Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की समीक्षा की

April 2, 2026

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की समीक्षा की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की प्रवेश द्वार को लेकर समीक्षा बैठक
लखनऊ: 01 अप्रैल, 2026, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में कृषि विभाग के कार्याें की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में यथाशीघ्र विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस व्यवस्था से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र में एकीकृत लाभ वितरण प्रणाली के रूप में विकसित कर रही है। इसके अन्तर्गत कृषि विभाग तथा अन्य सम्बन्धित विभागों की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसान को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के आधार पर सरल और व्यवस्थित तरीके से प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं में यदि लाभार्थियों के नाम या अभिलेखों में कोई त्रुटि अथवा विसंगति है, तो उसे आधार से लिंक कर प्राथमिकता के आधार पर संशोधित किया जाए। प्रत्येक पात्र किसान का किसान पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजनाओं के लाभ वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए और पात्रता का सत्यापन सुगम हो सके।
कृषि विभाग अपनी सभी योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था निर्धारित समयसीमा में तैयार करे और विभागीय पोर्टल को 01 मई, 2026 तक पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए। इसके माध्यम से लाभार्थियों के चयन और लाभ वितरण की प्रक्रिया को डिजिटल एवं एकीकृत रूप में संचालित किया जा सकेगा। उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं लघु सिंचाई जैसे सहयोगी विभाग भी अपनी योजनाओं में किसान पहचान पत्र के उपयोग के लिए कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करें और 31 मई, 2026 तक आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि सभी विभागों में एक समान व्यवस्था लागू हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक जटिलताएं समाप्त होंगी। इससे संसाधनों का लक्षित उपयोग सम्भव होगा तथा विशेष परिस्थितियों में आवश्यक कृषि इनपुट का वितरण अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से किसानों तक पहुंचेगा और एक ही लाभार्थी को बार-बार लाभ मिलने की स्थिति की समीक्षा भी सहज रूप से की जा सकेगी। मुख्यमंत्री जी ने सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि इस कार्य को गम्भीरता से लेते हुए समयसीमा के भीतर पूर्ण करें और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

जरूरतमंद को घर और बीमार के इलाज की होगी पूरी व्यवस्था : मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/04/2026

*मुख्यमंत्री जनता दर्शन : गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने की लोगों से मुलाकात*

*लगभग 100 लोगों की समस्याएं सुनकर दिया भरोसा, हर समस्या का कराएंगे सन्तुष्टिपरक निस्तारण*

गोरखपुर, 2 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मिलकर कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को आवास दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया। कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है।

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 100 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगो तक पहुंचकर मुख्यमंत्री ने ध्यान से उनकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लिए साथ ही निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में एक महिला ने आवास की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की आवास योजना के तहत आवास मिलेगा । गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद मांगने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को आदेश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ आए बच्चों को चॉकलेट देकर सीएम योगी ने उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

March 30, 2026

वृंदावन में यमुना को निखारने की तैयारी, केसी घाट से देवरहा बाबा घाट तक होगा ट्रायल

ब्रज तीर्थ विकास परिषद में वैज्ञानिक उपायों पर मंथन, प्रदूषण नियंत्रण और जलमार्ग विकास पर चर्चा
मथुरा। वृंदावन में यमुना नदी को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। देवरहा बाबा घाट से केसी घाट तक यमुना के दोनों किनारो पर जियोलॉजिकल मैपिंग होगी। इसके आधार पर  यमुना जल को प्रदूषण मुक्त करने सहित जल मार्ग विकसित करने की योजना को अमलीजामा पहनाया जा सकेगा।
सोमवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र  की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्लोबल विकास ट्रस्ट के संस्थापक मयंक गांधी ने जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक वैज्ञानिक आंकड़े एकत्रित करने की योजना प्रस्तुत की। इसमें यमुना की वर्तमान स्थिति, सिल्ट, जल प्रवाह और प्रदूषण नियंत्रण के वैज्ञानिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद के उपाध्यक्ष  शैलजा कान्त मिश्र ने प्रथम चरण में केसी घाट से देवरहा बाबा घाट तक ट्रायल प्रोजेक्ट के रूप में वैज्ञानिक अध्ययन का कार्य शुरू करने को कहा। तय किया गया कि चयनित क्षेत्र में पहले वैज्ञानिक अध्ययन कराया जाएगा, जिसके आधार पर कार्ययोजना लागू की जाएगी। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सिचाई सहित संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग और समन्वय के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष/ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, रविंद्र चामड़िया,  उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के एसीईओ मदन चंद दुबे, पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र,
उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य अभियंता जलकल तथा सिंचाई विभाग के अभियंता उपस्थित रहे।
राल गौशाला में विकसित होगा जैविक मॉडल, किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में बैठक के दौरान गोवंश आधारित जैविक मॉडल पर भी चर्चा हुई। गोमूत्र और गोबर को वैज्ञानिक तरीके से कृषि, वानिकी और ऑर्गेनिक खेती में अधिक उपयोगी बनाने की योजना पर सहमति बनी। इसके लिए राल स्थित देवरहा बाबा गौशाला में एक मॉडल विकसित किया जाएगा। यह कार्य भी ग्लोवल विकास ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। इस मॉडल को बाद में जिले की अन्य गौशालाओं में भी लागू किया जाएगा। साथ ही, 50 किसानों को प्रशिक्षण के लिए मई माह में अहमदाबाद स्थित ट्रस्ट मुख्यालय भेजा जाएगा।

श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में धूमधाम से मनाई महावीर जयंती

महावीर जयंती पर महिलाओं ने प्रभाव फेरी निकाली, भंडार में उमड़े श्रद्धालु

आज के अशांति युग में भगवान महावीर के सिद्धांत प्रसांगिक: चंद्र प्रकाश जैन

लखनऊ 30 मार्च। सोमवार को आशियाना स्थिति
श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में अहिंसा और करुणा के संदेश के साथ धूमधाम से मनाई गई महावीर जयंती। अहिंसा और अपरिग्रह के प्रणेता जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव सोमवार को श्री दिगंबर जैन सेवा समिति आशियाना द्वारा अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर आशियाना में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रातः काल ‘प्रभात फेरी’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालु भगवान महावीर के जयकारों के साथ गाते बजाते जैन धर्म की ध्वजा लिए सड़कों पर निकले।
मुख्य समारोह श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर आशियाना में आयोजित हुआ, जहाँ विद्वान पंडित राजीव जैन शास्त्री के सानिध्य में भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा संपन्न हुई। उपस्थित साधर्मी बंधुओ ने सामूहिक आरती एवं श्री महावीर विधान कर विश्व शांति की कामना की।
समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि “आज के अशांत युग में भगवान महावीर के सिद्धांत सबसे अधिक प्रासंगिक हैं। यदि हम केवल ‘अहिंसा’ और ‘अपरिग्रह’ (जरूरत से ज्यादा संग्रह न करना) को अपने जीवन में उतार लें, तो विश्व की अधिकांश समस्याओं का समाधान हो सकता है।”
इस अवसर पर समिति के मंत्री अजय जैन के साथ ही अखिलेश जैन, शरद कुमार जैन, अंकित जैन, अनूप जैन, आशीष जैन, बृजेश जैन, महिला मंडल की उपाध्यक्ष डॉ सविता जैन सांस्कृतिक मंत्री श्रीमती स्वीटी जैन, श्रीमती अनीता जैन, श्रीमती संगीता जैन, के साथ ही भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वात्सल्य भोज (भोज) के बाद सन्मति डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर आम पब्लिक के लिए किए गए विशाल भंडारे के साथ हुआ।

पारदर्शी ऑनलाइन चयन से हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

( संजीव गुप्त द्वारा )
आज दिनांक 30.03.2026 को विकास भवन सभागार मे, मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश स्तर पर लखनऊ मे नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियो को स्मार्ट फोन का वितरण, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाईसेज का वितरण एवं पूर्ण हो चुके बाल विकास परियोजना कार्यालय सह-गोदामों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रो का लोकापर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मा0 जनप्रतिनिधियो, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी, तथा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओ सहित देखा गया।

जनपद से 3 आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा 346 आंगनवाड़ी सहायिकाओं का चयन किया गया है। इस अवसर पर ऑनलाईन चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित हुए अभ्यर्थियो को नियुक्ति पत्रों का वितरण, स्मार्ट फोन का वितरण, पूर्ण हो चुके बाल विकास परियोजना कार्यालय सह-गोदामो एवं आंगनबाड़ी केन्द्रो का लोकापर्ण कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम मे उपस्थित मा0 विधायक ददरौल, द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को बधाई देते हुए, उन्हे अपने केन्द्र का बेहतर ढंग से संचालन सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ आंगनबाड़ी केन्द्रो पर पंजीकृत लाभार्थियों तक पहुंचाये जाने के निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराये गये स्मार्ट फोन का सदुपयोग करते हुए पोषण ट्रैकर आदि पर शत-प्रतिशत् फीडिंग सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये।

इस अवसर पर मा0 विधायक ददरौल अरविन्द कुमार, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह , मुख्य विकास अधिकारी-डॉ0 अपराजिता सिंह सिनसिनवार, जिला विकास अधिकारी-ऋषिपाल सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी-अरविन्द रस्तोगी एवं सम्बन्धित परियोजनाओ के बाल विकास परियोजना अधिकारी भी उपस्थित रहें।
_____

« Newer PostsOlder Posts »