Web News

www.upwebnews.com

भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने की राजनीति करती है- रक्षा मंत्री

June 15, 2026

भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने की राजनीति करती है- रक्षा मंत्री

आगरा, 14 जून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करती, हम लोग देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं, हम जाति की नहीं बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करने वाले लोग हैं। कोई किसी भी जाति का होगा, चाहे कोई किसी धर्म का, आयुष्मान भारत कार्ड सभी को दिया है, उद्योग, फैक्ट्री लगती है तो उसमें सभी को रोजगार मिलता है। सरकार हर व्यक्ति का जीवन बेहतर कर रही है, गांव-गांव तक जल की व्यवस्था की है, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी को घर मिले हैं, भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति का काम नहीं करती है।
रक्षा मंत्री तहसील शमशाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप हिंदुस्तान में अद्वितीय संघर्ष के प्रतीक हैं, जो किसी भी कीमत पर अपने मान सम्मान और मूल्यों के साथ समझौता नहीं कर सकते थे। महाराणा प्रताप के पूरे जीवन से शिक्षा मिलती है कि आजादी की कोई कीमत नहीं हुआ करती, देश और लोगों के आत्मसम्मान से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। उसी सोच के साथ हमने पिछले 12 वर्षों में भारत के गौरव को बढ़ाने के लिए कार्य किया है। विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बड़ी है, पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता था, भारत को जितनी गंभीरता दी जानी चाहिए, उतनी गंभीरता नहीं दी जाती थी, आज हमारा भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ बोलता है उसे पूरा विश्व सुनता है। वर्ष 2014 के पहले आए दिन आतंकवाद की घटनाएं हुआ करती थी, कांग्रेस के नेता कहते थे कभी-कभी एक-दो इस प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं।

पाकिस्तान की आतंकवादी घटनाओं से प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधु नदी समझौता को सस्पेंड कर दिया है। हमारे देश का पानी पाकिस्तान नहीं जा सकता है, उन्होंने कहा कि अशांति, आतंकवाद फैलाने वालों को हमेशा के लिए शांत करना भी हम जानते हैं। बारह साल पहले कोई सोच नहीं सकता था कि देश को कभी नक्सलवाद से मुक्ति मिलेगी।

रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो नेता आम जनता का सम्मान नहीं करते उन्हें जनता का समर्थन खोते हुए भी आपने देखा होगा, लेकिन मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री को दुनिया के 32 देश का जो सर्वोच्च सम्मान मिला है, यह देश की 140 करोड़ जनता का यह सम्मान है। वर्ष 2014 के पहले दुनिया के दूसरे देश का कोई भी व्यक्ति पैसा लगाने इन्वेस्ट को तैयार नहीं था लेकिन आज भारत में दुनिया के सभी इन्वेस्टर इन्वेस्ट कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा की। रक्षा मंत्री के मुख्य मंच पर पहुंचने पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.मंजू भदौरिया तथा अन्य गणमान्य जन द्वारा स्मृति चिह्न, गदा आदि भेंट कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसदद्वय राजकुमार चाहर, नवीन जैन, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायकगण डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां मौजूद रहे।

एटा में शादी से पहले युवती का पेड़ पर लटका मिला शव, 19 जून को आनी थी बारात

एटा 15 जून उप्रससे। जनपद में निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव खंगारपुर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब विवाह से महज पांच दिन पहले एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला। सपना (20) की 19 जून को शादी होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।

रविवार शाम से लापता युवती का शव सोमवार को गांव से 1 किमी दूर पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा।

खंगारपुर गांव निवासी सपना (20) पुत्री रामदास रविवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर एक पेड़ पर युवती का शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही निधौली कलां थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता रामदास ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह रविवार को शादी के निमंत्रण बांटकर घर लौटे थे। घर पहुंचने पर सपना नहीं मिली। छोटी बेटी ने बताया कि वह खेत की ओर गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस दौरान परिजन गांव के एक युवक के घर पहुंचे, जहां से उन्हें दो घंटे के भीतर लड़की वापस आने की बात कही गई।
रामदास का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। शरीर पर पीठ, पैर और गले पर चोट के निशान मौजूद हैं। उनके अनुसार गांव का एक युवक लगातार सपना से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। युवती द्वारा मना किए जाने के बावजूद वह उसके पीछे खेत तक गया और उसकी हत्या कर दी।

परिजनों ने बताया सपना की सगाई करीब दो माह पहले दलशाहपुर में हुई थी और 19 जून को उसकी बारात आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जलेसर सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।”

फर्जी पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग, उपज ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर आईडी कार्ड जारी करने सहित चार प्रमुख मांगें उठाईं

ब्यूरो चीफ : बिजनौर

बिजनौर। जनपद में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने तथा स्वयंभू पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिना वैध पहचान अथवा मान्यता के स्वयं को पत्रकार बताने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई।
उपज के जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में जनपद में कई ऐसे व्यक्ति सक्रिय हैं, जो बिना किसी वैध पहचान अथवा मान्यता के अपने वाहनों पर “प्रेस” एवं “मीडिया” लिखकर पत्रकार होने का दावा करते हैं। इससे आम जनता एवं विभिन्न सरकारी विभागों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित होने के साथ-साथ वास्तविक पत्रकारों की छवि एवं विश्वसनीयता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सूचना विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य प्रमुख सरकारी विभागों को उपलब्ध कराया जाए। सूची में पत्रकार का नाम, मोबाइल नंबर, समाचार संस्थान तथा वाहन संख्या अंकित की जाए, जिससे वास्तविक एवं फर्जी पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा सूचना विभाग द्वारा पत्रकारों को अधिकृत पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाने तथा भारत सरकार के रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया (आरएनआई) से पंजीकृत समाचार पत्रों एवं ई-पेपर/पीडीएफ समाचार पत्रों को सूचना विभाग में संधारित एवं सूचीबद्ध किए जाने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिन वाहनों पर “प्रेस” अथवा “मीडिया” अंकित है, उनकी समय-समय पर जांच कराई जाए तथा जिन व्यक्तियों के पास वैध पत्रकारिता संबंधी प्रमाण अथवा पहचान पत्र उपलब्ध न हो, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इससे प्रेस पहचान के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
उपज पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से उक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक, राजेन्द्र सिंह, नरेंद्र सिंह, बाबू राम आर्य, मुकुल पाल, रिजवान सिद्दीकी, लव अग्रवाल, जावेद अहमद, सुमित गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अवैध संबंधों के शक में युवक की बेरहमी से हत्या

Posted on 15/06/2026
Time 12:45 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

ईंट-भट्ठे के पास चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट

​गोरखपुर । 15 जून 2026 ( उप्र समाचार पत्र) जिले के गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंनगावा गाँव में सोमवार को हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक को उसके ही चचेरे भाई ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

​मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुख्य आरोपी (मृतक का चचेरा भाई) ने विजय को किसी बहाने से घर से बुलाया और गाँव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास ले गया। जहाँ पहले से घात लगाए बैठे तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसने विजय पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। ​परिजन आनन-फानन में घायल विजय को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​प्रारंभिक जाँच और चर्चाओं के अनुसार, इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह आपसी रंजिश और अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मृतक विजय का आरोपी की मौसी के साथ अवैध संबंध था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी और उसके तीनों साथियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

आगरा-एटा ट्रेन में अभद्र भाषा के प्रयोग पर दो पक्षों में मारपीट, तीन लोग हिरासत में

एटा 15 जून उप्रससे। आगरा से एटा आ रही पेसेंजर ट्रेन में अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। एटा पहुंचने पर एक पक्ष ने जीआरपी से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। जीआरपी ने लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि आज सोमवार को सुबह लगभग साढ़े सात बजे अमर नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ आगरा से एटा लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन में सवार तीन युवकों ने आपस में अभद्र भाषा का प्रयोग किया। अमर द्वारा इसका विरोध करने पर युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। ट्रेन में सवार एक अन्य महिला यात्री ने बताया कि तीन युवक नशे की हालत में थे और जहां वे बैठे थे, वहां एक लड़की को देखकर अश्लील इशारे कर रहे थे। लड़की के भाई ने जब इसका विरोध किया, तो युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। ट्रेन में मौजूद अन्य लोगों ने भी बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।

जीआरपी एटा के अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपी भीष्म पाल, मुकेश और एक अन्य निवासी काजीपुर बदनपुर है। पुलिस को मारपीट के संबंध में लिखित शिकायत मिली है।

« Newer PostsOlder Posts »