Web News

www.upwebnews.com

ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

May 14, 2026

ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय
हाथरस। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज या समुदाय के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।विवेक उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने देश की संस्कृति, शिक्षा, ज्ञान और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए ऐसे समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का अपमान है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मांग की कि केवल औपचारिक माफी नहीं, बल्कि संबंधित नेता पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजनीति समाज को जोड़ने का माध्यम होनी चाहिए, न कि वैमनस्य फैलाने का।

—————————————————————-

Hathras News पप्पू नाथ बाबा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे

बरसै में पुलिया बाले वाबा के मंदिर पर भूख हडताल पर बैठे पप्‍पू बाबा

हाथरस। सासनी के  गांव महमदपुर बरसै स्थित पुलिया वाले बाबा के मंदिर को तोडे जाने के बाद उक्त जगह पर चल रहा धरना प्रदर्शन आज पांचवें दिन और उग्र हो गया। प्रशासन द्वारा मांगों की अनदेखी किए जाने से क्षुब्ध होकर पप्पू नाथ बाबा ने आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
बुधवार को भी ग्रामीण और हिंदूवादी संगठन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। पिछले पांच दिनों से ग्रामीण और कार्यकर्ता पुलिया वाले बाबा के स्थान पर धरने पर बैठे हैं। मांगें पूरी न होने पर पप्पू नाथ बाबा ने अन्न-जल त्याग कर भूख हड़ताल का आह्वान किया है। इस आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल का समर्थन मिल रहा है। धरना स्थल पर आज भारी संख्या में लोग जुटे, जिनमें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष राहुल उपाध्याय भी उपस्थित थे। राहुल उपाध्याय ने कहा कि जब तक बाबा की जायज मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, यह आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले का समाधान नहीं निकाला गया, तो यह विरोध प्रदर्शन पूरे जनपद में फैल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की बेरुखी ने उन्हें कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनने की जताई उम्मीद

वृंदावन पहुंचे मनिंदर सिंह बिट्टा, देवकीनंदन महाराज की सनातन बोर्ड मांग का किया समर्थन
मथुरा। धार्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचे अखिल भारत आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने प्रसिद्ध कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सनातन बोर्ड के गठन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि देश में सनातन धर्म और मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था आवश्यक है।
मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि देश ने अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण और काशी में ज्ञानवापी विवाद को लेकर हुए बदलाव देखे हैं। अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भव्य मंदिर बनते देखने की इच्छा है।
उन्होंने कहा कि मुगल आक्रांताओं द्वारा देश के कई मंदिरों को लूटा गया और तोड़कर वहां अवैध निर्माण किए गए। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि मुस्लिम भाई बाहरी आक्रांताओं को अपना न मानकर मंदिर निर्माण में सहयोग करें, तो यह देश में सौहार्द और एकता की मिसाल बनेगा।
इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों को लेकर दोनों नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

स्नैचिंग गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में बदमाश घायल

मैनपुरी। स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं के बीच बिछवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों आरोपी अपाचे बाइक से वारदातों को अंजाम देते थे और कुरावली, सदर कोतवाली व बिछवां क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की घटनाओं में इनका नाम सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिछवां पुलिस ने कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध बदमाश बीलो के पास से गुजरने वाले हैं। इसके बाद थाना प्रभारी आशीष दुबे के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। देर रात सफेद अपाचे बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों ग्राम नाका की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी महेश चन्द्र भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। घायल आरोपी को पहले पीएचसी सुल्तानगंज और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार निवासी अंगदपुर थाना सकीट जनपद एटा और महेश चन्द्र निवासी सबलपुर थाना सकीट एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे बाइक, पीली धातु की टूटी चेन के दो टुकड़े और 17 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, यक्ष एप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इन बदमाशों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि हाल के दिनों में हुई तीनों स्नैचिंग की घटनाओं में यही गिरोह सक्रिय था।
पुलिस के अनुसार आरोपी रवीन्द्र पाल पर पहले से लूट, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना बिछवां पर आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

फरियादियों की समस्याएं सुनकर डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/05/2029

गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में पहुंचे फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधित मामलों, पेंशन, आवास, बिजली, जलनिकासी, सड़क तथा अन्य जनहित से जुड़ी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम दीपक मीणा ने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उनमें पारदर्शिता के साथ जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को त्वरित न्याय और राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी स्वयं पहल करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »