Web News

www.upwebnews.com

एटा में एसएसपी डॉ. इलामारन के नेतृत्व में पुलिस का संकल्प- अब हर निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी

April 13, 2026

एटा में एसएसपी डॉ. इलामारन के नेतृत्व में पुलिस का संकल्प- अब हर निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी

एटा 13 अप्रैल उप्रससे। जनपद एटा में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को नई धार देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का लाइव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा गया। इस दौरान पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम को गंभीरता और उत्साह के साथ देखा और महिला सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में आयोजित किया गया। जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ जनपद के विभिन्न थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह ने उपस्थित पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जागरूकता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए हर गांव और मोहल्ले तक महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक महिलाओं को उनके अधिकारों की पूरी जानकारी नहीं होगी, तब तक सशक्तिकरण अधूरा रहेगा। इसलिए हर स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का प्रण लिया।

पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम केवल प्रसारण देखने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर एक मजबूत संदेश बनकर उभरा।

एक्स मुस्लिम यात्रा को लेकर गंगा अध्यक्ष के बयान पर स्वामी रामविशाल दास ने किया पलटवार

श्री गंगा सभा से की नितिन गौतम व उज्जवल पंडित को सभा से बाहर करने की मांग
हरिद्वार, 13 अप्रैल। एक्स मुस्लिम यात्रा को लेकर उठे सवाल एवं आरोप प्रत्यारोपों के बीच स्वामी रामविशाल दास महाराज ने श्री गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम एवं तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित के बयान पर पलटवार किया है। प्रैस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान स्वामी रामविशाल दास महाराज ने कहा कि वे एक्स मुस्लिम यात्रा के ना तो संयोजक हैं, ना ही आयोजक हैं। वे केवल मुस्लिम से हिंदू बने लोगों का सम्मान करने पहुंचे थे। लेकिन श्री गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने उन्हें कालनेमि कहकर संतों का अपमान किया है। रामविशाल दास ने कहा कि संत बनने के बाद वे संत परंपरांओं का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। संतों के प्रचार प्रसार के चलते ही पूरे देश से लोग हरकी पैड़ी आते हैं। एक संत को कालनेमि बताने वाले व्यक्ति को श्री गंगा सभा का अध्यक्ष रहने का कोई अधिकार नहीं है। श्री गंगा सभा को नितिन गौतम व उज्जवल पंडित को तुरंत बाहर करना चाहिए। स्वामी रामविशाल दास ने गंगा सभा अध्यक्ष को डिबेट की चुनौती भी दी और कहा कि यदि किसी के टोपी पहनने पर आपत्ति थी तो मौके पर इसे रोका जा सकता था। लेकिन कार्यक्रम के दौरान किसी ने कोई आपत्ति नहीं जतायी। बाद में विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतों के अपमान के इस मुद्दे को लेकर बुधवार को संत समाज की बैठक आयोजित की गयी है। बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक के दौरान विनोद महाराज ने कहा कि एक्स मुस्लिम शब्द इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। सनातन हिंदू संस्कृति में विश्वास जताकर हिंदू धर्म अपना चुके लोगों को अब हिंदू ही कहा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संतों को कालनेमि कहने का किसी कोई अधिकार नहीं है। स्वामी देवानंद ने कहा कि किसी भी तरह के आरोप लगाने से पहले सत्यता जाननी चाहिए। जिससे विवाद उत्पन्न ना हो।

रेती में पार्किंग को लेकर भड़का विवाद, दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/04/2026

कोतवाली क्षेत्र में हिंसक झड़प से मची अफरा-तफरी, कई घायल—पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रेती इलाके में रविवार को वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस अचानक हुई हिंसा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेती क्षेत्र में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन मामला जल्द ही मारपीट और फिर ईंट-पत्थरबाजी तक पहुंच गया। दोनों ओर से एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया गया, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।
इस घटना में संदीप टेबरीवाल पक्ष के करीब पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोटें आई हैं। पथराव के दौरान आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
संदीप टेबरीवाल पक्ष की ओर से कोतवाली थाने में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस दूसरे पक्ष से भी तहरीर लेकर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेती क्षेत्र में अक्सर पार्किंग को लेकर विवाद होते रहते हैं, जिस पर प्रशासन को स्थायी समाधान निकालने की आवश्यकता है।

डीआईजी एस. चन्नप्पा का खोराबार व खजनी थानों का वार्षिक निरीक्षण

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/04/2026

रजिस्टरों की जांच, मालखाना व परिसर की व्यवस्था पर दिया जोर, चौकीदारों को किया सम्मानित

गोरखपुर। पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने सोमवार को थाना खोराबार व थाना खजनी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थानों में रखे जनसुनवाई रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, अपराध रजिस्टर संख्या-04 सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही थाना मालखाना का निरीक्षण करते हुए वहां रखे शस्त्र, कारतूस, माल मुकदमाती वाहन एवं अन्य सामान की स्थिति का जायजा लिया।
डीआईजी ने पूरे थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में जब्त वाहनों का बेहतर रख-रखाव किया जाए और सभी अभिलेख अद्यावधिक एवं व्यवस्थित तरीके से संधारित किए जाएं।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम से भी संवाद कर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया गया तथा बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। ड्यूटी के निर्वहन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाने पर उपस्थित चौकीदारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर निरीक्षक व उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर विवेचनाओं की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी, क्षेत्राधिकारी कैण्ट अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खजनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुठभेड़ में इनामी अभियुक्त पकड़ा, गोली लगने से हुआ घायल

फिरोजाबाद। थाना लाइनपार पुलिस टीम ने सोमवार को 25 हजार के इनामी आरोपित को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर पुलिस बैरियर को ट्रेक्टर से तोडकर पुलिस कर्मियों को ट्रेक्टर से कुचलने की कोशिश करने का आरोप है।
थाना लाइनपार क्षेत्रान्तर्गत 03 अप्रैल की रात्रि को एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को तेजी व लापरवाही से चलाकर लाया और थाना लाइनपार पुलिस टीम द्वारा लगाये गये बैरियर को टक्कर मारकर उसने बैरियर तोडकर पुलिस कर्मियों को जान से मारने की नियत से ट्रेक्टर ट्रोली द्वारा कुचलने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस जांच में सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये जिसमें ट्रैक्टर चालक की पहचान मोहनलाल पुत्र देवेन्द्र निवासी बारेलाल की ठार गुदाऊ थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद के रुप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपित घटना के बाद से ही फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा नामजद अभियुक्त मोहनलाल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी लाइनपार रमित आर्य पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर वांछित इनामियाँ अपराधी मोहन लाल को गुदाऊशाला थाना क्षेत्र लाइनपार से पुलिस मुठभेड के दौरान गिरफ्तार किया है।अभियुक्त से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा करातूस 315 बोर, 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर , घटना में प्रयुक्त एक ट्रेक्टर ट्रोली बरामद हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »