Web News

www.upwebnews.com

बड़े मंगल पर विश्व संवाद केंद्र में हुआ भंडारा, सुंदर कांड पाठ

June 16, 2026

बड़े मंगल पर विश्व संवाद केंद्र में हुआ भंडारा, सुंदर कांड पाठ

Posted on 16.06.2026, Time 10.06 PM , Bada Mangal, Vishva Samvad Kendra, Lucknow, RSS

बड़े मंगल पर प्रांत प्रचारक कौशल ने किया प्लास्टिक मुक्त विशाल भंडारे का शुभारंभ

लखनऊ, ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर विश्व संवाद केंद्र जियामऊ में विशाल भंडारे का आयोजन तथा सुंदर कांड का पाठ किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल जी ने प्रसाद वितरित कर भंडारा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण सक्सेना ने भंडारे में भाग लिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रांत प्रमुख राजकिशोर ने पौधा रोपण भी किया।
भंडारा में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष जी ने कहा कि बड़ा मंगल लखनऊ की श्रेष्ठ परंपरा है। यह धर्म के साथ साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना का अद्भुत उदाहरण है।
भंडारा से पहले विश्व संवाद केंद्र स्थित श्री राम जानकी मंदिर में सुंदरकांड पाठ किया गया। मुख्य यजमान एस बी पांडे ने पूजा कराई।
भंडारा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक श्रीमान महेंद्र जी, पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र
संघचालक सूर्य प्रकाश टोंक, वरिष्ठ प्रचारक वीरेंद्र सिंह, संघ के संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपाशंकर जी,  संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, मनीष शुक्ला, आलोक अवस्थी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता आलोक वर्मा, एमएलसी अवनीश पटेल,भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी, राज्य सूचना आयुक्त पीएं द्विवेदी, डा दिलीप अग्निहोत्री, प्रांत के विशेष संपर्क प्रमुख प्रशांत भाटिया, राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश, विश्व संवाद केंद्र के प्रमुख डॉक्टर उमेश, कार्यालय प्रमुख सनी सिंह, पूर्व सूचना आयुक्त सुभाय सिंह, पत्रकार सर्वेश कुमार सिंह, भारत सिंह, ब्रजनंदन, दिलीप शुक्ला, अशोक सिंह राजपूत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ओबीसी को एक मंच पर लाने में जुटी भाजपा

Posted on 16.06.2026 Time 08.45 PM

लखनऊ 16 जून 2026, सभी ओबीसी जातियों को एक मंच पर लाने और पीएम मोदी के 12 साल की उपलब्धियां जनता तक पहुंचने के लिए आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर मंथन हुआ। प्रदेश स्तरीय बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण मौजूद रहे।

भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठन विस्तार और ओबीसी समाज के बीच विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से संपर्क व संवाद के लिए तैयार कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद डॉ. के लक्ष्मण के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए डा. के लक्ष्मण ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए धरातल पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
डा. के लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक व्यापक और विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा जन-जन तक संपर्क व संवाद के माध्यम से पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचायें।
आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए श्री नरेंद्र कश्यप ने संगठन के ढांचे को और धार देने की बात कही। इसके तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इसके अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ओबीसी समाज के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। समाज के सभी पिछड़े और वंचित वर्गों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बैठक के दौरान ओबीसी समाज की सभी जातियों को एक साझा मंच पर लाकर संगठन को अभेद्य मजबूती देने की रणनीति पर भी गंभीर चर्चा हुई। पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा गया कि वे समाज के बीच जाकर भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों और सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों को प्राथमिक सदस्यता दिलाकर संगठन से जोड़ें।
ओबीसी समाज भारतीय जनता पार्टी की असली शक्ति है और आगामी चुनावों में इस समाज की भूमिका अत्यंत निर्णायक रहने वाली है। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करें।

June 15, 2026

फर्जी पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग, उपज ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर आईडी कार्ड जारी करने सहित चार प्रमुख मांगें उठाईं

ब्यूरो चीफ : बिजनौर

बिजनौर। जनपद में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने तथा स्वयंभू पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिना वैध पहचान अथवा मान्यता के स्वयं को पत्रकार बताने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई।
उपज के जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में जनपद में कई ऐसे व्यक्ति सक्रिय हैं, जो बिना किसी वैध पहचान अथवा मान्यता के अपने वाहनों पर “प्रेस” एवं “मीडिया” लिखकर पत्रकार होने का दावा करते हैं। इससे आम जनता एवं विभिन्न सरकारी विभागों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित होने के साथ-साथ वास्तविक पत्रकारों की छवि एवं विश्वसनीयता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सूचना विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य प्रमुख सरकारी विभागों को उपलब्ध कराया जाए। सूची में पत्रकार का नाम, मोबाइल नंबर, समाचार संस्थान तथा वाहन संख्या अंकित की जाए, जिससे वास्तविक एवं फर्जी पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा सूचना विभाग द्वारा पत्रकारों को अधिकृत पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाने तथा भारत सरकार के रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया (आरएनआई) से पंजीकृत समाचार पत्रों एवं ई-पेपर/पीडीएफ समाचार पत्रों को सूचना विभाग में संधारित एवं सूचीबद्ध किए जाने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिन वाहनों पर “प्रेस” अथवा “मीडिया” अंकित है, उनकी समय-समय पर जांच कराई जाए तथा जिन व्यक्तियों के पास वैध पत्रकारिता संबंधी प्रमाण अथवा पहचान पत्र उपलब्ध न हो, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इससे प्रेस पहचान के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
उपज पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से उक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक, राजेन्द्र सिंह, नरेंद्र सिंह, बाबू राम आर्य, मुकुल पाल, रिजवान सिद्दीकी, लव अग्रवाल, जावेद अहमद, सुमित गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

June 14, 2026

दाह संस्कार से लौटते समय यमुना में डूबा युवक, दूसरे दिन भी नहीं मिला शव

Posted on 14.06.2026 Time 09.39 PM Mathura Vrandavan
मथुरा, 14 जून 2026, गोकुल बैराज पर दाह संस्कार से लौटने के दौरान एक युवक यमुना नदी में डूब गया। घटना के बाद से प्रशासन और राहत दल युवक की तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अडूकी निवासी उमेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र  हरिओम अपनी चचेरी बहन के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए गोकुल बैराज गया था। बताया गया है कि दाह संस्कार के बाद वह यमुना किनारे हाथ धो रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर रात तक और अगले दिन भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान तेज करने और जल्द से जल्द युवक का शव बरामद करने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों एवं संबंधित टीमों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।

CM Yogi Adityanath के निर्देश: जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दें अफसर

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर एवं आजमगढ़ मण्डल के सांसदों व विधायकों और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की
 
जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर प्राथमिकता निर्धारित कर त्वरित कार्यवाही करते हुये समय से परियोजनाआ की स्वीकृति करायी जाए तथा तत्काल कार्य प्रारम्भ कराया जाए : मुख्यमंत्री
Posted on 14.06.2026 Time 08.56 PM Sunday, Gorakhpur, Azamgarh
गोरखपुर: 14 जून, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर एवं आजमगढ़ मण्डल के सांसदों व विधायकों और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने दोनों मण्डलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए आगामी परियोजनाओं/प्रस्तावों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विधानसभावार उनके क्षेत्र की सड़क आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुये कहा कि बैठक का उद्देश्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों मे समान रूप से विकास सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर प्राथमिकता निर्धारित कर त्वरित कार्यवाही करते हुये समय से परियोजनाआ की स्वीकृति करायी जाए तथा तत्काल कार्य प्रारम्भ कराया जाए। उन्हांने कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। लोक निर्माण विभाग तकनीक की मदद से कार्य की ऑनलाइन तथा भौतिक निगरानी करे। उन्होंने सेतु निगम को तकनीक का उपयोग करते हुये सेफ्टी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान लोगां की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्हांने कहा कि ज्यादा बिलो टेन्डर होने पर कार्य की गुणवक्ता प्रभावित होती है, इसलिए ऐसे लोगां का चिन्हित कर कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर-आजमगढ मण्डल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगामी सड़क निर्माण परियोजनाओं, प्रस्तावों का डिजिटल प्रेजेंटेशन देखा। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को आगामी प्रस्तावों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों से प्राथमिकता का निर्धारण जनप्रतिनिधियों की सहमति से किया जाए। जनप्रतिनिधि जिन सड़कों को प्राथमिकता दें, सबसे पहले उनका एस्टिमेट बनाकर योजना स्वीकृत कराकर, शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाए। उन सड़कों को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाए, जो बड़े क्षेत्र को लाभान्वित करने वाली हों।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की सड़कों के निर्माण कार्य की निरन्तर मॉनिटरिंग करते रहें, ताकि तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य हो। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर और आजमगढ मण्डल विकास की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते रहें और किसी विकास कार्य में अड़चन आने पर अधिकारियों के साथ मिलकर उसे दूर कराएं।
बैठक मे परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह द्वारा बलिया-बांसडीह मार्ग पर पानी भरने की समस्या पर मुख्यमंत्री जी ने मुख्य अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर रिर्पोट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री  कमलेश पासवान, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद रवि किशन शुक्ल, सांसद विजय दुबे, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान सहित जनप्रतिनिधिगण व शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »