Web News

www.upwebnews.com

भाषण के दौरान भावुक हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, मंच पर छलके आंसू

March 22, 2026

भाषण के दौरान भावुक हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, मंच पर छलके आंसू

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
22/03/2026

*गोरखपुर में निषाद पार्टी की महारैली*

गोरखपुर। महंत दिग्विजय नाथ पार्क में आयोजित निषाद पार्टी की विशाल महारैली उस समय भावुक क्षणों की गवाह बन गई, जब उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद अपने संबोधन के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े। आरक्षण की मांग को लेकर आयोजित इस रैली में गोरखपुर सहित आसपास के कई जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और समाज के लोग जुटे, जिससे पूरा मैदान जनसैलाब में तब्दील नजर आया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले डॉ. निषाद ने बाइक रैली के जरिए शहर में शक्ति प्रदर्शन किया। उनके काफिले का जगह-जगह स्वागत हुआ। जैसे ही वे महंत दिग्विजय नाथ पार्क पहुंचे, मंच तक बने विशेष रैंप पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका भव्य अभिनंदन किया। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए समर्थक लगातार नारेबाजी करते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण बना रहा।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने सबसे पहले भारी भीड़ के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह भीड़ किसी प्रकार से जुटाई गई नहीं है, बल्कि यह संघर्ष और हक की लड़ाई लड़ने वाले लोगों की ताकत है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब अपने अधिकारों के लिए जाग चुका है और आने वाले समय में पूरे प्रदेश में इसी तरह का जनसैलाब खड़ा किया जाएगा।
अपने भाषण के दौरान जैसे ही उन्होंने निषाद समाज के साथ हुए ऐतिहासिक अन्याय और उपेक्षा का जिक्र किया, वे भावुक हो गए। उनकी आवाज भर्रा गई और आंखों से आंसू बहने लगे। उन्होंने कहा, “हमारे लोगों के साथ वर्षों से अन्याय हुआ है, हमें हमारे अधिकारों से वंचित रखा गया है। लेकिन अब यह अन्याय ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा।” इस दौरान मंच पर मौजूद नेता और नीचे खड़े कार्यकर्ता भी भावुक नजर आए।
डॉ. निषाद ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियों ने दशकों तक निषाद समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन उनके उत्थान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि जब भी वे विधानसभा या अन्य मंचों पर समाज के मुद्दे उठाते हैं, तो उसका प्रभाव दिखता है और सरकार स्तर पर चर्चा होती है।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का विषय है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, तब किसी ने विरोध नहीं किया, लेकिन निषाद समाज की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि अब समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज बुलंद करेगा।
सभा में उन्होंने यह भी बताया कि निषाद पार्टी के पास वर्तमान में 11 विधायक हैं, जो विधानसभा में समाज के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
डॉ. निषाद ने अपने संबोधन में समाज के युवाओं और बच्चों के भविष्य पर भी चिंता जताई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। साथ ही उन्होंने अपनी लिखी पुस्तकों और आरक्षण से जुड़े विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही, ताकि समाज अपने अधिकारों के प्रति और अधिक जागरूक हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने एक बार फिर कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि निषाद समाज अपनी ताकत पहचान कर अपने हक के लिए निर्णायक लड़ाई लड़े। महारैली में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह संकेत दे रहा था कि आने वाले समय में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और अधिक प्रमुखता से उठ सकता है।

हिन्दू नववर्ष पर सांस्कृतिक उत्सव एवं भरत मुनि सम्मान समारोह आयोजित  

Posted on 22.03.2026 Time 09.18 PM

गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा व पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर का स्वागत करते आयोजक

हाथरस। संस्कार भारती के तत्वावधान में विनोद विहार कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर हिन्दू नववर्ष संवत्सर 2083 उत्सव एवं भरत मुनि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह रामकिशन जी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरपालिकाध्यक्ष हाथरस श्वेता दिवाकर एवं विशिष्ट अतिथि आरएसएस के जिला प्रचारक जयकिशोर जी एवं गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा जी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यवाह रामकिशन जी, जिला प्रचारक जयकिशोर जी, पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर, तुलसी दीदी के नाम से विख्यात समाजसेवी अलका वार्ष्णेय, जेल विजिटर अनु विमल एवं आशुकवि अनिल बौहरे ने मां सरस्वती के छवि चित्र पर पुष्पांजलि कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगरपालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर ने कहा कि  आज के दौड़ते-भागते जीवन में बच्चों को उनके संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्कार ही वह आधारशिला हैं, जिन पर एक सशक्त परिवार और समाज का निर्माण होता है। बिना संस्कारों के बच्चे दिशाहीन हो जाते हैं, उन्हें न तो अपनी संस्कृति का ज्ञान रहता है और न ही जीवन के मूल्यों की पहचान।  गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा ने कहा कि  आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता यह है कि हम अपने बेटों को उत्तम संस्कार दें। उन्होंने कहा कि जब बेटे संस्कारवान होंगे, तभी बेटियों के लिए एक भयविहीन और सम्मानजनक समाज का निर्माण हो सकेगा। उन्होंने कहा कि संस्कार ही व्यक्ति को नर से नारायण बनाने की राह दिखाते हैं और परिवार में यदि माता-पिता स्वयं संस्कारों के प्रति जागरूक हों, तो बच्चे स्वतः ही उस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।  इस मौके पर काव्यगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालकवि पुनीत उपाध्याय ने ‘तान कर सीना तिरंगा लग रहा आसमान से, भारत हमारा वतन है मुझे प्यार हिंदुस्तान से’, आशुकवि अनिल बौहरे ने ‘जूता चरित्र में महान है, जन्म से मृत्यु तक दांये पाँव का जूता दांये का तथा बांये पाँव का जूता बांये का रहता है’, कोषाध्यक्ष श्याम बाबू चिंतन ने ‘ऐसो दूजो देवता देखौ नाहीं तात, बिन मांगे इक माँ दुआ देती है दिन रात’, प्रभुदयाल दीक्षित ने ‘नारी लक्ष्मी,सरस्वती,नारी दुर्गा शक्ति, नारी पूजा साधना, नारी श्रद्धा भक्ति’, संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने ‘विजय पर्व है विक्रम का यह वीर भोग्या वसुंधरा’ कवितायें सुनाईं। इस मौके पर पंडित हाथरसी, पूरन सागर ने भी काव्य पाठ किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में जिला महामंत्री एआर शर्मा एवं संगठन मंत्री मधुलता शर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा नेत्री सुनीता मिश्रा, विधा संयोजक सुनीता उपाध्याय, रेनू जैन, समाजसेवी बीके शर्मा, दीप्ति वार्ष्णेय, अजय गौड़, किशन उपाध्याय, जीवन लाल शर्मा, मुकेश शर्मा, कल्पना गुप्ता आदि उपस्थित थे।

सीएम योगी ने 1228 नर्सिंग ऑफिसर को नियुक्ति पत्र बांटे

Posted on 22.03.2026 Time 09.12 PM Sunday, By Uttar Pradesh Samachar Sewa

लखनऊ : 22 मार्च, 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नर्सिंग, सेवा एवं संवेदना का कार्य है। नर्सिंग प्रोफेशनल्स की सेवा और संवेदना जब मरीज की सहयोगी बनती है, तो इसके अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं। नर्सिंग एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें डिग्री प्राप्त करने वाले योग्य विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत प्लेसमेण्ट की गारण्टी दी जा सकती है। आज भारत के नर्सिंग प्रोफेशनल्स की मांग देश के साथ-साथ जापान, दक्षिण कोरिया तथा यूरोप के विभिन्न देशों सहित पूरी दुनिया में हो रही है।
मुख्यमंत्री आज यहां ‘मिशन रोजगार’ के अन्तर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयनित 1,228 नर्सिंग अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कुछ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनसे संवाद किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने स्वास्थ्य सम्बन्धी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। इनमें 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष सम्मिलित हैं। इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के साथ ही, सफल अभ्यर्थियों को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अन्तर्गत गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज कानपुर, जे0के0 कैंसर इंस्टीट्यूट कानपुर, एल0पी0एस0 इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एण्ड कार्डियक सर्जरी कानपुर, एम0एल0एन0 मेडिकल कॉलेज प्रयागराज, डॉ0 भीमराव रामजी आंबेडकर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय कन्नौज तथा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, आजमगढ़, बांदा, बदायूं, जालौन, सहारनपुर, मेरठ, आगरा, झांसी में भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले सरकारी तथा निजी क्षेत्र को मिलाकर प्रदेश में कुल 40 मेडिकल कॉलेज थे, जिनमें केवल 17 गवर्नमेण्ट मेडिकल कॉलेज थे। निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों की संख्या अधिक थी। विगत 09 वर्षों में राज्य में सरकारी व निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों की कुल संख्या 81 हो गयी है, जिसमें सरकारी क्षेत्र में स्थापित मेडिकल कॉलेजों की संख्या निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों से अधिक है। प्रदेश सरकार ‘एक जनपद, एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में आगे बढ़ी है। हमारा प्रयास है कि हर जनपद में एक नर्सिंग कॉलेज हो।
गोरखपुर तथा रायबरेली में एम्स स्थापित हो चुके हैं। जनपद महराजगंज, सम्भल तथा शामली में पी0पी0पी0 मोड पर मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। यह मेडिकल कॉलेज केवल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर आधारित नहीं हैं, बल्कि वह पब्लिक ट्रस्ट पार्टनरशिप बने हैं। सरकार में जनता का विश्वास है, इसलिए लोग हेल्थ सेक्टर में इन्वेस्टमेण्ट करना चाहते हैं। प्रदेश में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों में सत्र समय से चलें, नियमित रूप से परीक्षाएं हों इत्यादि कार्यों के लिए कार्य कर रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में बन्द हो चुके ए0एन0एम0 व जी0एन0एम0 से जुड़े संस्थानों को पुनः प्रारम्भ किया गया है। प्रदेश में 31 नर्सिंग कॉलेजों का नये सिरे से निर्माण हो रहा है, क्योंकि जितना महत्व मेडिकल कॉलेज का है, उतना ही महत्व नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेजों का भी है। यदि डॉक्टर किसी चिकित्सा संस्थान का हेड है, तो नर्सिंग स्टाफ उस संस्थान की बैकबोन के रूप में कार्य करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में नर्सिंग में 07 हजार तथा पैरामेडिकल में 02 हजार सीटों की वृद्धि हुई है। पूर्व में एम0बी0बी0एस0 की सीटें पहले 5,390 थीं, अब यह बढ़कर 12,700 हुई हैं। पी0जी0 की सीटें 1,221 से बढ़कर 5,056 हुई हैं। प्रदेश के 18 मेडिकल कॉलेजों में बी0एस0सी0 नर्सिंग का कोर्स संचालित है। 22 निर्माणाधीन कॉलेजों में कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।
एस0जी0पी0जी0आई0 में डायबिटीज सेण्टर तथा 500 बेडेड पीडियाट्रिक सेण्टर की स्थापना की गयी है। इमरजेंसी मेडिसिन और रेनल ट्रांसप्लाण्ट सेण्टर शुरू किए गए हैं। एडवांस डायबिटीज सेण्टर में डायबिटीज और किडनी के मरीजों का एक ही छत के नीचे उपचार किया जा सकता है। आज एस0जी0पी0जी0आई0 प्रदेश के दूर-दराज के मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ उत्तराखण्ड, हरियाणा, ओडिशा तथा बेंगलुरु राज्यों में भी टेली कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि एस0जी0पी0जी0आई0 देश के अन्य संस्थानों की सहायता कर रहा है। यह मानवता के लिए सबसे बड़ी पूंजी है। डॉ0 राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में किडनी, लिवर, बोनमैरो ट्रांसप्लाण्ट तथा एडवांस न्यूरो साइंसेज सेण्टर आदि कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं और कुछ ने कार्य प्रारम्भ भी कर दिया है। यह संस्थान 06 मेडिकल कॉलेजों में टेली आई0सी0यू0 की व्यवस्था से जुड़ा है। वर्ष 2025 में के0जी0एम0यू0 ने एन0आई0आर0एम0 रैंकिंग में चिकित्सा विश्वविद्यालय की श्रेणी में पूरे देश में 8वां स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम लोग प्रदेश में अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में लेवल-2 ट्रॉमा सेण्टर के निर्माण कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ में सेण्टर फॉर एडवांस मॉलिक्युलर डायग्नॉस्टिक्स एण्ड रिसर्च फॉर कैंसर पब्लिक के लिए उपलब्ध है। यह संस्थान मुम्बई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल की तर्ज पर अपनी सेवाएं उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों के नागरिकों को उपलब्ध करा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में मॉडर्न मेडिसिन के साथ-साथ आयुष सेक्टर व ट्रेडिशनल मेडिसिन में नई सफलता प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में मातृ तथा शिशु मृत्यु दर में काफी कमी आयी है। राज्य इस मामले में राष्ट्रीय औसत के समकक्ष खड़ा दिखायी दे रहा है। यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के अन्तर्गत प्रदेश में लगभग सवा 09 करोड़ लाभार्थी जुड़े हुए हैं। अब तक 14 करोड़ 28 लाख आभा आई0डी0 कार्ड जारी किए जा चुके हैं। 976 सी0एच0सी0 में टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध है। यूनिफाइड डिजीज़ सर्विलांस प्लेटफॉर्म (यू0डी0एस0पी0) पर रीयल टाइम डिजीज टै्रकिंग हो रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सन् 1947 से वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कार्मिकों की संख्या मात्र 10,000 थी। वर्तमान में 44,000 महिला कार्मिक उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्य कर रही हैं। हमारी सरकार ने पुलिस भर्ती में बेटियों के लिए 20 प्रतिशत स्थान आरक्षित किया है। राज्य सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया एवं भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से विगत 09 वर्षों में 09 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नव चयनित नर्सिंग ऑफिसर्स में बेटियों की संख्या बेटों से अधिक है। बेटी के जीतने पर दो घरों में खुशियां आती हैं। मरीज के जीवन में जीने की ललक पैदा करना नर्सों का दायित्व है। अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अच्छे होंगे, तो देश अच्छा होगा।
चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ0 नीरज बोरा व ओ0पी0 श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित कुमार घोष व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

मथुरा: निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, आधा दर्जन घायल; दो की हालत गंभीर

मथुरा, 22 मार्च 26, मांट थाना क्षेत्र के गांव जावरा में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में राजमिस्त्री समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना पपरेला रोड स्थित सिंह के निर्माणाधीन मकान की बताई जा रही है। उस समय मजदूर और राजमिस्त्री छत डालने का काम कर रहे थे, तभी अचानक छत गिर गई। छत के साथ लोहे के गाटर और पत्थरों का मलबा भी नीचे आ गिरा, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में सोनवीर पुत्र राजपाल, गुड्डा पुत्र पन्नालाल, भूप सिंह पुत्र पप्पू, सोनू पुत्र जयशंकर (निवासी देह मांट), महेंद्र फौजी पुत्र तोताराम (निवासी जावरा) तथा मकान मालिक की 6 वर्षीय बेटी जिया शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वृंदावन स्थित ब्रज हेल्थ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आकाश चौधरी बने भाजपा के जिला महामंत्री, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

Akash Chaudhary BJP
मथुरा। संघर्ष और मजबूत संगठनात्मक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले युवा नेता आकाश चौधरी को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए मथुरा जिले का जिला महामंत्री नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आकाश चौधरी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2006 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से छात्र नेता के रूप में की थी। छात्र राजनीति में उन्होंने नगर मंत्री से लेकर प्रदेश सह मंत्री तक विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। मथुरा की छात्र राजनीति में वे एक प्रभावशाली और सक्रिय नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
अपने संगठनात्मक जीवन में उन्होंने शिक्षा के व्यवसायीकरण और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों पर मुखर होकर आवाज उठाई तथा विभिन्न हिंदू आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई। समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उन्होंने कई कथित घोटालों को उजागर करते हुए प्रशासन को चुनौती दी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष किया।
भाजपा संगठन में भी उन्होंने ब्रज क्षेत्र में विभिन्न मोर्चों पर अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उनकी नियुक्ति से जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अपनी नियुक्ति पर आकाश चौधरी ने प्रदेश, क्षेत्रीय व जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय सहित संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को युवाओं के बीच मजबूती से पहुंचाने का कार्य करेंगे और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विधायक राजेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, पूर्व प्रांत प्रमुख ABVP राकेश चतुर्वेदी सहित अनेक भाजपा नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लगातार बधाई संदेश भेजे जा रहे हैं।
« Newer PostsOlder Posts »