Web News

www.upwebnews.com

समीपुर पीएचसी के नोडल अफसर डॉक्टर का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल

May 29, 2026

समीपुर पीएचसी के नोडल अफसर डॉक्टर का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल

UP Web News

Posted on 29.05.2026 Time 04.05 PM

बिजनौर , 29 मई 2026, स्वास्थ्य विभाग में ‘सेवा’ के नाम पर मेवा’ खाने की चर्चाएं तो आपने बहुत सुनी होंगी, लेकिन बिजनौर के नजीबाबाद से जो खबर सामने आई है, उसने महकमे की साख को तार-तार कर दिया है। समीपुर स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात नोडल अफसर डॉ. प्रमोद देशवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें साहब सरेआम एक झोलाछाप डॉक्टर से ‘सुविधा शुल्क’ (रिश्वत) की डील करते और पैसे लेते हुए कैद हो गए हैं।​

वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि साहब बड़ी बेबाकी से कह रहे हैं— “तेरे पास मुझे तीन-तीन चक्कर लगाने पड़ते हैं।” मतलब साफ है, साहब का यह ‘चक्कर’ कोई इलाज के लिए नहीं, बल्कि अपनी जेब गर्म करने के लिए था। 5 हजार रुपये की यह रकम रिश्वत की है या ‘हफ्ता-वसूली’, यह तो जाँच का विषय है, लेकिन जिस तरह से एक जिम्मेदार अफसर एक झोलाछाप डॉक्टर के साथ पैसे का लेन-देन कर रहा है, वह सिस्टम के मुंह पर एक बड़ा तमाचा है।
​​जब वीडियो वायरल हुआ और मामला तूल पकड़ा, तो आरोपी डॉक्टर प्रमोद देशवाल ने अपना बचाव करते हुए बड़ा ही दिलचस्प तर्क दिया। साहब का कहना है कि उन्होंने तो बस अपना ‘उधार’ दिया हुआ पैसा वापस लिया था।
उन्होंने इसे अपने खिलाफ एक ‘गहरी साजिश’ करार दिया है। अब सवाल यह उठता है कि क्या सरकारी अस्पताल के नोडल अफसर का काम अस्पताल में बैठकर अपना ‘उधार’ वसूलना है
इस पूरे ‘घूसकांड’ ने प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं। बिजनौर की डीएम जसजीत कौर ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने तुरंत जाँच के आदेश दे दिए हैं। अब देखना यह है कि जाँच की आंच में कौन-कौन झुलसता है और क्या डॉक्टर साहब की ‘उधार वाली दलील’ जाँच टीम को हजम होती है या नहीं।
सवाल यह उठता है कि अगर एक नोडल अफसर खुद झोलाछाप डॉक्टरों से ऐसे डील करेगा, तो आम जनता के स्वास्थ्य की रक्षा कौन करेगा? क्या ये महज एक इत्तेफाक है या बिजनौर स्वास्थ्य विभाग के अंदर पनप रहे एक बड़े भ्रष्टाचार का छोटा सा हिस्सा है।

शाकुंभरी खोल में आई अचानक बाढ़, दर्जनों वाहन बहे, दुकानें क्षतिग्रस्त

Posted on 29.05.2026 Friday, Time 03.51 PM, Shakumbari Devi Mandir, Sharanpur

बेहट(सहारनपुर), 29 मई 2026, तहसील बेहट क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को शाकंभरी खोल (नदी) में अचानक बाढ़ आ गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के चलते श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों ने भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि तेज बहाव में ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइकें, क्रेन व जेनरेटर सहित दर्जनों वाहन बह गए। वहीं मंदिर परिसर में लगी कई दुकानें भी बाढ़ की चपेट में आ गईं। हादसे मे दो श्रद्धालुओं के बहने से मौत की भी अपुष्ट सूचना है.!

जानकारी मिलते ही एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्ज़ापुर सूबे सिंह, इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र कुमार दीखित सहित पुलिस व प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।

काशी,दुर्गियाना ट्रेनों से बरामद अनाधिकृत पानी 43 पेटियां जब्त

-मुरादाबाद स्टेशन पर चला ट्रेनों में बेटिकट चेकिंग अभियान
गन्दगी फैलाने वालों पर भी कार्यवाही

Post on 28.5.26
Thursday Moradabad
Rajesh Bhatia,Time 9.00 pm
मुरादाबाद, उप्र समाचार सेवा
गर्मी के सीजन में बढ़ी भीड़
को देखते हुए यात्री सुविधा के लिए गुरुवार को डीआरएम के निर्देश पर व्यापक अभियान चलाया गया।ट्रेनों में चेकिंग से लेकर प्लेटफॉर्म,स्टेशन परिसर में अभियान चला।अभियान के दौरान ट्रेनों में अवैध रूप से लाया जा रहा अनाधिकृत पानी की 43 पेटियां(कार्टन)को बरामद किया गया।हालांकि इस बीच पाकर मौके से वेंडर फरार हो गया। पानी की पेटियों को जब्त कर लिया गया।
गुरुवार को डीआरएम विनीता श्रीवास्तव के निर्देश पर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया।सीनियर डीसीएम महेश यादव के निर्देश पर एसीएम एचएस मीना,टिकट चेकिंग स्टाफ ने मुरादाबाद में कई ट्रेनों को खंगाला। इस दौरान पहुंची काशी विश्वनाथ 15128 व दुर्गियाना एक्सप्रेस 12358 में अनाधिकृत पानी की पेटियों के ढेर लगे थे।दोनों गाड़ियों में कोचों के दरवाजे पर पानी के कार्टन,बोतलें होने से आवाजाही भी तंग हो रही थी। पानी का‌ वेंडर के सामने न आने से रेलवे ने सारी पेटियां उतरवा लीं और 43 पेटियों को जब्त कर लिया।
इसके अलावा टिकट चेकिंग टीम ने अभियान के दौरान ट्रेनों में सघन चेकिंग की।चेकिंग में बेटिकट 12 यात्रियों को पकड़ा। इनसे किराया व जुर्माना समेत
5870 रुपये,36 अनियमित यात्रियों से 21,230 रुपए वसूले
गए। स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने पर दस यात्रियों पर 3500 रुपए जुर्माना लगाया गया। अभियान में रेलवे ने कुल तीस हजार 600 रुपए का राजस्व मिला।

May 28, 2026

मथुरा – महोली में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में पथराव और फायरिंग, कई घायल 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मथुरा।थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 59 के महोली गांव में गुरुवार को चुनावी रंजिश और पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। अधिक मास परिक्रमा मार्ग पर प्याऊ लगाने और प्रसाद वितरण को लेकर पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह और स्थानीय निवासी चंद्रपाल के पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।
करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से पथराव होता रहा। इसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया जिसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी और पथराव से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई, 18 सीनियर छात्र सस्पेंड, लगा भारी जुर्माना

Posted on 28/05/2026
Time 19:25 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर: 28 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 2025 बैच के जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने के आरोप में कॉलेज प्रशासन ने 18 सीनियर छात्रों को एक महीने के लिए निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है और उन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

​शिकायत के अनुसार, 12 से 14 मई की रात राजेंद्र हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़ित छात्रों ने आरोप लगाया कि सीनियर छात्र अक्सर हॉस्टल में आकर उन्हें घंटों तक जबरन खड़ा रखते हैं, उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और उन्हें डराते-धमकाते हैं।

​यह गंभीर मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़ित छात्रों ने नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) और यूजीसी (UGC) को ईमेल के जरिए लिखित शिकायत भेजी। ईमेल में रैगिंग करने वाले 18 छात्रों के नाम स्पष्ट रूप से दर्ज थे। इस शिकायत के बाद NMC ने कॉलेज प्रशासन को तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

NMC के सख्त निर्देशों के बाद प्रिंसिपल डॉ. रामकुमार जायसवाल की अध्यक्षता में एंटी-रैगिंग कमेटी की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई। घटना की पुष्टि होने और पूछताछ के बाद प्रशासन ने दोषी पाए गए 18 सीनियर छात्रों को एक महीने के लिए कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया। इनमें 2024 बैच के 10 छात्र, तथा 2023 और 2022 बैच के छात्र शामिल हैं। प्रत्येक दोषी छात्र पर 25,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसी मामले में सीनियरों का साथ देने वाले 5 अन्य छात्रों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। वहीं, दो रेजिडेंट छात्राओं को चेतावनी नोटिस (Warning Notice) जारी किया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने सभी आरोपी छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें सख्त हिदायत दी है और चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
​बीआरडी मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि संस्थान में रैगिंग के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और छात्रों के अनुशासन व सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ​

« Newer PostsOlder Posts »