Web News

www.upwebnews.com

ओबीसी को एक मंच पर लाने में जुटी भाजपा

June 16, 2026

ओबीसी को एक मंच पर लाने में जुटी भाजपा

Posted on 16.06.2026 Time 08.45 PM

लखनऊ 16 जून 2026, सभी ओबीसी जातियों को एक मंच पर लाने और पीएम मोदी के 12 साल की उपलब्धियां जनता तक पहुंचने के लिए आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर मंथन हुआ। प्रदेश स्तरीय बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण मौजूद रहे।

भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठन विस्तार और ओबीसी समाज के बीच विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से संपर्क व संवाद के लिए तैयार कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद डॉ. के लक्ष्मण के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए डा. के लक्ष्मण ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए धरातल पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
डा. के लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक व्यापक और विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा जन-जन तक संपर्क व संवाद के माध्यम से पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचायें।
आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए श्री नरेंद्र कश्यप ने संगठन के ढांचे को और धार देने की बात कही। इसके तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इसके अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ओबीसी समाज के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। समाज के सभी पिछड़े और वंचित वर्गों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बैठक के दौरान ओबीसी समाज की सभी जातियों को एक साझा मंच पर लाकर संगठन को अभेद्य मजबूती देने की रणनीति पर भी गंभीर चर्चा हुई। पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा गया कि वे समाज के बीच जाकर भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों और सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों को प्राथमिक सदस्यता दिलाकर संगठन से जोड़ें।
ओबीसी समाज भारतीय जनता पार्टी की असली शक्ति है और आगामी चुनावों में इस समाज की भूमिका अत्यंत निर्णायक रहने वाली है। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करें।

राष्ट्रीय गौरव: पीएम मोदी को 12 वर्ष में विश्व के 39 सर्वोच्च सम्मान

Posted on 16.06.2026 Time 06.30 PM Tuesday, Narendra Modiनई दिल्ली 16 जून 2026, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कई देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। ये सभी सम्मान पीएम मोदी के नेतृत्व और दूरदृष्टि का प्रतिबिंब हैं जिसने वैश्विक मंच पर भारत के उदय को मजबूत किया है। यह दुनिया भर के देशों के साथ भारत के बढ़ते संबंधों को भी दर्शाता है।आइए, एक नजर डालते हैं पिछले 7 वर्षों में पीएम मोदी को दिए गए पुरस्कारों पर।

विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए जाने वाले पुरस्कार:

1.अप्रैल 2016 में सऊदी अरब की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सऊदी अरब के सर्वोच्च नागरिक सम्मान- ‘किंग अब्दुलअजीज सैश‘ से सम्मानित किया गया था। किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से पीएम मोदी को सम्मानित किया।

2. उसी वर्ष, प्रधानमंत्री मोदी को अफगानिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘अमीर अमानुल्लाह खान पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

3. वर्ष 2018 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिलिस्तीन की ऐतिहासिक यात्रा की, तो उन्हें ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाने वाला फिलिस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है।

4. प्रधानमंत्री मोदी को 2019 में ‘ऑर्डर ऑफ जायद‘ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह संयुक्त अरब अमीरात का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

5. रूस ने 2019 में प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान जुलाई 2024 में अपनी मॉस्को यात्रा के दौरान प्राप्त किया।

6. 2019 में मालदीव ने विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाने वाला अपना सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन‘ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्मानित किया।

7. पीएम मोदी को 2019 में ‘द किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां‘ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बहरीन द्वारा प्रदान किया गया था।

8. 2020 में पीएम मोदी को यूनाइटेड स्टेट आर्म्ड फोर्सेस अवार्ड ‘लीजन ऑफ मेरिट‘ से सम्मानित किया गया, जो उत्कृष्ट सेवाओं और उपलब्धियों के प्रदर्शन में असाधारण मेधावी आचरण के लिए अमेरिकी सरकार द्वारा दिया जाता है।

9. भूटान ने दिसंबर 2021 में प्रधानमंत्री मोदी को, सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से सम्मानित किया। पीएम मोदी ने मार्च 2024 में, भूटान यात्रा के दौरान यह पुरस्कार ग्रहण किया।

10. 2023 में पापुआ न्यू गिनी की यात्रा के दौरान पीएम मोदी को पलाऊ गणराज्य के राष्ट्रपति सुरंगेल एस व्हिप्स जूनियर द्वारा एबाक्ल अवॉर्ड (Ebakl Award) से सम्मानित किया गया।

11. पीएम नरेन्द्र मोदी को उनके वैश्विक नेतृत्व के लिए फिजी के सर्वोच्च सम्मान, कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी से भी सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका द्वारा प्रदान किया गया।

12. पापुआ न्यू गिनी के गवर्नर-जनरल सर बॉब डाडे ने पीएम मोदी को ग्रैंड कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू से सम्मानित किया। यह पापुआ न्यू गिनी का सर्वोच्च सम्मान है।

13. मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने जून 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिस्र के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ नाइल’ से सम्मानित किया।

14. 13 जुलाई 2023 को पीएम मोदी को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।

15. 25 अगस्त 2023 को ग्रीस की राष्ट्रपति कतेरीना सकेलारोपोलू ने पीएम मोदी को ‘द ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया।

16. डोमिनिका ने पीएम मोदी को ‘डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया। यह सम्मान पीएम मोदी को नवंबर 2024 में उनकी गुयाना यात्रा के दौरान डोमिनिका की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन द्वारा प्रदान किया गया।

17. नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नवंबर 2024 में उनकी यात्रा के दौरान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू द्वारा प्रदान किया गया।

18. गुयाना ने पीएम मोदी को नवंबर 2024 में उनकी यात्रा के दौरान ‘ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली ने प्रदान किया।

19. बारबाडोस की पीएम मिया अमोर मोटली ने नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री की गुयाना यात्रा के दौरान पीएम मोदी को ‘ऑनररी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस अवॉर्ड’ से सम्मानित करने के अपने सरकार के निर्णय की घोषणा की।

20. दिसंबर 2024 में, पीएम मोदी को कुवैत के महामहिम अमीर, शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल सबा द्वारा ‘मुबारक अल-कबीर ऑर्डर’ से सम्मानित किया गया।

21. मार्च 2025 में पीएम मोदी की मॉरीशस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति धरमबीर गोकुल ने पीएम मोदी को मॉरीशस के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन‘ से सम्मानित किया।

22अप्रैल 2025 में पीएम मोदी की श्रीलंका यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पीएम मोदी को श्रीलंका के सर्वोच्च सम्मान ‘श्रीलंका मित्र विभूषण‘ अवार्ड से सम्मानित किया।

23) पीएम मोदी को जून 2025 में उनकी साइप्रस यात्रा के दौरान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III‘ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस द्वारा प्रदान किया गया।

24) पीएम मोदी को जुलाई 2025 के दौरे पर ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।

25) पीएम मोदी को जुलाई 2025 में अपनी यात्रा के दौरान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।

26) पीएम मोदी को जुलाई 2025 में ब्राजील दौरे पर, ‘द ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति लूला ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।

27) पीएम मोदी को जुलाई 2025 में उनकी नामीबिया यात्रा के दौरान ‘The Order of the Most Ancient Welwitschia Mirabilis’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पीएम मोदी को प्रेसिडेंट Dr. Netumbo Nandi-Ndaitwah ने प्रदान किया।

28) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया। यह इथियोपिया का सबसे बड़ा सम्मान है। दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान यह सम्मान उन्हें इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा प्रदान किया गया।

29) दिसंबर 2025 में मस्कट की अपनी यात्रा के दौरान, पीएम नरेन्द्र मोदी को ओमान के सुल्तान ने ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ का प्रथम श्रेणी सम्मान प्रदान किया।

30) फरवरी 2026 में इजराइल यात्रा के दौरान, पीएम मोदी को ‘मेडल ऑफ द नेसेट‘ से सम्मानित किया गया।

31)पीएम मोदी मई 2026 को यूरोप दौरे के दूसरे चरण में स्वीडन के शहर गोथेनबर्ग पहुंचे, जहां पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार, कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी को प्राप्त यह 31वां वैश्विक सम्मान है।

32)ओस्लो यात्रा के दौरान, पीएम नरेन्द्र मोदी को नॉर्वे के प्रतिष्ठित सम्मान, ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। यह रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का सर्वोच्च स्तर का सम्मान है। यह पीएम मोदी को प्राप्त 32वां वैश्विक सम्मान है।

33)जून 2026 में स्लोवाकिया की अपनी यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने पीएम मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया।

सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के अलावा, पीएम मोदी को दुनिया भर के प्रतिष्ठित संगठनों द्वारा कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है।

1. सियोल शांति पुरस्कार : यह सियोल पीस प्राइज कल्चरल फाउंडेशन द्वारा उन व्यक्तियों को द्विवार्षिक रूप से सम्मानित किया जाता है जिन्होंने मानव जाति के सदभाव, राष्ट्रों के बीच सुलह और विश्व शांति में योगदान के माध्यम से अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी को 2018 में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

2. संयुक्त राष्ट्र चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवार्ड : यह संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान है। 2018 में संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक मंच पर साहसिक पर्यावरण नेतृत्व के लिए पीएम मोदी सम्मानित किया।

3. 2019 में प्रथम फिलिप कोटलर प्रेसिडेंशियल अवार्ड से प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष किसी राष्ट्र के नेता को दिया जाता है। पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि पीएम मोदी को उनके “राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट नेतृत्व” के लिए चुना गया।

4. पीएम मोदी को स्वच्छ भारत अभियान के लिए 2019 में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा ‘ग्लोबल गोलकीपर‘ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने यह पुरस्कार उन भारतीयों को समर्पित किया जिन्होंने स्वच्छ भारत अभियान को ‘जन-आंदोलन’ में बदल दिया और अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

5. 2021 में कैम्ब्रिज एनर्जी रिसर्च एसोसिएट्स CERA द्वारा ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड पीएम मोदी को दिया गया था। यह पुरस्कार वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण के भविष्य के प्रति नेतृत्व की प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।

6. मई 2026 में इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोम स्थित FAO मुख्यालय में आयोजित समारोह में FAO एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने यह सम्मान मेहनती किसानों, पशुपालन और फिशरीज सेक्टर्स से जुड़े लोगों तथा कृषि वैज्ञानिकों को समर्पित किया।

बहन के कत्ल पर भाई निक्कू चौधरी को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

पारिवारिक संपत्ति विवाद में दिनदहाड़े की थी हत्या

आगरा। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले शहर को झकझोर देने वाले बहुचर्चित पूनम चौधरी हत्याकांड में अदालत ने बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृदुल दुबे की अदालत ने आरोपी ललित चौधरी उर्फ निक्कू चौधरी को अपनी सगी बहन की हत्या के अपराध में मृत्युदंड (फांसी की सजा) सुनाई है।

यह मामला 26 नवंबर 2022 का है, जब शाहगंज थाना क्षेत्र के जोगीपाड़ा बाजार में संपत्ति विवाद को लेकर दिनदहाड़े गोलियां चली थीं। आरोप है कि ललित चौधरी उर्फ निक्कू चौधरी ने अपनी सगी बहन पूनम चौधरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल पूनम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की भाभी नीलू चौधरी भी गोली लगने से घायल हो गई थीं। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

पुलिस ने घटना के बाद आरोपी की तलाश में कई टीमों का गठन किया था। लगातार दबिश और खोजबीन के बाद 28 नवंबर 2022 को पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने घटना से जुड़े साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई।

फैसले के बाद अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इस निर्णय को जिले के चर्चित आपराधिक मामलों में एक महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है। वहीं मृतका के परिजनों ने अदालत के फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे न्याय की जीत बताया।

June 15, 2026

कोर्ट में तारीख पर आई महिला पर फरसे से जानलेवा हमला

 महिला, पिता और भाई गंभीर रूप से घायल
मैनपुरी। सोमवार को दीवानी में मुकदमे की तारीख करने आई महिला और उसके परिजनों पर ससुराल वालों ने दीवानी के गेट के बाहर फरसा और हॉकी से हमला कर दिया। इस घटना में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आरोपी बलेनो कार में सवार होकर आए थे भागते समय जब पुलिस कर्मियों ने उनको रोकने का प्रयास किया तो आरोपी, पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश करते हुए भाग गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चारों घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना दीवानी के मुख्य द्वार के बाहर सड़क की है। थाना कोतवाली क्षेत्र के नगला दीप खरपरी निवासी प्रवेंद्र उर्फ राधे पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि उसने अपनी 25 वर्षीय बहन शेफाली उर्फ प्रतिमा की शादी मार्च 2024 में कुर्रा थाना क्षेत्र के हाजीपुर तिराहा निवासी अमित कुमार के साथ की थी अमित कुमार जोकि सिविल इंजीनियर है। उसने बताया उसने अपनी बहन की शादी पूरे दान दहेज के साथ की थी जिसमें एक बलेनो कार भी दी थी। शादी के दो-तीन महीने तक सब कुछ ठीक चला, शादी के बाद उसकी बहन शेफाली को जानकारी हुई कि उसके पति अमित का कानपुर की रहने वाली एक सरकारी महिला टीचर के साथ प्रेम संबंध है। इस बात को लेकर शेफाली और अमित के बीच झगड़ा होने लगा। आप है कि एक बार अमित ने शेफाली का तीन माह का गर्भपात भी कराया था। और एक बार उसकी जान से मारने की कोशिश देखी थी। 6 महीने बीतने के बाद मायके वाले शेफाली को वापस मायके में ले आई। करीब 1 साल पहले शैफाली ने कोर्ट में तलाक के लिए याचिका दायर की थी। जिसकी आज सोमवार को है अपने पिता राजेंद्र सिंह मां विमला देवी भाई प्रवेंद्र और उर्फ राधे के साथ दीवानी में मुकदमे की तारीख करने के लिए आई थी तारीख करके चारों घर वापस लौट रहे थे जैसे ही वह दीवानी के मुख्य द्वार पर पहुंचे है वैसे ही बलेनो कर में सवार कुछ लोग जो की हाथों में फरसा, हॉकी डंडे आदि लेकर आए और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जिन लोगों की पहचान शैफाली ने अपने पति अमित, ससुर, देवर और उनके साथ अन्य साथियों के रूप में की। शैफाली ने बताया कि अमित अपने हाथ में फरसा पकड़े हुए था जिसे जान से मारने की नीयत से पहले उसके पिता राजेंद्र सिंह पर हमला किया फिर उसके भाई के सिर में फ़रसे से हमला कर दिया बचाने पहुंची उसकी मां और उस पर हमला कर दिया। घटना में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ को इकट्ठा होता देख आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे। दीवानी गेट के बाहर खड़े पुलिसकर्मियों ने जब कार सवारों को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार कार चढ़ाने की कोशिश करते हुए भाग गए। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी और भीड़ कार के आगे सड़क किनारे हो गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी ससुर को मौके से हिरासत में भी लिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 20 मिनट तक दीवानी के बाहर यह विवाद होता रहा। इस घटना में घायल राजेंद्र सिंह की हालत गंभीर है। कोतवाली पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अपना पल्ला झाड़ लिया है जबकि लड़की एवं लड़की के पिता एवं भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लड़की के पिता को जिला अस्पताल से गंभीर अवस्था में सैफई रेफर कर दिया गया है।

विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ ‘विकास उत्सव’

तीन वर्षों के कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता

हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में हुए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित “विकास उत्सव” कार्यक्रम भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया।
विकास उत्सव का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात उत्सव की शुरूआत करते हुये अतिथियों द्वारा दीपप्रज्जवित किया गया इसके उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी ,पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक राजवीर पहलवान उपस्थित रहे।
Shweta Chaudhary Chairperson Nagar Palika Hsthrss
अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में नगर क्षेत्र में कराए गए सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं तथा अन्य जनहितकारी कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद हाथरस के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की जो नई तस्वीर उभरी है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही और पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्मारिका के माध्यम से नगरवासियों को यह बताया गया है कि जनप्रतिनिधियों ने जनता के विश्वास पर कितना खरा उतरने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण होती है और नगर पालिका परिषद हाथरस ने विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत कर एक सकारात्मक परंपरा स्थापित की है। नगर की अनेक गलियां अब पक्की सड़कों में तब्दील हो चुकी हैं तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
सांसद अनूप प्रधान और एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने नगर के विकास में नगर पालिका बोर्ड के सभी सभासदों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम और जनता के सहयोग का परिणाम होते हैं। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में भी सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सेवा सदन का सभागार पूरी तरह खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभागार में स्थान कम पड़ने के कारण अनेक कार्यकर्ता बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।
विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद हाथरस ने न केवल अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, बल्कि नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को भी मजबूती से जनता के सामने रखा।
« Newer PostsOlder Posts »