Web News

www.upwebnews.com

Ballia गंगा का पानी उदई छपरा के दलित बस्ती में पहुंचा, 90 घर प्रभावित

August 21, 2026

Ballia गंगा का पानी उदई छपरा के दलित बस्ती में पहुंचा, 90 घर प्रभावित

दुबे छपरा । गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच शुक्रवार सुबह बाढ़ का पानी धीरे-धीरे रिसाव करते हुए उदई छपरा के दलित बस्ती में फैलना शुरू हो गया। देखते ही देखते करीब 90 घरों के आसपास पानी पहुंच गया। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बाढ़ के पानी की सूचना मिलते ही बैरिया तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार और नायब तहसीलदार अनिल यादव उदई छपरा पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए घरों के आसपास पहुंच रहे पानी की स्थिति देखी। तहसीलदार ने मौके पर मौजूद लेखपाल को प्रभावित परिवारों की सूची तत्काल तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
इसके बाद अधिकारियों ने घाट के पास चल रहे कटानरोधी कार्य का भी निरीक्षण किया। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि बाढ़ प्राकृतिक आपदा है, इसे पूरी तरह रोकना संभव नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी व्यक्ति के जान-माल को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए प्रशासन की ओर से हर स्तर पर तैयारी की गई है।
लगातार पांचवें दिन बढ़ा गंगा का जलस्तर
उधर, गंगा नदी के जलस्तर में लगातार पांचवें दिन भी बढ़ोतरी जारी रही। केंद्रीय जल आयोग के गायघाट गेज के अनुसार शुक्रवार शाम चार बजे गंगा का जलस्तर 58.430 मीटर दर्ज किया गया। नदी खतरा बिंदु 57.615 मीटर को पार कर चुकी है और अब मीडियम फ्लड लेवल 58.615 मीटर की ओर तेजी से बढ़ रही है। जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
गंगा की लहरों और लगातार बढ़ते पानी को लेकर दुबेछपरा, गोपालपुर, उदई छपरा, सुघरछपरा, रामगढ़, प्रसाद छपरा, बुधनचक, पांडेपुर, टेगरही और टीएस बंधे तक के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीण लगातार नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ का खतरा बरकरार रहने से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

खतौली में ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

मुजफ्फरनगर के खतौली में बड़ा बाजार स्थित आरोही ज्वेलर्स की दुकान में चोर ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक के खाना खाने जाने के दौरान आरोपी ने गल्ले का ताला तोड़कर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करने में जुटी है।

लखीमपुर खीरी में जंगली जानवर का आतंक, घास काटने गए व्यक्ति पर हमला, हालत गंभीर

(एपी सिंह उप्र समाचार सेवा)
लखीमपुर खीरी: पसगवां थाना क्षेत्र की बरवर चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम ककराही में जंगली जानवर के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।मिली जानकारी के अनुसार, ककराही निवासी शिवकरन अपने पिता केपी कुमार के साथ राजेश वर्मा के खेत में घास काटने गए थे। औरंगाबाद खीरी मार्ग पर स्थित गलरई भट्ठे के पास अचानक एक अज्ञात जंगली जानवर ने शिवकरन पर जानलेवा हमला कर दिया। पिता के शोर मचाने पर जानवर वहां से भागा, लेकिन तब तक शिवकरन बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। घायल शिवकरन को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से ककराही और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।घटना लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र की हैं। यहाँ के ग्राम ककराही के रहने वाले शिवकरन अपने पिता केपी कुमार के साथ राजेश वर्मा के खेत में घास काटने गए थे। तभी गलरई भट्ठे के पास घात लगाकर बैठे जंगली जानवर ने शिवकरन को अपना शिकार बना लिया। शिवकरन के चिल्लाने पर पास मौजूद पिता ने शोर मचाया, जिसके बाद जानवर जंगल की तरफ भाग निकला। आनन-फानन में घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी पहुँचाया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में वन विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी और डर का माहौल है।”

मुरादाबाद में बारिश का असर, नदियों का जलस्तर बढ़ा

मुरादाबाद, 21 अगस्त 2026,  जिले में बारिश का असर दिखाई दे रहा है। पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुरादाबाद में ठेला नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंचा हुआ है।

नदी का पानी ओवरफ्लो होकर भोजपुर थाना क्षेत्र के खादर इलाके में घुस गया है, स्थानीय लोगों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। आदमपुर, रुस्तमपुर, तिगरी, लालूवाला, इस्लामनगर, खईय्या खादर और सिहाली शाहपुर समेत एक दर्जन से अधिक गांव पानी से घिरे हुए हैं।

खेतों में बाढ़ का पानी भर जाने से किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं। बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। शाहपुर से इस्लामनगर होते हुए मुरादाबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर काफियाबाद के पास दमदमा की पुलिया पर पानी का स्तर बढ़ा हुआ है, रास्ता बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

घरों और खेतों तक पानी पहुंचने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

August 20, 2026

Jaunpur प्राइवेट बस की टक्कर से पलटी स्कूल वैन, 7 बच्चे घायल

ACCIDENT

जाौनपुर, 20 अगसt 2026 । मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। वैन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में साइड मार दी। तेज टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज भेजा गया।

घायलों में आदित्य यादव (11) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, थाना पवारा, सिद्धार्थ यादव (10) पुत्र राजेश यादव निवासी जखनियां, प्रभाष यादव (12) पुत्र प्रदीप यादव निवासी माडवादोडक, अनिरुद्ध यादव (10) पुत्र अजय यादव निवासी माडवादोडक, आर्यन यादव (10) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, आकाश तिवारी (10) पुत्र हृदय तिवारी निवासी जखनियां और शिवम तिवारी (8) पुत्र राकेश तिवारी निवासी जखनियां शामिल हैं।

सीएचसी सुजानगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और अपने-अपने बच्चों का हाल जाना।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीन बच्चों की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल लाया गया है,तीनों की हालत ख़तरे से बाहर है।

« Newer PostsOlder Posts »