VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान लूटा गया सोने का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से गश्त एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 28 जून को टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से सोने का लॉकेट छीनने की घटना में शामिल दो आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के आगे आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी अंकित जोशी पुत्र मुक्तिलाल जोशी निवासी वासुपुर पौड़ियां, थाना लीलापुर ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंकित जोशी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेज दिया। वहीं उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में ले लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया। इसके अलावा एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं था। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संदीप तिवारी के नेतृत्व में महेशगंज पुलिस के साथ स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया, दिनेश सिंह, अजीत कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महेशगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल है, वहीं आम जनता ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। महिला से लूट की घटना का महज एक दिन में खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता का उदाहरण मानी जा रही है।
Posted on 29.06.2026 Monday Time 10.39 PM, Etah
एटा 29 जून उप्रससे। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम कसेला में माधवानंद इंटर कॉलेज के एक क्लर्क की हत्या कर दी गई है। शव प्रधानाचार्य की लखनऊ नंबर कार की डिग्गी से मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कसेला निवासी 35 वर्षीय राहुल पाण्डेय पुत्र रामतीर्थ पांडे का शव बरामद कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पुलिस ने प्रधानाचार्य को गिरफ्तार करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राहुल पांडेय रविवार होने के बावजूद सुबह 11 बजे कॉलेज कुछ काम से जाने के लिए घर से निकला। अपना बैग लेकर कॉलेज पहुंच गया। वहां जाने के बाद देर शाम तक राहुल घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। शाम करीब 5 बजे परिजन जब गांव में स्थित कॉलेज पहुंचे तो वहां मैदान में ही राहुल का बैग मिला, लेकिन राहुल कहीं दिखाई नहीं दिया। हैरान परेशान परिवार वालों ने जैथरा थाने में सूचना दी तो पुलिस सक्रिय हो गई। तहरीर लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। इसी बीच कासगंज अपनी कार से पहुंचने के बाद प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पांडे ने एक युवक को फोन करके बात की। इसके बाद उसी युवक ने रविवार की रात करीब 11:30 बजे 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना के तुरंत बाद जनपद कासगंज की कोतवाली पटियाली की पुलिस ने कार को बरामद कर लिया और उसकी डिग्गी से राहुल का प्लास्टिक के बोरे में बंद शव भी बरामद कर लिया। राहुल के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। कार के साथ ही पुलिस ने प्रधानाचार्य को हिरासत में ले लिया है। राहुल शादीशुदा थे और परिवार में पत्नी प्रतिभा के अलावा ढाई साल की बेटी भी है।
इसकी जानकारी जैथरा पुलिस को भी दी गई। यहां सूचना मिलने के बाद पूरी बात परिजनों को बताई गई। इस पर परिजन कासगंज के पटियाली थाने में पहुंच गए। वहां शव को सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वर्जन
जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Posted on 28.06.2026 Time 06.30 PM Sunday, CM Yogi Adityanath
हाथरस, 28 जून 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज जनपद हाथरस में ₹548 करोड़ से अधिक लागत की 143 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक व आवास की चाबी, स्मार्टफोन एवं आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान है। विकास की प्रक्रिया को निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।