर जी बौद्धिक वक्ता रहे।
इस दौरान विभाग प्रचारक ब्रजमोहन ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से भारतीय नववर्ष का आरंभ होता है। यह दिन अनेक दृष्टियों से अत्यंत पवन और ऐतिहासिक है। मान्यता यह कि इस दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। भगवान श्री राम के राज्याभिषेक के लिए भी इसी दिन का चयन किया गया। इस तिथि को आर्य समाज की स्थापना व विक्रम संवत का प्रारंभ भी माना जाता है। राष्ट्र स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूजनीय डॉक्टर केशव राम बलिराम हेडगेवार का जन्म भी पावन दिवस पर हुआ।
महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी ने कहा कि भारतीय काल गणना केवल समय बताने का माध्यम नहीं है बल्कि यह हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर संतुलित जीवन जीने की भी प्रेरणा देती है। संघ साल में 6 उत्सवों को संगठन के विशेष कार्यक्रम के रूप में मनाता है। संघ में मनाये जाने वाले छह पर्व की वजह उनको सीधे राष्ट्रभाव से जोड़ना है।यह अवसर केवल एक तिथि का परिवर्तन का नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना व परंपराओं के पुनःस्मरण का भी है। ओम प्रकाश शास्त्री ने कहा की कि स्वयं सेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के वर्ष में प्रत्येक कार्यक्रम में अपने पांच परिवर्तनों को लेकर के समाज के बीच जा रहा है। वह पांच परिवर्तन है-सामाजिक समरसनता, कुटुंब प्रबोधन,स्व का बोध,नागरिक कर्तव्य व पर्यावरण।
महानगर में विभिन्न स्थानों पर पद संचलन के दौरान प्रमुख रूप से विभाग संघचालक सुरेन्द्र, महानगर संघ चालक डाक्टर विनीत,विपिन, डा.पवन जैन,प्रमोद जोशी, शरद जैन, निपेंद्र, राजेश,राजीव, आशुतोष, शानू, जितेंद्र, संजय, दिनेंद्र, भगवान दास, वरद,आदि सारस्वत, हरिमोहन गुप्ता समेत समस्त स्वयंसेवक रहे।

« Newer PostsOlder Posts »