ज्वेलर्स के घर से 7.05 किलो सोना और 11 लाख रुपये बरामद, दो महिलाएं भी वारदात में शामिल
मथुरा। कोसीकलां में ज्वेलर्स के मकान से करीब 12 करोड़ रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो पुरुषों और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.05 किलोग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल गैस कटर, वायर कटर, झोला और अन्य सामान भी बरामद किया है।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक एसके भगत, उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने प्रेसवार्ता कर चोरी के खुलासे की जानकारी दी।
रात में दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच कोसीकलां क्षेत्र में ज्वेलर्स के मकान को निशाना बनाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कीं।
सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
15 सितंबर को दोपहर करीब 12:59 बजे पुलिस टीम ने गोपालबाग क्षेत्र से विष्णु उर्फ पप्पू सोनी (27) और मोहन सोनी (22) को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो महिला सह-अभियुक्तों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सोना और नकदी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में 7.05 किलो सोना, 11 लाख रुपये नकद, डीवीआर, लॉकर की चाबी, घटना के समय पहने गए कपड़े, झोला, गैस कटर और वायर कटर शामिल हैं।
एसओजी-सर्विलांस समेत कई टीमें लगी थीं
घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने काम किया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में मु0अ0सं0 619/2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एएसटीएफ आगरा इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश यादव, क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा समेत कोसीकलां और आसपास के थानों की पुलिस टीमें शामिल रहीं।
