Web News

www.upwebnews.com

50 करोड़ की साइबर ठगी का ‘साम्राज्य’ ध्वस्त, पुलिस की 100 ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 60 ठग गिरफ्तार

July 9, 2026

50 करोड़ की साइबर ठगी का ‘साम्राज्य’ ध्वस्त, पुलिस की 100 ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 60 ठग गिरफ्तार

Posted on 09.07.2026 Time 05.20 PM

आगरा, 09 जुलाई 2026 । आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाते हुए एक साथ 100 स्थानों पर छापेमारी की। इस व्यापक कार्रवाई में 60 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि ये आरोपी देश के 13 राज्यों में करीब 50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 16 अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि साइबर पुलिस को लगातार साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज 178 शिकायतों को चिन्हित कर उनका तकनीकी सत्यापन कराया गया। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद आगरा सर्विलांस टीम, एसओजी, साइबर पुलिस और सभी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने एक साथ 100 स्थानों पर दबिश देकर अभियान चलाया।

—-पूछताछ में खुला 50 करोड़ की साइबर ठगी का राज

छापेमारी के दौरान 60 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तर प्रदेश सहित देश के 13 राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। अब तक करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है। खास बात यह रही कि गिरफ्तार सभी आरोपी आगरा के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से साइबर अपराध कर रहे थे।

—शादी का झांसा, ऑनलाइन गेम और फर्जी वेबसाइट से लगाते थे चूना

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह लोगों को ठगने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाता था। आरोपी मेट्रिमोनियल वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी का झांसा देते थे। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग में कमाई का लालच, फर्जी बिजनेस वेबसाइट बनाकर निवेश और खरीदारी के नाम पर धोखाधड़ी, एटीएम एवं बैंकिंग फ्रॉड और फर्जी कॉल व मैसेज के जरिए लोगों से ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से रकम उड़ा लेते थे।

आगरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या वेबसाइट पर भरोसा न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल, पासवर्ड और एटीएम कार्ड की जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

July 7, 2026

रामभक्तों के नाम चंपत जी का पत्र

Champatrai General Secretary Shri Ram Janmbhumi Teerth Kshetra Trust

Posted on 07.07.2026, Time 07.47 PM , Ayodhya, Champatrai, VHP, RSS, Shri Ram Janmbhumi Teerth Kshetra Trust

अयोध्या, 07 जुलाई 2026, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपतराय ने राम भक्तों के नाम मार्मिक अपील जारी की है। उन्होंने हस्तलिखित वक्तव्य में कहा है कि वे एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद विंदुवार सभी विषयों के उत्तर देंगे। उनपर अनर्गल आरोप लगाए गए हैं। उनका प्रचारक जीवन खुली किताब रहा है।

चिट्ठी में चंपतराय जी ने लिखा है:

पिछले 6 जून 2026 से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के दानपात्र की गणना के समय की गयी चोरी के सम्बन्ध में अनेक प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं, व्यक्तिगत तौर पर मेरे ऊपर अनेकों ने अनुचित आरोप लगाए हैं। मैंने मौन धारण कर लिया है। मंदिर ट्रस्ट की धांधली को समझने हेतु SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी। यह रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो चुकी है।

यद्यपि यह परम गोपनीय थी, अब सभी को आश्वस्त करना है कि SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद फैलाये जा रहे सभी बिन्दुओं पर अपना उत्तर क्रमानुसार दूंगा, सभी सत्य सामने आ जायेगा।

मैं वर्ष अक्टूबर 1991 से अयोध्या में भेजा गया संगठन द्वारा, मेरा प्रचारक जीवन 45 वर्ष से, जहाँ-जहाँ मैं रहा खुली पुस्तक के समान है। सभी को आदर पूर्वक नमन।

— चंपत राय

July 6, 2026

अयोध्या में भगवान की मूर्ति भी चोरी हो चुकी है: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

Posted on 06.07.2026 Time 09.48 PM Monday, Sitapur

आलोक कुमार बाजपेयी, सीतापुर

शंकराचार्य अविविक्‍तेश्‍वारानन्‍द सरस्‍वती अपनी गोरक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा पर पहॅुचे मिश्रिख

सीतापुर, 06 जुलाई 2026, (उप्र समाचार सेवा)।शंकराचार्य अविविक्‍तेश्‍वारानन्‍द सरस्‍वती अपनी गोरक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा पर दोपहर महर्षि दधीच की तपस्‍थली मिश्रिख व सांयकाल महोली पहॅुचकर जनता को सम्‍बोधित किया तथा मीडिया के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। मिश्रिख पहॅुचने पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं पूर्व कारागार मंत्री रामपाल राजवंशी समेत सपा कार्यकर्ताओं ने काफी गर्मजोशी से उनका स्‍वागत किया। शंकराचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज सरकार गो रक्षा की बात कहकर जनता को गुमराह कर रही है लेकिन गाय को माता का नाम नहीं दे पा रही है। उन्‍होनें कहा कि यह यात्रा उत्‍तर प्रदेश की सभी 403 विधान सभा क्षेत्रों में लेकर जाने की योजना है। जिसमें से लगभग 300 सीटों की यात्रा पूरी करते हुए आज मिश्रिख पहॅुचे हैं, इसके पश्‍चात आज शाम को महोली भी जायेंगें। उन्‍होनें मीडिया को बताया कि हमें प्रत्‍येक विधान सभा के मतदाता पूर्ण सहयोग देने की बात बोली है। उन्‍होनें यह भी मीडिया को बताया कि आज भी हमारें बच्‍चों को Cow is animal. ही पढाया जाता है। क्‍या अंग्रेजो की भाषा को आज भी स्‍थान दिया जाना न्‍यायोचित है। उन्‍होनें अयोध्‍या में राम मंदिर चढावा चोरी के मामले कहा कि वहां हर प्रकार की चोरी हो रही है। यह चोरी नहीं बल्‍कि डकैती है। उन्‍होनें कहा कि मेरी मॉग है कि पारदर्शी जॉच कर दोषियों के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाये, लेकिन हमें ऐसी उम्‍मीद नहीं है चॅूकि जॉच करने वाले व अपराध करने वाले एक ही सत्‍ता के आधीन हैं। ऐसे में उचित व न्‍यायसंगत कार्यवाही होना सम्‍भव ही नहीं है और इस समय चढावे चोरी की क्‍या बात करें, पूर्व में दो बार तो भगवान राम जी मूर्ति की भी चोरी की जा चुकी है। ये भगवान की ही इच्‍छा थी कि चोरी का भंडाफोड हो गया।

………………………………………………………………………………………………………………..

UP Cabinet: जलालाबाद का नाम अब परशुरामपुर

CM YOGI ADITYANATH

योगी कैबिनेट के बड़े फैसले

यूपी कैबिनेट में सोमवार को 28 प्रस्ताव पास किए गए।

लखनऊ 06 जूलाई 2026, कैबिनेट ने शाहजहांपुर के जलालाबाद का परिवर्तित करके परशुरामपुर करने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने स्टार्टअप मिशन डायरेक्टरेट की स्थापना का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने यूपी स्टार्टअप नीति और डेटा सेंटर पॉलिसी को भी मंजूर कर लिया है।

पशुपालकों के लिए पशुधन बीमा योजना को मंजूरी दी गई है। यह 75 जिलों में लागू होगा। राज्यांश 85 प्रतिशत होगा जबकि किसानों को 15 प्रतिशत बीमा के दौरान देना होगा।

गोरखपुर, मुरादाबाद में श्रमिकों के लिए 100-100 बेड का अस्प्ताल बनेगा। बनारस में ईएसआईसी द्वारा मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। कैबिनेट ने इसके लिए निशुल्क जमीन आवंटन की मंजूरी दी।

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों की सीधी भर्ती नियमावली-2022 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार सीधे नियुक्त करेगी। यूपी में तीन प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को भी खोलने की मंजूरी मिल गई है।

कानपुर के बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय की स्थापना होगी.

गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

रायबरेली में उद्यान महाविद्यालय और रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर जमीन आवंटन की मंजूरी दी गई है। सरकार इसकी स्थापना के लिए 50 करोड़ की धनराशि आवंटित करने का निर्णय लिया।

श्रीराम मंदिर: ट्रस्ट ने जारी किया आय व्यय का ब्यौरा

Ayodhya News Posted on 06.07.2026 Time 08.58 PM

अयोध्या, 06 जूलाई 2026, राम मंदिर परिसर में चढ़ावा गिनती के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को कई बड़े फैसले लिए। महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के नैतिक आधार पर दिए गए इस्तीफे स्वीकार करने की पुष्टि की। साथ ही नए महासचिव की नियुक्ति तक ट्रस्टी एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया है।

*8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई, दोषियों को मिले कड़ी सजा*

ट्रस्ट ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। जिनके खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले, उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया और गिरफ्तारियां भी की गई हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।

*प्रबंधन की कमियां दूर करने पर रहेगा जोर*

ट्रस्ट ने माना कि केवल दोषियों को सजा दिलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मंदिर की व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, मजबूत और पारदर्शी बनाना भी जरूरी है। इसलिए एसआईटी से प्रबंधन और संचालन में सुधार संबंधी सुझाव भी मांगे गए हैं। इसके अलावा स्वतंत्र विशेषज्ञों से भी सलाह ली जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

*नए CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति*

बैठक में ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। इसमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल होंगे। यह समिति ट्रस्ट को योग्य उम्मीदवारों के नाम सुझाएगी।

*सार्वजनिक आरोप नहीं, जांच एजेंसियों को दें सबूत*

ट्रस्ट ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति, संस्था या पत्रकार के पास मंदिर से जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अनियमितता के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर आरोप लगाने के बजाय एसआईटी या संबंधित जांच एजेंसी को सौंपा जाए। ट्रस्ट का कहना है कि जांच एजेंसियां साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करेंगी।

*भ्रामक आरोपों से आस्था प्रभावित नहीं हुई: ट्रस्ट*

प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने कहा कि कुछ लोग इस घटना का उपयोग श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हिंदू समाज की छवि को धूमिल करने के लिए कर रहे हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या पहले की तरह लगातार बनी हुई है, जो करोड़ों रामभक्तों के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

*दान और खर्च का भी दिया पूरा हिसाब*

ट्रस्ट ने अपनी वित्तीय स्थिति का भी विवरण सार्वजनिक किया। बताया गया कि निधि समर्पण अभियान और कॉर्पस दान से प्राप्त 3,246 करोड़ रुपये में से 2,380 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण और अन्य पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।

वहीं 31 मार्च 2026 तक राम मंदिर को कुल 482 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ, जिसमें से 321 करोड़ रुपये संचालन और व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष राशि बैंक खातों में सुरक्षित है।

*दान की हर वस्तु का रिकॉर्ड सुरक्षित*

ट्रस्ट ने बताया कि नकद के अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दी गई सभी वस्तुओं का रजिस्टर में पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है और हर वर्ष स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंट से उनका सत्यापन कराया जाता है। चांदी की वस्तुओं को भारत सरकार की टकसाल में गलवाकर चांदी की छड़ों में परिवर्तित किया गया है, जिसके प्रमाण और रिकॉर्ड भी ट्रस्ट के पास सुरक्षित हैं। श्रद्धालु चाहें तो अपनी भेंट का सत्यापन भी ट्रस्ट से कर सकते हैं।

इस प्रकार ट्रस्ट ने एक ओर चढ़ावा अनियमितता मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा भी की है।

« Newer PostsOlder Posts »