
भाजपा कार्यालय में नवमतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह
लखनऊ 25 जनवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को प्रदेश के सभी जनपदों में नवमतदाताओं का अभिनंदन कर लोकतंत्र का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर प्रदेशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के श्रवण के उपरांत नवमतदाता सम्मान समारोहों का आयोजन किया गया।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने नवमतदाताओं का अभिनंदन किया। इस अवसर पर नवमतदाताओं सहित उपस्थित जनसमूह ने लोकतंत्र की मजबूती तथा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा नेता नीरज सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में नवमतदाता तथा पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नवमतदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सभी नवमतदाताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होते हैं और जब युवा पहली बार मतदाता बनने की अर्हता प्राप्त करता है, तो वह उसके जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव होता है।
श्री पाठक ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में नरेन्द्र मोदी जी ने पहली बार मतदाता बने युवाओं को विशेष रूप से बधाई दी है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी की लड़ाई में युवाओं की भूमिका सदैव निर्णायक रही है। स्वामी विवेकानंद, चन्द्रशेखर आज़ाद, सुभाष चन्द्र बोस और भगत सिंह जैसे महापुरूषों ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। वह सभी हमारे प्रेरणापुंज है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने नवमतदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि मतदाता बनना सिर्फ मतदान का अधिकार प्राप्त करना नहीं है बल्कि यह राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। आज का युवा देश का वर्तमान भी है और भारत का उज्ज्वल भविष्य भी है। जब कोई युवा पहली बार मतदाता बनता है तो वह लोकतंत्र की नींव को और अधिक मजबूत करता है। आपका एक-एक मत देश की दिशा और दशा तय करने की शक्ति रखता है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नवाचार तथा राष्ट्र नवनिर्माण से जोड़ने का काम किया गया है। आज का भारत युवा शक्ति के बल पर आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
श्री धर्मपाल सिंह ने सभी नवमतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करें, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और सजग, जागरूक तथा जिम्मेदार मतदाता बनें। युवाओं की सक्रिय सहभागिता ही सशक्त लोकतंत्र और विकसित भारत की आधारशिला है।
मुरादाबाद, 24 जनवरी 2026, जाने-माने पंजाबी सिंगर सुखविंदर सिंह तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी परिवार के संग अपने प्रगाढ़ रिश्तों को और मजबूत कर गए। उदीषा चौपाल साहित्योत्सव-2026 में शिरकत करने मुरादाबाद आए सुखविंदर तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी आना नहीं भूले। चल छैया-छैया….. और जय हो… सरीखे मशहूर गानों के पार्श्व गाय सुखविंदर का कुलाधिपति जैन और जीवीसी मनीष जैन ने अपने आवास- संवृद्धि में मंगल आगमन पर बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर फर्स्ट लेडी श्रीमती वीना जैन, श्रीमती ऋचा जैन, एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अक्षित जैन, सुश्री नंदिनी जैन आदि की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।
उल्लेखनीय है, सुखविंदर का यूनिवर्सिटी के संग बरसों से दिली लगाव है। कोविड काल के दौरान 2020 में एक अविस्मरणीय वीडियो जारी करके टीएमयू से अपने अंतरंग रिश्तों को सार्वजनिक कर चुके हैं। टीएमयू हॉस्पिटल को तीर्थ की संज्ञा देते हैं। कह चुके हैं, टीएमयू हॉस्पिटल जैन परिवार के लिए धन कमाने की अपेक्षा जनसेवा का जरिया है। उल्लेखनीय है, हॉस्पिटल के सेवा, संकल्प और समर्पण के बूते यूपी सरकार कोविड काल में प्राइवेट हॉस्पिटल्स में उम्दा इलाज के लिए ए श्रेणी का दर्जा दे चुकी है।
उप्र दिवस-2026 के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परम्पराओं, कला, पर्यटन, नवाचार एवं विकास यात्रा को प्रस्तुत किया जायेगा
लखनऊ: 20 जनवरी, 2026, उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे जाने माने कलाकारों द्वारा गायन, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, नाटक, भजन, सुगम संगीत, जनजातीय नृत्य, समकालीन प्रस्तुतियों का भव्य मंचन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर प्रस्तुत होने वाली सांस्कृतिक विधाएँ प्रदेश की समृद्ध लोक, शास्त्रीय एवं समकालीन परंपराओं का समग्र प्रतिनिधित्व करती हैं। इस प्रकार विविध सांस्कृतिक विधाओं की यह श्रृंखला उत्तर प्रदेश की जीवंत, बहुरंगी और समावेशी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आधुनिकता और परंपरा का सशक्त समन्वय देखने को मिलेगा। समकालीन संगीत की वैश्विक पहचान बन चुका इण्डियन ओसेन बैंड (Kandisa Music Productions Private Limited) अपनी ऊर्जावान बैंड प्रस्तुति के माध्यम से युवा वर्ग को विशेष रूप से आकर्षित करेगा। वहीं आध्यात्मिक और भावनात्मक संगीत की धारा को सुदृढ़ करते हुए श्री अमित प्रकाश मिश्रा एवं सुश्री प्रतिभा सिंह बघेल द्वारा भजन एवं सुगम संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को सशक्त मंच प्रदान करते हुए भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा कथक, भरतनाट्यम एवं ओडिसी नृत्य की सुसंस्कृत एवं गरिमामयी संयुक्त प्रस्तुतियाँ होंगी, जो भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविधता, सौंदर्य और अनुशासन का जीवंत प्रदर्शन करेंगी। ये प्रमुख प्रस्तुतियाँ उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को सांस्कृतिक दृष्टि से स्मरणीय और प्रभावशाली बनाएँगी।
श्री सिंह ने बताया कि आयोजन के दौरान एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP), हस्तशिल्प, GI टैग उत्पाद, पर्यटन स्थलों, मिशन शक्ति, औद्योगिक एवं अधोसंरचना विकास, तथा विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विषयक प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी। मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, उत्कृष्ट उद्यमियों, महिला शक्ति, युवाओं, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा वर्ष 2026 में “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, चित्रकला कार्यशालाएँ, संगीत-वादन, ओपन माइक, नाटक, कठपुतली, क्विज, रंगोली, पाक कला प्रतियोगिता, पतंगबाजी एवं युवा-जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी तथा उत्तर प्रदेश पारंपरिक व्यंजन मेला आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से भी उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन किया जायेगा। मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा एवं कुशल मार्गदर्शन में तीन दिवसीय उत्सव के दौरान उ0प्र0 की विकास यात्रा से लेकर सांस्कृतिक धरोहरों पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे। यह आयोजन प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त, समृद्ध एवं सांस्कृतिक रूप से अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।