Web News

www.upwebnews.com

बारात में कहासुनी के बाद दो पक्षों में पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

May 22, 2026

बारात में कहासुनी के बाद दो पक्षों में पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में बुधवार को एक बारात के दौरान हुई कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार बारात के दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पास स्थित एक दुकान संचालक से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दुकान में तोड़फोड़ की घटना हुई और बाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर शांति व्यवस्था स्थापित की। पुलिस की तत्परता से शादी समारोह को सकुशल संपन्न कराया गया।
घटनाक्रम में दुकानदार पक्ष की एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला घायल हो गईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है तथा चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। साथ ही पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मौके से कई सीसीटीवी फुटेज एवं मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो पुलिस को प्राप्त हुए हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में एकत्र कर विवेचना में शामिल किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तीनों विवेचनाएं क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी

सीतापुर: खाई में गिरी बस दो की मौत, चार गम्भीर

Posted: 22-05-2026

Time: 8:30 pm

Sitapur- Alok Kumar Bajpai

सीतापुर(उप्र समाचार सेवा)। विकास खंड गोंदलामऊ के बरगदिया गांव के समीप प्राइवेट बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिस कारण प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी। मौके पर जिलाधिकारी सीतापुर डा0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल तत्काल घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।  जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल समुचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना में 02 लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा एवं 03 घायलों को जिला अस्पताल सीतापुर भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल 01 व्यक्ति को बेहतर उपचार हेतु तत्काल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा सीएचसी मछरेहटा एवं जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की गई तथा चिकित्सकों को सभी घायलों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

गोरखपुर: गोर्रा नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, शव बरामद

Posted on 22/05/2026
Time 19:15 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर | 22 मई, 2026 ( उप्र समाचार सेवा)
​गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में स्थित गोर्रा नदी में नहाने गए एक 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम ने अथक प्रयासों के बाद आज किशोर का शव बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के कठोर निवासी अंश मौर्या (16 वर्ष), जो दिनेश मौर्या का पुत्र था, बीते गुरुवार (21 मई) को अपने पांच मित्रों के साथ घूमने निकला था। इस दौरान सभी मित्र झंगहा थाना क्षेत्र के चकदेइया के पास गोर्रा नदी में नहाने के लिए उतरे। नहाते समय अचानक अंश गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए मित्रों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस सक्रिय हो गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई और SDRF की टीम को भी तलाश कार्य में लगाया गया। लगातार खोजबीन के बाद आज (22 मई) सुबह चकदेइया के पास नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया गया।

इस मामले पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (चौरी चौरा) ने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आगे बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वर्तमान में घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।
​इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने युवाओं और बच्चों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और नदी-नालों के गहरे पानी में नहाने से बचें।

घर में डकैती डलवाने वाली अरीबा की कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल

जिला जज की कोर्ट में अर्जी प्रस्तुत, 27 मई को सुनवाई
नागफनी में अकबर कंपाउड में पीतल कारोबारी इमरान के घर पड़ी थी सवा करोड़ की डकैती

Post on 22.5.26
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia Time 3.20 pm
मुरादाबाद,उप्र समाचार सेवा

प्रेमी के साथ् मिलकर घर में डकैती डलवाने वाली कारोबारी की बेटी अरीबा की जमानत अर्जी प्रस्तुत की गई।शुक्रवार को जिला जज की कोर्ट में पेश अर्जी पर सुनवाई के लिए 27 मई निर्धारित की गई है।
11 मई को पीतल कारोबारी इमरान के घर सवा करोड़ रुपये की डकैती की वारदात हुई। नागफनी के बंगला गांव में अकबर कंपाउड में इस डकैती में और कोई नही कारोबारी की बेटी अरीबा का हाथ आया।अरीबा ने प्रेमी के साथ मिलकर घर में डिजिटल लॉक खोल दिया।बदमाश घर में रखा सवा करोड़ कैश,छह तोले सोना आदि लेकर फरार हो गए। करीब तीन दिन की कोशिशों के बाद पुलिस टीम ने इस केस का खुलासा किया। बेटी अरीबा, प्रेमी अरशद समेत पांच आरेापी पकड़े गए।एक दिन बाद रविवार को पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ़तार किया।पुलिस ने डकैती कांड में कुल 70.25 लाख रुपये से अधिक की बरामद किए। जबकि आठ लोगों को धरा गया।
डकैती कांड मेंआरोपी कारोबारी की बेटी अरीबा की जमानत के लिए शुक्रवार को जमानत अर्जी दाखिल की गई।बचाव पक्ष के अधिवक्ता की ओर से प्रस्तुत जमानत अर्जी पर जिला जज कोर्ट में सुनवाई के लिए 27 मई निर्धारित की है।

सपना चौधरी केस- बहस पूरी,अदालत में फैसला सुरक्षित

Post on 22.5.26
Friday,Moradabad
Rajesh Bhatia,Time 6.15 pm

मुरादाबाद,उप्र समाचार सेवा।

मुरादाबाद में रेलवे स्टेडियम में हरियाणा डांसर सपना चौधरी केस की सुनवाई पूरी हो गई। सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया। मामला सात साल पुराना है। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को निर्धारित की गई है।
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी से जुड़ा मामला 2019 का है।
रेलवे स्टेडियम में एक कार्यक्रम में सपना चौधरी के अश्लील डांस को लेकर भारी भीड़ जुट गई।भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
मामले को लेकर लाइनपार निवासी रामेश्वर दयाल तुरैहा ने अदालत की शरण ली।घटना को देखते हुए रामेश्वर दयाल ने अश्लील डांस व लाठीचार्ज के विरोध में एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया।कार्रवाई न होने पर उन्होंने अपने अधिवक्ता वैभव अग्रवाल के जरिए सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया।केस की सुनवाई अभी एसीजेएम कोर्ट-5 में चल रही है।
बुधवार को अंतिम बहस पूरी हो गई। अधिवक्ता वैभव अग्रवाल का कहना है कि इस केस में आज सुनवाई पूरी हो गई। बुधवार को अदालत ने पत्रावली आदेश के लिए सुरक्षित रख लिया।अब एसीजेएम कोर्ट में 17 जून को मामले की सुनवाई के लिए निर्धारित की गई है।

« Newer PostsOlder Posts »