Web News

www.upwebnews.com

Yogi Adityanath visit: बिजनौर को 1003 करोड़ की सौगात

July 17, 2026

Yogi Adityanath visit: बिजनौर को 1003 करोड़ की सौगात

Posted on 17.07.2026, Time 6.30 PM Friday, #Bijnore News, CM Yogi Adityanath Visit

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर को दी 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं की सौगात

बिजनौर, 17 जुलाई 2026 (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बिजनौर के बिजनौर एवं चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड एवं टूलकिट वितरित किए। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, पौधरोपण किया तथा महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि है और यह जनपद अनेक महान विभूतियों की जन्मस्थली रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के समन्वय के साथ प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजनौर ने संघर्ष से विकास तक की सफल यात्रा तय की है और आज यह प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे जनपदों में शामिल है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना उत्पादन के लिए प्रसिद्ध बिजनौर के किसानों को प्रदेश सरकार समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसानों को वर्षों तक भुगतान नहीं मिलता था, जबकि आज सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज बिजनौर कानून व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। हाईवे, मेडिकल कॉलेज, पर्यटन विकास, एक्सप्रेस-वे और उद्योगों के विस्तार से जनपद तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नगीना के काष्ठ शिल्प, किसानों की मेहनत, युवाओं की ऊर्जा और व्यापारियों की उद्यमशीलता की सराहना की।


मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेस-वे को बिजनौर से हरिद्वार तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर सड़क, पुल एवं फ्लाईओवर जैसी विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी तथा विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की कर्जमाफी, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की प्रभावी निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है। बेल्जियम की अग्रिस्ट मासा सहित कई घरेलू एवं विदेशी कंपनियों ने जनपद में निवेश किया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने ‘विदुर प्रेरणा’ स्वदेशी ब्रांड की सफलता की भी सराहना की और इसे आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सशक्त उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास का लोकार्पण होने से जनपद की बेटियों को नर्सिंग शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही पर्यटन, पेयजल, सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सांसद चंदन चौहान, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह, विधायक सूचि चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।


इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी अशोक कटारिया, अशोक कुमार राणा, ओम कुमार, कुँवर सुशांत सिंह, विनोद राठी, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सिर्फ शब्द पढ़ें नहीं, उन्हें आत्मसात भी करें: सतीश महाना

Lucknow News Posted on 17.07.2026 Time 09.38 PM, Friday, Gayatri Pariwar

केवल शब्दों को पढ़ने का नहीं, उन्हें आत्मसात करने का भी काम किया जाए : सतीश महाना

विधान सभा अध्यक्ष के सन्दर्भ पुस्तकालय में स्थापित हुआ 467वाँ युगऋषि वाङ्मय

लखनऊ, 17 जुलाई 2026, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना के सन्दर्भ पुस्तकालय में गायत्री ज्ञान मंदिर, इंदिरा नगर, लखनऊ के विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के अन्तर्गत गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं० श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सम्पूर्ण 79 खण्डों के 467वें युगऋषि वाङ्मय की स्थापना की गई।

इस अवसर पर श्री महाना ने कहा कि “ऋषि का सद्साहित्य समाज के मार्गदर्शन के लिए है। ऐसे साहित्य से व्यक्ति को जीवन में सकारात्मक दिशा, संस्कार और सत्कर्म की प्रेरणा मिलती है। केवल शब्दों को पढ़ने का नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का भी प्रयास किया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि ज्ञान और सद्विचारों पर आधारित साहित्य व्यक्ति के चरित्र निर्माण के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा प्रदान करता है। युगऋषि वाङ्मय में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का समावेश है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है।

युगऋषि वाङ्मय की स्थापना श्रीमती शशि गंगवार एवं देवेंद्र सिंह गंगवार द्वारा अपने बच्चों श्रीमती चारु सिंह, चि० स्वास्तिक सिंह एवं चि० विभव सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ जन्मदिन के अवसर पर समर्पित की गई। इस अवसर पर सन्दर्भ पुस्तकालय में युगऋषि वाङ्मय साहित्य के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को अखण्ड ज्योति पत्रिका भेंट की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महानुभावों एवं विधान सभा कार्यालय के कर्मचारियों को भी अखण्ड ज्योति (हिन्दी) पत्रिका प्रदान की गई।
वाङ्मय स्थापना अभियान के मुख्य संयोजक उमाशंकर शर्मा ने कहा कि “ऋषि का सद्ज्ञान मनुष्य को सत्कर्म करने की शक्ति प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि युगऋषि वाङ्मय समाज को नैतिक मूल्यों, ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक चिंतन की दिशा प्रदान करने वाला अमूल्य साहित्य है।
इस अवसर पर विधान सभा के अधिकारीगण एवं कर्मचारी तथा गायत्री ज्ञान मंदिर के प्रतिनिधि उमाशंकर शर्मा, देवेंद्र सिंह गंगवार, श्रीमती शशि गंगवार, श्रीमती रुचि सिंह, श्रीमती सावित्री शर्मा, वी०के० श्रीवास्तव एवं प्रेम सिंह यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#GayatriParivar #ShriRamSharmaAcharya

भूजल संरक्षण महज सरकार की नहीं बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी -जिलाधिकारी

#Agra News Posted on 17.07.2026 Time 08.45 PM Friday

—हरी झंडी दिखाकर ‘भूजल सप्ताह’ का किया शुभारंभ, कलेक्ट्रेट से प्रचार वाहन किया रवाना,२२तक भूजल सप्ताह

आगरा। जिलाधिकारी गिरते भूजल स्तर को रोकने और वर्षा जल संचयन को लेकर भूजल सप्ताह के तहत सात दिवसीय 16 से 22 जुलाई तक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण सरकार की ही नहीं हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

“जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” थीम पर केंद्रित अभियान ग्रामीण , शहरी क्षेत्रों में जिले की सभी पंचायतों, नगरीय निकायों सभी विभागों के समन्वय से संचालित किया जाएगा।
अभियान में नगर निगम, एडीए,विकास विभाग, पंचायती राज, लघु सिंचाई, सिंचाई, जल निगम, कृषि विभाग, उद्यान, बेसिक एवं माध्यमिक , उच्च शिक्षा तथा नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान का संचालन किया जाएगा

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि यदि वर्षा जल का अधिकतम संचयन और भूजल का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्भरण सुनिश्चित किया जाए तो भविष्य में जल संकट से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 और 17 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें ग्राम पंचायत सचिव नोडल अधिकारी रहेंगे। विद्यालयों में जल संरक्षण विषय पर शपथ ग्रहण, निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।

18 और 19 जुलाई को विकास खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 20 और 21 जुलाई को नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का समापन 22 जुलाई को जिला स्तरीय आयोजन के साथ होगा।
रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल स्रोतों के संरक्षण, पारंपरिक जल संरचनाओं के पुनर्जीवन और भूजल रिचार्ज की तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जाएगा।

वरिष्ठ भू-भौतिकविद शशांक शेखर ने बताया कि शासन की कार्ययोजना के अनुरूप भूजल सप्ताह के दौरान व्यापक जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जाएगा, जिससे जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधनों की मजबूत नींव तैयार हो सके।

जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील जारी कर कहा कि “जल है तो कल है – भूजल बचाएं-जीवन बचाएं।”भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की भू-जल संरक्षण, संवर्धन एवं वर्षा जल संचयन का विषय सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। हमारा जनपद भी कृषि, पेयजल एवं औद्योगिक आवश्यकताओं हेतु बड़े स्तर पर भूजल पर निर्भर है। वर्ष 2025 की भूजल संसाधन आंकलन के अनुसार 08 विकास खण्ड व आगरा शहर अतिदोहित, 03 विकास खण्ड क्रिटिकल एवं 04 विकास खण्ड सेमी क्रिटिकल श्रेणी में वर्गीकृत हैं।

भूजल हम सबकी साझा धरोहर है। इसे बचाना केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आइए, हम सब मिलकर इस संकल्प को साकार करें और अपने जनपद को जल-सुरक्षित बनाएं।

July 15, 2026

युवा कार्यबल प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति: योगी आदित्यनाथ

Posted on 15.07.2026 Time 08.43 PM

कौशल को सम्मान, आत्मनिर्भर युवा – नए उत्तर प्रदेश की पहचान!

लखनऊ, 15 जुलाई 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बने युवाओं के सम्मान हेतु लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्षों में प्रदेश में हुए कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका ‘कौशलम’ का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा कार्यबल प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है। कौशल, नवाचार और उद्यमिता के बल पर ही उत्तर प्रदेश वर्ष 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त कर विकसित भारत के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।

July 13, 2026

UP News अपराधियों के लिए यूपी में जगह नहीं, करें सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

Posted on 13.07.2026 Time 09.11 PM UP CM Yogi Adityanath ji Janata Darshan, Lucknow

जनता दर्शन

*सीएम योगी ने किया ‘जनता दर्शन’, हर पीड़ित की समस्या सुन समाधान के लिए दिए निर्देश*

*अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की हो सख्ती से जांच, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई: मुख्यमंत्री*

*एक बिल्डर के खिलाफ शिकायत पर मुख्यमंत्री ने जांच कर कार्रवाई करने के दिए निर्देश*

*लखनऊ, 13 जुलाई:* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ किया। उन्होंने प्रदेश भर से आए हर फरियादी से मुलाकात की, उनकी शिकायत सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। अवैध कब्जे से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों की सख्ती से जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें। धमकी के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं है, पुलिस ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करे।

*अपराध व अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में की जाय शीघ्रता*
मुख्यमंत्री योगी के समक्ष अवैध कब्जे से जुड़े मामले आये। पीड़ितों ने आरोपियों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने फरियादियों के प्रार्थना पत्र लेकर शासन के अधिकारियों को प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अवैध कब्जा करने व धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही अपराध व कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी कर पीड़ितों को ससमय न्याय और दोषियों को दंड दिलाया जाय।

*बिल्डर के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे लोग, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश*
गाजियाबाद, मेरठ व नोएडा से जुड़े एक बिल्डर की शिकायत भी ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंची। पीड़ितों ने बताया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट कई लोगों को रजिस्ट्री कर दिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को गम्भीरता से लिया और कहा कि जांच में बिल्डर के दोषी मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाय।

« Newer PostsOlder Posts »