Web News

www.upwebnews.com

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

May 18, 2026

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

Posted on 18/05/2026
Time 01:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध

​गोरखपुर। 18 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों और बाजार में व्याप्त कालाबाजारी के विरोध में आज, 18 मई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।

​सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क पर एकत्रित हुए। यहाँ आयोजित धरने के दौरान वक्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईंधन और रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है।

​धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लिए सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रही है और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ​

UP Cabinet: बनेगा समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग

Neta Ji Subhash Chandra Bose

Posted on 18.05.2026 Time 04.20 PM, Lucknow, Cabinet Meeting

लखनऊ, 18 मई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार ने पंचायत चुनावों में पिछड़ा वर्ग आरक्षण, मेट्रो परियोजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इन फैसलों का असर प्रदेश के ग्रामीण निकायों, शहरी परिवहन व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं पर व्यापक रूप से पड़ेगा।

पंचायतों में OBC आरक्षण के लिए समर्पित आयोग का गठन

प्रदेश सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायत निकायों में पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की प्रक्रिया को लेकर “उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग” गठित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में लिया गया है।

सरकार के अनुसार आयोग ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्गों की सामाजिक एवं जनसंख्या आधारित स्थिति का समकालीन अध्ययन करेगा। इसके आधार पर पंचायतों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को आनुपातिक आरक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रदेश में पंचायतों में आरक्षण की व्यवस्था संविधान के अनुच्छेद 243-घ तथा उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम 1947 एवं उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत अधिनियम 1961 के तहत लागू है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण कुल सीटों के 27 प्रतिशत से अधिक नहीं होगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि पिछड़े वर्गों की जनसंख्या के सटीक आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे तो नियमानुसार सर्वेक्षण कर जनसंख्या निर्धारित की जाएगी। आयोग की रिपोर्ट भविष्य में पंचायत चुनावों में आरक्षण तय करने का आधार बनेगी।

लखनऊ मेट्रो फेज-1बी को आगे बढ़ाने की तैयारी

प्रदेश सरकार ने लखनऊ मेट्रो परियोजना फेज-1बी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (चारबाग से वसंतकुंज) के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच त्रिपक्षीय एमओयू (MoU) के निष्पादन को मंजूरी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस परियोजना के डीपीआर को 5 मार्च 2024 को मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति दी गई थी। बाद में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार ने 3 सितंबर 2025 को 5801.05 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली परियोजना को मंजूरी प्रदान की।

केंद्र सरकार की शर्तों के अनुसार अब परियोजना के लिए त्रिपक्षीय एमओयू किया जाएगा। इस कॉरिडोर के बनने से चारबाग से वसंतकुंज तक यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही राजधानी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

आगरा मेट्रो को निःशुल्क जमीन हस्तांतरण का प्रस्ताव

आगरा मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) के तहत मेट्रो स्टेशन और वायडक्ट निर्माण के लिए सरकार ने 550 वर्गमीटर भूमि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को निःशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव रखा है।

यह भूमि आगरा सदर तहसील के मौजा चक अव्वल स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर की पार्क भूमि से दी जाएगी। जिलाधिकारी आगरा द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।

सरकार के मुताबिक यह भूमि प्रभावी जिलाधिकारी सर्किल दर पर छूट प्रदान करते हुए विशेष परिस्थितियों में निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। हालांकि स्पष्ट किया गया है कि इसे भविष्य में उदाहरण के रूप में नहीं माना जाएगा।

RMLIMS में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर

राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के शहीद पथ स्थित नए परिसर में 1010 बेड का मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल, नया ओपीडी ब्लॉक और आधुनिक टीचिंग ब्लॉक बनाया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 855.04 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना के तहत 1010 बेड वाले अस्पताल के साथ 200 सीट क्षमता वाला नया शिक्षण ब्लॉक भी तैयार किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश के मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और मेडिकल छात्रों को आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा। अस्पताल के विस्तार से प्रदेश भर के मरीजों को बेहतर इलाज का लाभ मिलेगा।

प्रदेश में विकास और आरक्षण दोनों पर सरकार का फोकस

सरकार के इन फैसलों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि एक ओर पंचायत चुनावों से पहले पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर कानूनी प्रक्रिया मजबूत की जा रही है, वहीं दूसरी ओर शहरी परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

May 17, 2026

CM योगी के दौरे का तीसरा दिन; बीजेपी के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का किया उद्घाटन

Posted on 17/05/2026
Time 12:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

, प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

​गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे का आज तीसरा दिन है। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान सीएम योगी आज गीडा (GIDA) क्षेत्र के तेनुआ गांव स्थित एक निजी मैरिज गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो दिवसीय प्रांतीय/क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन किया।
​कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वहाँ लगाई गई एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका बारीकी से निरीक्षण भी किया।

​बीजेपी के इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी रणनीतियों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित और ऊर्जामान करना है। उद्घाटन सत्र के बाद सीएम योगी वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे, जहां वे सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का मूलमंत्र देंगे।

​इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ गोरखपुर के सांसद रवि किशन, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, स्थानीय विधायकगण और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। सीएम योगी के आगमन को लेकर गीडा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ है।

तहसील मांट में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

Posted on 17.05.2026 Time 12.13 PM, Mathura Vrandavan News
मथुरा, 17 मई 26 उप्र समाचार सेवा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील मांट में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का नियमानुसार तत्काल निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद अथवा अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण करने को कहा गया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी फरियादी निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए।
उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर ने बताया कि तहसील मांट में कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह के अनुसार गोवर्धन तहसील में 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का निस्तारण किया गया।
उप जिलाधिकारी महावन ऊषा सिंह ने जानकारी दी कि महावन तहसील में 42 शिकायतें प्राप्त हुईं तथा 5 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। उप जिलाधिकारी सदर आदेश कुमार ने बताया कि सदर तहसील में 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता के अनुसार छाता तहसील में 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

गीताप्रेस पहली बार छाप रहा ‘रंगीन श्रीमद्भागवत महापुराण’

Posted on 17/05/2026
Time 08:20 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

भक्तों के लिए बड़ी सौगात: अब रंगीन और जीवंत स्वरूप में दर्शन देंगे भगवान,

​गोरखपुर। 17 मई 2029 ( उप्र समाचार सेवा)
धार्मिक पुस्तकों के प्रकाशन में विश्व विख्यात गीताप्रेस के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। दुनिया भर के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों के लिए सुखद खबर है कि अब श्रीमद्भागवत महापुराण को पूरी तरह रंगीन और उच्च गुणवत्ता वाले आर्ट पेपर पर प्रकाशित किया जा रहा है। यह पहला अवसर है जब गीताप्रेस इस महापुराण को इतने भव्य और आधुनिक कलेवर में उतार रहा है।
​गीताप्रेस के प्रोडक्शन मैनेजर आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि ​अभी तक श्रीमद्भागवत महापुराण का प्रकाशन साधारण कागज पर होता था, जिसमें रंगीन चित्र अलग से चिपकाए जाते थे। लेकिन नए संस्करण में पूरी पुस्तक ही आर्ट पेपर पर छप रही है जो 80 जीएसएम का है । इससे न केवल अक्षर मोतियों जैसे स्पष्ट दिखेंगे, बल्कि चित्रों की चमक और गहराई पाठकों को भक्ति के एक नए अनुभव से जोड़ देगी।

​इस विशेष संस्करण की सबसे बड़ी विशेषता इसमें शामिल किए गए 200 से अधिक दुर्लभ रंगीन चित्र हैं। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर उनके विभिन्न अवतारों और आध्यात्मिक प्रसंगों को इन चित्रों के माध्यम से जीवंत किया गया है। यह संयोजन पाठकों के लिए ग्रंथ के पठन को एक दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव बना देगा।

​दो खंडों में होगा प्रकाशन

​प्रोडक्शन मैनेजर आशुतोष पाण्डेय के अनुसार, इस महापुराण की विशालता को देखते हुए इसे दो खंडों (Volumes) में प्रकाशित किया जा रहा है। ​प्रथम खंड के शुरुआत में लगभग 3,000 प्रतियाँ छापने की योजना है।
​शुरुआत में यह हिंदी में उपलब्ध होगा, लेकिन मांग के अनुसार जल्द ही इसे अंग्रेजी, गुजराती और मराठी सहित अन्य भाषाओं में भी लाया जाएगा। इस पुस्तक की कीमत मात्र 11 सौ रुपए रखी गई है जो बहुत ही कम है ।

​गीताप्रेस इससे पहले श्रीरामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता जैसे ग्रंथों को आर्ट पेपर पर प्रकाशित कर चुका है, जिनकी भारी मांग रही है। इसी सफलता को आधार बनाकर अब ‘श्रीमद्भागवत महापुराण’ को इस विशेष रूप में तैयार किया जा रहा है।
​यह दिव्य ग्रंथ जून के अंतिम सप्ताह तक गीताप्रेस के सभी अधिकृत काउंटरों और उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। अपनी भव्यता और शुद्धता के कारण यह ग्रंथ हर सनातनी के पुस्तकालय का अनमोल रत्न बनेगा।

« Newer PostsOlder Posts »